UP Rooftop Solar: उत्तर प्रदेश ने स्वच्छ और हरित ऊर्जा के क्षेत्र में एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम की है। प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत रूफटॉप सोलर ऊर्जा के विस्तार में प्रदेश ने देशभर में शानदार प्रदर्शन किया है। राज्य के 17 जिले राष्ट्रीय स्तर पर शीर्ष 100 जिलों की सूची में शामिल हुए हैं। सबसे बड़ी उपलब्धि राजधानी लखनऊ की रही, जिसने लगातार देश का नंबर-1 जिला बनने का गौरव बरकरार रखा है। यह सफलता राज्य में सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने, ऊर्जा आत्मनिर्भरता और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में किए जा रहे प्रयासों का परिणाम मानी जा रही है।
लखनऊ बना देश का नंबर-1 सोलर जिला
यूपी नेडा के निदेशक रविंद्र सिंह के अनुसार, लखनऊ में अब तक 1,24,167 रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं, जो पूरे देश में सबसे अधिक हैं। यही वजह है कि राजधानी लगातार राष्ट्रीय रैंकिंग में पहले स्थान पर बनी हुई है। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी ने 48,829 संयंत्रों के साथ देश में 10वां स्थान हासिल किया है। औद्योगिक शहर कानपुर नगर 43,289 संयंत्रों के साथ 14वें स्थान पर है। इस तरह देश के शीर्ष 15 जिलों में उत्तर प्रदेश के तीन जिलों ने जगह बनाई है।
UP Rooftop Solar: टॉप-100 में यूपी के 17 जिलों की मजबूत मौजूदगी
राष्ट्रीय रैंकिंग में लखनऊ, वाराणसी और कानपुर नगर के अलावा बरेली, आगरा, प्रयागराज, झांसी, रायबरेली, गोरखपुर, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, मेरठ, बाराबंकी, अलीगढ़, शाहजहांपुर, सीतापुर और उन्नाव भी शीर्ष 100 जिलों में शामिल हैं। यह उपलब्धि दर्शाती है कि सौर ऊर्जा को अपनाने के मामले में उत्तर प्रदेश तेजी से आगे बढ़ रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि इससे न केवल ऊर्जा उत्पादन बढ़ेगा, बल्कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में स्वच्छ ऊर्जा का दायरा भी लगातार विस्तृत होगा।
योजना की सफलता के पीछे ये हैं प्रमुख कारण
अधिकारियों के मुताबिक प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के प्रभावी क्रियान्वयन, ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया को सरल बनाने, समयबद्ध स्वीकृति, डिस्कॉम और संबंधित एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय तथा सब्सिडी वितरण की पारदर्शी व्यवस्था ने इस अभियान को गति दी है। इसके चलते बड़ी संख्या में लोगों ने अपने घरों की छतों पर सोलर संयंत्र स्थापित कराए हैं। इससे उपभोक्ताओं के बिजली बिल में उल्लेखनीय कमी आई है और अतिरिक्त बिजली ग्रिड को बेचकर आर्थिक लाभ भी मिल रहा है।
UP Rooftop Solar: हरित ऊर्जा का राष्ट्रीय केंद्र बनने की ओर यूपी
प्रदेश सरकार का मानना है कि जिस रफ्तार से उत्तर प्रदेश में रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित हो रहे हैं, उससे आने वाले वर्षों में राज्य देश का सबसे बड़ा हरित ऊर्जा केंद्र बन सकता है। इससे कार्बन उत्सर्जन में कमी आएगी, पर्यावरण संरक्षण को मजबूती मिलेगी और स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा मिलेगा। ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में उत्तर प्रदेश का यह प्रदर्शन अन्य राज्यों के लिए भी एक प्रेरणादायक मॉडल बनकर उभर रहा है।
ये भी पढ़ें…संसद प्रदर्शन पर टीकमगढ़ में संत समाज का विरोध, पप्पू यादव की सदस्यता खत्म करने की मांग








