UP Weather News: उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान तेज आंधी और बारिश ने मौसम का मिजाज बदल दिया है। कई जिलों में हुई झमाझम बारिश के बाद तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और लू से राहत मिली है। सबसे ज्यादा असर बुंदेलखंड क्षेत्र में देखने को मिला, जहां तापमान में करीब 8 से 9 डिग्री सेल्सियस तक की कमी दर्ज की गई। कई दिनों से तेज लू की मार झेल रहे इलाकों में अब मौसम काफी सुहावना हो गया है।
40 जिलों में बारिश और तूफान का अलर्ट
मौसम विभाग ने बुधवार और गुरुवार के लिए बड़ा अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार प्रदेश के करीब 40 जिलों में तेज आंधी, भारी बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। अलर्ट वाले जिलों में लखनऊ, उन्नाव, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, हरदोई, अमेठी, गाजीपुर, गोरखपुर, रायबरेली, प्रतापगढ़ और फतेहपुर शामिल हैं। प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
UP Weather News: पश्चिमी यूपी में येलो अलर्ट
पश्चिमी उत्तर प्रदेश के आगरा, मथुरा, नोएडा और गाजियाबाद समेत कई शहरों में भी आंधी-बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने इन इलाकों में धूल भरी आंधी और बिजली गिरने की आशंका जताई है।
UP Weather News: ओलावृष्टि से फसलों पर खतरा
अगले दो दिनों के दौरान कई जगहों पर ओलावृष्टि की भी संभावना है। इससे किसानों की फसलों को नुकसान पहुंच सकता है।
लोगों को सावधानी बरतने की सलाह
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की अपील की है। तेज हवाओं के कारण कच्चे मकानों और टीन शेड को नुकसान पहुंचने की आशंका भी जताई गई है।
यह भी पढे़ : दिल्ली में 22 से 24 मई तक ट्रकों की हड़ताल: जरूरी सामान की सप्लाई प्रभावित होने के आसार








