Breaking News
Home » देश-विदेश » अमेरिका-ईरान में फिलहाल सैन्य कार्रवाई पर विराम, तकनीकी वार्ता की तैयारी; होर्मुज स्ट्रेट पर भी बनी सहमति

अमेरिका-ईरान में फिलहाल सैन्य कार्रवाई पर विराम, तकनीकी वार्ता की तैयारी; होर्मुज स्ट्रेट पर भी बनी सहमति

US-Iran Conflict:

US-Iran Conflict: अमेरिका और ईरान ने फिलहाल एक-दूसरे पर सैन्य कार्रवाई रोकने पर सहमति जताई है। पिछले तीन दिनों से जारी तनाव के बाद दोनों देशों ने बातचीत के जरिए समाधान तलाशने का फैसला किया है। अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, 17 जून को हुए समझौता ज्ञापन (MoU) के विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा जारी रहेगी। इसी क्रम में दोनों देशों के प्रतिनिधियों के बीच तकनीकी स्तर की वार्ता की तैयारी की जा रही है।

होर्मुज स्ट्रेट पर बनी सहमति

समझौते के तहत होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाले व्यावसायिक जहाजों की आवाजाही बाधित नहीं की जाएगी। हाल के दिनों में इसी रणनीतिक समुद्री मार्ग को लेकर दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ गया था। ईरान और ओमान ने मस्कट में जॉइंट होर्मुज कमेटी की पहली बैठक कर जलमार्ग के संचालन, सुरक्षा और भविष्य के प्रबंधन पर चर्चा की।

US-Iran Conflict: हमलों के बाद बातचीत का रास्ता

तनाव के दौरान अमेरिका ने ईरान के मिसाइल और रडार ठिकानों पर हवाई हमले किए थे। जवाब में ईरान ने कुवैत और बहरीन स्थित अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया। इसके बाद दोनों देशों ने फिलहाल सैन्य कार्रवाई रोककर कूटनीतिक वार्ता जारी रखने पर सहमति जताई।

पिछले 24 घंटे के प्रमुख घटनाक्रम

  • अमेरिका ने लगातार दूसरे दिन ईरान के किश्म द्वीप, सिरिक और बंदर-ए-लेंगेह क्षेत्रों में हवाई हमले किए।
  • ईरान ने बहरीन और कुवैत में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर जवाबी कार्रवाई की।
  • ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने दावा किया कि अगले 30 दिनों तक होर्मुज स्ट्रेट पूरी तरह ईरान के नियंत्रण में रहेगा।
  • अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने चेतावनी दी कि यदि ईरान ने अपना रवैया नहीं बदला तो अमेरिका सैन्य अभियान और तेज कर सकता है।
  • इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने कहा कि क्षेत्र में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है।

US-Iran Conflict: तकनीकी वार्ता पर संशय

ईरान के उप विदेश मंत्री काजेम गरीबाबादी ने कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच प्रस्तावित तकनीकी स्तर की बैठक इस सप्ताह नहीं होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि बैठक तभी आयोजित की जाएगी, जब सभी आवश्यक शर्तें पूरी हो जाएंगी। साथ ही उन्होंने दोहा में बैठक होने संबंधी मीडिया रिपोर्टों को गलत बताया।

खामेनेई के अंतिम संस्कार में शामिल होगा भारतीय प्रतिनिधिमंडल

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ईरान के पूर्व सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई के राजकीय अंतिम संस्कार में भारत का एक प्रतिनिधिमंडल शामिल होगा। इसमें बिहार के राज्यपाल जनरल सैयद हसनैन और विदेश राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा के शामिल होने की संभावना जताई गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी निमंत्रण दिया गया है, हालांकि उनके शामिल होने की संभावना कम बताई जा रही है।

6 अरब डॉलर जल्द जारी होने का दावा

ईरान के राष्ट्रपति मसूद पजशकियान ने कहा कि कतर में फंसी ईरान की 12 अरब डॉलर की राशि में से 6 अरब डॉलर जल्द जारी किए जाएंगे। उन्होंने इसे अमेरिका के साथ हालिया समझौते का महत्वपूर्ण परिणाम बताया। साथ ही कहा कि तेल और पेट्रोकेमिकल क्षेत्र पर लगे प्रतिबंधों में ढील मिलने से देश की अर्थव्यवस्था को राहत मिलने की उम्मीद है।

यह भी पढे़: तीस्ता परियोजना पर भारत की चिंता के बीच चीन का बड़ा बयान, बांग्लादेश को दिया समर्थन