Usa visit: राजधानी दिल्ली की झुलसा देने वाली गर्मी का असर अब विदेशी मेहमानों पर भी दिखने लगा है। अमेरिका के विदेश मंत्री Marco Rubio ने शनिवार को दिल्ली में एक कार्यक्रम के दौरान गर्मी को लेकर मजाकिया अंदाज में टिप्पणी की, जिसने वहां मौजूद लोगों को हंसा दिया। दरअसल, रुबियो अमेरिकी दूतावास की नई सपोर्ट एनेक्स बिल्डिंग के उद्घाटन समारोह में पहुंचे थे। अपने संबोधन के दौरान उन्होंने कहा कि वह भाषण ज्यादा लंबा नहीं रखना चाहते, क्योंकि दिल्ली की गर्मी “कुछ अलग ही लेवल” की है। उन्होंने हंसते हुए कहा, “मैं मायामी से हूं, वहां भी काफी उमस और गर्मी होती है, लेकिन यहां का मौसम तो उससे भी ज्यादा भारी लग रहा है। अभी क्या समय हुआ है… क्या अब तक थोड़ा ठंडा नहीं होना चाहिए था?” रुबियो की इस बात पर कार्यक्रम में मौजूद लोग मुस्कुरा पड़े।
भारत-अमेरिका रिश्तों को बताया बेहद अहम
अपने संबोधन में रुबियो ने भारत और अमेरिका के रिश्तों को बेहद महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में दोनों देशों की साझेदारी लगातार मजबूत हो रही है और आने वाले समय में इसे और आगे बढ़ाने के लिए कई बड़े कदम उठाए जाएंगे। रुबियो ने कहा कि विदेश मंत्री बनने के बाद उनकी पहली आधिकारिक बैठक ‘क्वाड’ देशों के साथ हुई थी। इससे साफ है कि अमेरिका भारत को अपनी रणनीतिक नीति में कितनी अहमियत देता है।
Usa visit: पीएम मोदी और ट्रंप के रिश्तों की भी तारीफ
अमेरिकी विदेश मंत्री ने प्रधानमंत्री Narendra Modi से मुलाकात का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि भारत-अमेरिका संबंध इस समय बेहद मजबूत स्थिति में हैं और आगे इसमें और तेजी आने की संभावना है। उन्होंने यह भी कहा कि पीएम मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति Donald Trump के बीच अच्छे रिश्ते दोनों देशों की साझेदारी को नई दिशा दे रहे हैं।
Usa visit: व्यापार और निवेश बढ़ाने पर फोकस
रुबियो ने कहा कि भारतीय कंपनियां अमेरिका में 20 अरब डॉलर से ज्यादा का निवेश कर चुकी हैं। यह दोनों देशों के बीच मजबूत आर्थिक संबंधों का संकेत है। उन्होंने आने वाले समय में भारत और अमेरिका के बीच 500 अरब डॉलर के द्विपक्षीय व्यापार लक्ष्य को हासिल करने पर भी जोर दिया।
वीजा और सुरक्षा सहयोग पर भी चर्चा
अपने भाषण में रुबियो ने ‘America First Visa Schedule’ का जिक्र करते हुए कहा कि ऐसे प्रोफेशनल्स को प्राथमिकता दी जाएगी, जो दोनों देशों के आर्थिक रिश्तों को मजबूत करने में मदद करते हैं। इसके अलावा उन्होंने इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में संयुक्त सैन्य अभ्यास और सुरक्षा सहयोग को और बढ़ाने की बात भी कही।
अमेरिकी दूतावास की नई बिल्डिंग का उद्घाटन
Usa visit: इस दौरान नई यूएस एंबेसी सपोर्ट एनेक्स बिल्डिंग का उद्घाटन भी किया गया। अमेरिकी राजदूत Sergio Gor ने कहा कि इस नई इमारत से वीजा सेवाएं बेहतर होंगी और भारत-अमेरिका साझेदारी को और मजबूती मिलेगी।
ये भी पढ़ें: बंगाल में बकरीद की छुट्टी पर बड़ा यू-टर्न, अब सिर्फ 1 दिन बंद रहेंगे सरकारी दफ्तर








