Uttarakhand accident: उत्तराखंड के नैनीताल जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में लखनऊ के एक ही परिवार के चार लोगों समेत पांच लोगों की मौत हो गई। परिवार कैंची धाम दर्शन के लिए जा रहा था, तभी उनकी कार भवाली क्षेत्र में अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस के मुताबिक हादसा सैनेटोरियम-रातीघाट बाइपास मार्ग पर ढैला गांव के पास हुआ। बताया जा रहा है कि महिंद्रा की इलेक्ट्रिक कार अचानक नियंत्रण खो बैठी और करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, SDRF और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव अभियान शुरू किया गया।
दुर्गम रास्ते की वजह से मुश्किल हुआ रेस्क्यू
नैनीताल के एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने बताया कि खाई काफी गहरी और रास्ता बेहद दुर्गम था, जिसकी वजह से राहत कार्य में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद सभी लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने पांचों को मृत घोषित कर दिया।
Uttarakhand accident: मृतकों की हुई पहचान
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान भूपेंद्र सिंह चुफाल (48), सीमा कैड़ा चुफाल (45), वासू चुफाल (19), रवि चुफाल (12) और ड्राइवर अनुज कुमार मिश्रा (34) के रूप में हुई है। पूरा परिवार लखनऊ का रहने वाला बताया गया है।
Uttarakhand accident: सीएम धामी ने जताया दुख
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने जिला प्रशासन को तत्काल राहत एवं बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए थे। सीएम ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए हादसे को बेहद दुखद बताया।
सड़क सुरक्षा पर उठे सवाल
Uttarakhand accident: स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस जगह हादसा हुआ, वहां कैंचीधाम बाइपास का निर्माण कार्य अभी अधूरा है। आरोप है कि मार्ग पर पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं हैं और कई तीखे मोड़ों पर बैरिकेडिंग व चेतावनी संकेत भी नहीं लगाए गए हैं। हादसे के बाद एक बार फिर पहाड़ी मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
ये भी पढ़ें: बेंगलुरु में एयर इंडिया विमान हादसा टला, लैंडिंग के दौरान रनवे से टकराई प्लेन की टेल








