Home » Uncategorized » बेंगलुरु में एयर इंडिया विमान हादसा टला, लैंडिंग के दौरान रनवे से टकराई प्लेन की टेल

बेंगलुरु में एयर इंडिया विमान हादसा टला, लैंडिंग के दौरान रनवे से टकराई प्लेन की टेल

Air india: बेंगलुरु एयरपोर्ट पर गुरुवार को एयर इंडिया की फ्लाइट के साथ बड़ा हादसा होते-होते टल गया। दिल्ली से बेंगलुरु पहुंची एयर इंडिया की फ्लाइट लैंडिंग के दौरान रनवे से टकरा गई। बताया जा रहा है कि विमान का पिछला हिस्सा यानी टेल रनवे से छू गया, जिसके बाद एहतियातन विमान को तुरंत ग्राउंडेड कर दिया गया। राहत की बात यह रही कि विमान में मौजूद सभी 179 लोग पूरी तरह सुरक्षित हैं। फ्लाइट में यात्री, पायलट और केबिन क्रू सवार थे। घटना के बाद एयरपोर्ट पर कुछ देर के लिए हलचल मच गई, लेकिन किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

जांच के लिए रोका गया विमान

एयर इंडिया की ओर से जारी बयान में कहा गया कि फ्लाइट AI2651 में लैंडिंग के दौरान तकनीकी गड़बड़ी सामने आई, जिसके बाद विमान को विस्तृत जांच के लिए रोक दिया गया है। इसी कारण बेंगलुरु से दिल्ली जाने वाली वापसी फ्लाइट AI2652 भी कैंसिल करनी पड़ी। एयरलाइन ने कहा कि यात्रियों की सुविधा के लिए ग्राउंड स्टाफ लगातार मदद कर रहा है और उन्हें दिल्ली भेजने के लिए वैकल्पिक फ्लाइट की व्यवस्था की जा रही है।

Air india: वेक टर्बुलेंस बना घटना की वजह

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह घटना “वेक टर्बुलेंस” की वजह से हुई। अधिकारियों के मुताबिक एयर इंडिया की फ्लाइट के लैंड करने से ठीक पहले एक बड़ा मालवाहक बी747 विमान उड़ान भर चुका था। उसके बाद हवा में बने दबाव और भंवरों की वजह से एयर इंडिया के विमान को अस्थिरता महसूस हुई। स्थिति बिगड़ती देख पायलटों ने आखिरी समय में “गो अराउंड” यानी दोबारा लैंडिंग की कोशिश का फैसला किया। इसी दौरान विमान की टेल रनवे से टकरा गई।

Air india: क्या होता है वेक टर्बुलेंस?

जब कोई बड़ा विमान उड़ान भरता है तो उसके पंखों के पीछे तेज घूमती हुई हवा की भंवरें बनती हैं। इन्हें वेक टर्बुलेंस कहा जाता है। ये हवा में कुछ मिनट तक बनी रह सकती हैं और दूसरे विमानों के लिए खतरा पैदा कर सकती हैं। खासकर छोटे या मध्यम आकार के विमान अगर इन भंवरों की चपेट में आ जाएं तो उनका संतुलन बिगड़ सकता है। टेकऑफ और लैंडिंग के दौरान इसका खतरा सबसे ज्यादा रहता है।

यात्रियों की सुरक्षा सबसे अहम: एयर इंडिया

Air india: एयर इंडिया ने इस घटना पर खेद जताते हुए कहा कि यात्रियों और कर्मचारियों की सुरक्षा कंपनी की पहली प्राथमिकता है। फिलहाल विशेषज्ञों की टीम विमान की तकनीकी जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही विमान को दोबारा उड़ान की अनुमति दी जाएगी।

 

 

ये भी पढ़ें: तमिल अस्मिता बनाम ‘वंदे मातरम’ को लेकर बढ़ा विवाद

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments