Varanasi Corona Case: उत्तर प्रदेश के वाराणसी में एक बार फिर कोरोना संक्रमण का मामला सामने आया है। सांस लेने में दिक्कत की शिकायत के बाद जांच कराने पहुंचे 27 वर्षीय युवक की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। युवक को इलाज के लिए बीएचयू अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
Varanasi Corona Case: सांस लेने में दिक्कत के बाद हुई जांच-
जानकारी के अनुसार, संक्रमित युवक वाराणसी के आशापुर क्षेत्र का रहने वाला है। वह कई दिनों से सांस लेने में परेशानी महसूस कर रहा था। इसके बाद बीएचयू के चेस्ट एंड टीबी विभाग में उसकी जांच कराई गई, जहां कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई।
Varanasi Corona Case: बीएचयू अस्पताल में भर्ती-
रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद युवक को बीएचयू अस्पताल में भर्ती कर लिया गया। डॉक्टर उसकी निगरानी कर रहे हैं। साथ ही परिजनों को भी सतर्क रहने और स्वास्थ्य पर नजर रखने की सलाह दी गई है।
विशेषज्ञों ने दी सावधानी बरतने की सलाह-
आईएमएस बीएचयू के विशेषज्ञों का कहना है कि कोरोना वायरस पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ है। हालांकि, वैक्सीनेशन और पहले हुए संक्रमण के कारण अधिकांश लोगों में एंटीबॉडी विकसित हो चुकी हैं, जिससे गंभीर मामलों की संख्या कम है। फिर भी कमजोर रोग प्रतिरोधक क्षमता वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
इम्यूनिटी बनाए रखने पर जोर-
डॉक्टरों ने लोगों से अपील की है कि यदि सांस लेने में दिक्कत, बुखार या अन्य लक्षण दिखाई दें तो तुरंत चिकित्सकीय सलाह लें। साथ ही संतुलित आहार, स्वच्छता और मजबूत इम्यूनिटी बनाए रखने पर ध्यान दें, ताकि संक्रमण के खतरे को कम किया जा सके।
यह भी पढ़ें- दिल्ली ब्लास्ट मामले में कोर्ट की मंजूरी, पीड़ितों और उमर नवी के अवशेषों के अंतिम संस्कार का रास्ता साफ








