Breaking News
Home » राष्ट्रीय » हाथी ‘विजयलक्ष्मी’ को कोर्ट से सशर्त जमानत, इंदौर में ली थी एक व्यक्ति की जान

हाथी ‘विजयलक्ष्मी’ को कोर्ट से सशर्त जमानत, इंदौर में ली थी एक व्यक्ति की जान

Vijaylakshmi Bail: इंदौर हादसा: हाथी विजयलक्ष्मी को जमानत

Vijaylakshmi Bail: मध्य प्रदेश के इंदौर में हाथी के हमले में युवक की मौत के मामले में नया घटनाक्रम सामने आया है। वन विभाग ने हाथी ‘विजयलक्ष्मी’ को सशर्त जमानत पर छोड़ दिया है। फिलहाल उसे उज्जैन के अंकपात रोड स्थित निर्मोही अखाड़े में रखा गया है, जहां उसकी गतिविधियों पर वन विभाग लगातार नजर बनाए हुए है। हालांकि इस मामले में हाथी के महावत और मालिक को अब तक कोई राहत नहीं मिली है और दोनों न्यायिक हिरासत में हैं।

गुड़ खिलाते समय हुआ था जानलेवा हमला

घटना 26 जुलाई को इंदौर के राजनगर क्षेत्र में हुई थी। विजय होलकर नाम का युवक हाथी ‘विजयलक्ष्मी’ को गुड़ खिला रहा था। इसी दौरान हाथी अचानक आक्रामक हो गया और उसने युवक को सूंड से उठाकर जमीन पर पटक दिया। इसके बाद हाथी ने युवक को पैरों से कुचल दिया। गंभीर रूप से घायल विजय होलकर को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस और वन विभाग ने महावत उमेश गोस्वामी तथा हाथी के मालिक संदीप निर्मोही को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

Vijaylakshmi Bail: निर्मोही अखाड़े में कड़ी निगरानी में हाथी

वन विभाग के निर्देश पर हाथी को उज्जैन के निर्मोही अखाड़े में रखा गया है। यहां उसकी देखभाल महावत अमित गोस्वामी और महेंद्र महाराज कर रहे हैं। देखभाल करने वालों के अनुसार हाथी सामान्य रूप से भोजन कर रहा है और उसकी स्वास्थ्य स्थिति स्थिर है। एहतियात के तौर पर हाथी के पैरों में बेड़ियां लगाई गई हैं ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके। वन विभाग की टीम उसकी गतिविधियों की लगातार निगरानी कर रही है और चिकित्सकीय जांच रिपोर्ट का भी इंतजार किया जा रहा है।

कोर्ट की शर्तों के साथ मिली राहत

जिला एवं सत्र न्यायालय, इंदौर में चालान पेश किए जाने के बाद अदालत ने अंतिम निर्णय तक हाथी को सार्वजनिक कार्यक्रमों या अन्य स्थानों पर ले जाने पर रोक लगाने सहित कई शर्तें निर्धारित की हैं। बिना अनुमति हाथी को कहीं भी नहीं ले जाया जा सकेगा और उसकी सुरक्षा व निगरानी की जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों पर रहेगी।

Vijaylakshmi Bail: वन विभाग कर रहा पूरे मामले की जांच

वन विभाग घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रहा है। अधिकारियों की टीम यह पता लगा रही है कि हाथी को इंदौर लाने के लिए आवश्यक ट्रांजिट परमिशन ली गई थी या नहीं, महावत के पास सभी वैध दस्तावेज मौजूद थे या नहीं और घटना के समय हाथी के अचानक आक्रामक होने की वजह क्या थी। जांच पूरी होने के बाद विभाग आगे की कानूनी कार्रवाई करेगा।

 

ये भी पढ़ें…सीजेपी ने ‘क्या बोलती जनता’ नामक राष्ट्रव्यापी अभियान का किया ऐलान