Home » राष्ट्रीय » दिल्ली-NCR में कब होगी बारिश? यूपी-बिहार समेत 12 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

दिल्ली-NCR में कब होगी बारिश? यूपी-बिहार समेत 12 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

देश के 12 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

Weather Update: देश के कई हिस्सों में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। बंगाल की खाड़ी में बने दबाव वाले सिस्टम के कारण कई राज्यों में तेज बारिश का दौर जारी है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा अपडेट के अनुसार, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान समेत कई राज्यों में भारी बारिश की संभावना है। दिल्ली-NCR में भी मौसम बदलने के संकेत हैं।

12 राज्यों में बारिश का अलर्ट

IMD के मुताबिक रविवार को उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली-NCR, राजस्थान, हरियाणा, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और झारखंड में अच्छी बारिश हो सकती है।पश्चिम बंगाल के मैदानी इलाकों से लेकर पहाड़ी राज्यों तक बारिश का असर देखने को मिल सकता है। बंगाल की खाड़ी में बने नए सिस्टम के कारण मानसून सक्रिय हुआ है। इसके चलते पिछले एक सप्ताह में कई इलाकों में बारिश की कमी भी तेजी से पूरी हुई है।

यूपी में उफान पर गंगा

उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही बारिश के कारण गंगा नदी का जलस्तर बढ़ गया है। वाराणसी में बारिश के बाद 100 से अधिक छोटे मंदिर पानी में डूब गए हैं।मौसम विभाग ने रविवार को उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों में बारिश की संभावना जताई है। अगले कुछ घंटों के दौरान मेरठ, मुजफ्फरनगर, नोएडा, अलीगढ़, मथुरा, आगरा, कानपुर, लखनऊ, बिजनौर, सहारनपुर, शामली, बदायूं, शाहजहांपुर, इटावा, लखीमपुर खीरी, औरैया, जालौन, हमीरपुर, फिरोजाबाद, अयोध्या, बस्ती, बुलंदशहर, गाजीपुर, गोरखपुर, प्रयागराज और देवरिया में बारिश हो सकती है।

दिल्ली-NCR में फिर बदलेगा मौसम

दिल्ली-NCR में आने वाले दिनों में मौसम में दोबारा बदलाव देखने को मिल सकता है। IMD के अनुसार रविवार को यहां बारिश होने की संभावना है।हालांकि, बारिश रुकने के बाद दिल्ली-NCR में उमस और गर्मी बढ़ गई है। अब मौसम विभाग के नए अपडेट से एक बार फिर बारिश की उम्मीद जगी है। अगर बारिश होती है तो लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिल सकती है।

पहाड़ों पर भी मानसून एक्टिव

उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में भी मानसून सक्रिय बना हुआ है। इन राज्यों में अगले कुछ दिनों तक अच्छी बारिश होने का अनुमान है।उत्तराखंड में बारिश के कारण कई जगहों पर लैंडस्लाइड हुई है, जिससे सड़कों पर यातायात प्रभावित हुआ है। रविवार को देहरादून, नैनीताल, ऋषिकेश, बागेश्वर, हरिद्वार, अल्मोड़ा, चमोली, पिथौरागढ़, पौड़ी गढ़वाल और रुद्रप्रयाग में बारिश हो सकती है।हिमाचल प्रदेश में कुल्लू, मनाली, सिरमौर, कांगड़ा, हमीरपुर, ऊना, बिलासपुर और सोलन में बारिश के आसार हैं।वहीं जम्मू-कश्मीर में श्रीनगर, किश्तवाड़, मीरपुर, जम्मू, पुंछ, कुपवाड़ा, रियासी, रामबन, उधमपुर, बांदीपोरा, गांदरबल और शोपियां में बारिश होने की संभावना है।पहाड़ी राज्यों में बारिश की आशंका को देखते हुए यात्रियों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। लोगों से गैर-जरूरी यात्रा से बचने को भी कहा गया है।

बिहार के इन इलाकों में बारिश

बिहार में भी रविवार को बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। पटना, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सिवान, गोपालगंज, सारण, गया, भोजपुर, बक्सर, वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, पूर्णिया, किशनगंज, अररिया, कटिहार, भागलपुर और बेगूसराय में बारिश होने की संभावना है।

MP और छत्तीसगढ़ में भी बरसेंगे बादल

मध्य प्रदेश में इस समय कई इलाकों में तेज बारिश हो रही है। लो प्रेशर एरिया और मानसून ट्रफ के प्रभाव से राज्य में बारिश का मजबूत सिस्टम सक्रिय है।भोपाल, रीवा, जबलपुर और शहडोल संभाग के कई जिलों में तेज बारिश हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार, मध्य प्रदेश में अगले तीन दिनों तक अच्छी बारिश होने के संकेत हैं।पड़ोसी राज्य छत्तीसगढ़ में भी मानसून सक्रिय है। रायपुर, बिलासपुर और सरगुजा संभाग में बारिश का दौर जारी है।

बंगाल की खाड़ी के सिस्टम से बदला मौसम

मौसम विभाग ने अगले सात दिनों के लिए देश के कई हिस्सों में बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है। अगले चार दिनों के दौरान गंगा के मैदानी क्षेत्रों वाले पश्चिम बंगाल, उत्तरी ओडिशा और झारखंड में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।17 अगस्त 2026 को कुछ इलाकों में अत्यधिक भारी बारिश होने की भी संभावना जताई गई है। इसके अलावा इस सप्ताह के ज्यादातर दिनों में पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश होने के आसार हैं।इस पूरे मौसम में बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम, चक्रवाती परिसंचरण, लो प्रेशर एरिया और सक्रिय मानसून ट्रफ का असर कई राज्यों पर दिखाई दे रहा है। ऐसे में बारिश का दौर आने वाले दिनों में भी जारी रहने की संभावना है।

यह भी पढ़े- अटल जी की 8वीं पुण्यतिथि पर देश ने किया नमन, ‘सदैव अटल’ पहुंचकर PM मोदी समेत दिग्गज नेताओं ने दी श्रद्धांजलि