Home » पश्चिम बंगाल » बंगाल में चुनाव प्रचार खत्म, पीएम मोदी का भावुक लेटर: “भय बहुत हुआ, अब भरोसा चाहिए”

बंगाल में चुनाव प्रचार खत्म, पीएम मोदी का भावुक लेटर: “भय बहुत हुआ, अब भरोसा चाहिए”

West bengal: पश्चिम बंगाल में चुनाव प्रचार के आखिरी दिन सियासी पारा चरम पर पहुंच गया। सभी दलों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी और इसी बीच प्रधानमंत्री Narendra Modi भी लगातार रैलियां, जनसभाएं और रोड शो करते नजर आए। प्रचार खत्म होने से कुछ घंटे पहले उन्होंने राज्य की जनता के नाम एक भावुक पत्र लिखा, जिसने चुनावी माहौल को और गरमा दिया।

जनता के नाम भावनात्मक संदेश

पीएम मोदी ने अपने पत्र में बंगाल की जनता को संबोधित करते हुए कहा कि वह इस माध्यम से हर परिवार तक अपनी भावनाएं पहुंचाना चाहते हैं। उन्होंने लिखा कि राज्य का हर नागरिक अब एक ही संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है, परिवर्तन का संकल्प। उन्होंने साफ शब्दों में कहा, “भय बहुत हुआ, अब भरोसा चाहिए, अब भाजपा चाहिए,” जो सीधे तौर पर चुनावी संदेश भी माना जा रहा है।

West bengal: ‘विकसित बंगाल’ पर जोर

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पत्र साझा करते हुए पीएम मोदी ने बताया कि पूरे चुनाव अभियान के दौरान उन्हें जनता का अपार स्नेह और आशीर्वाद मिला। उन्होंने युवाओं, महिलाओं, किसानों और व्यापारियों का जिक्र करते हुए कहा कि सभी ‘विकसित बंगाल’ के लक्ष्य के लिए एकजुट नजर आए और यही इस चुनाव की सबसे बड़ी ताकत है।

West bengal: रैलियों को बताया ‘तीर्थ यात्रा’

अपने अनुभव साझा करते हुए पीएम मोदी ने लिखा कि इस बार बंगाल में उन्होंने एक अलग ही ऊर्जा महसूस की। भीषण गर्मी और लगातार रैलियों के बावजूद उन्हें थकान नहीं हुई। उन्होंने रैलियों और रोड शो को ‘तीर्थ यात्रा’ जैसा अनुभव बताया और कहा कि मां काली के आशीर्वाद से उन्हें लगातार ऊर्जा मिलती रही।

जनता का प्यार ‘सबसे बड़ी पूंजी’

पीएम मोदी ने पत्र में यह भी कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान उन्हें लोगों से जो प्यार, संदेश और चित्र मिले, वह उनके जीवन की सबसे बड़ी पूंजी हैं। उन्होंने बताया कि वह समय निकालकर इन संदेशों को पढ़ते हैं और कई बार उनका जवाब भी देते हैं, जिससे जनता के साथ उनका जुड़ाव और मजबूत होता है।

आखिरी संदेश जिम्मेदारी का भरोसा

West bengal: अपने पत्र के अंत में पीएम मोदी ने बंगाल की सेवा और सुरक्षा का वादा दोहराया। उन्होंने कहा कि राज्य की हर चुनौती को अवसर में बदलना उनकी जिम्मेदारी है और वह इससे पीछे नहीं हटेंगे। साथ ही उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले समय में बंगाल में भाजपा सरकार बनेगी और राज्य को मिलकर विकसित बनाया जाएगा।

 

ये भी पढ़े: नोएडा में बड़ा फैसला: अब इंडस्ट्रियल सेक्टर के लिए अलग पुलिस सिस्टम, DCP (इंडस्ट्रीज) की तैनाती