West Bengal Police Action: पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में पुलिस ने एक बड़ी छापेमारी में पूर्व बस ड्राइवर मिनार मंडल के घर से ₹28.5 करोड़ नकद और 15 किलोग्राम सोना बरामद किया है। सोने की कीमत करीब ₹21.5 करोड़ आंकी गई है। इस तरह कुल बरामदगी लगभग ₹50 करोड़ की बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
नोट गिनने में खराब हुईं मशीनें
पुलिस के अनुसार, बुधवार रात गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की गई। शुरुआत में करीब ₹20 करोड़ नकद मिला, लेकिन पूरी रात चली गिनती के बाद यह रकम बढ़कर ₹28.5 करोड़ पहुंच गई। नोटों की गिनती के दौरान पांच करेंसी काउंटिंग मशीनें खराब हो गईं। नकदी को 25 बैग में भरकर थाने और फिर बैंक भेजा गया।
West Bengal Police Action: 15 किलो सोना भी बरामद
छापे के दौरान पुलिस ने 1-1 किलो के 14 गोल्ड बार और 100-100 ग्राम के 10 गोल्ड बिस्किट बरामद किए। बरामद सोने की कुल कीमत करीब ₹21.5 करोड़ आंकी गई है। पूछताछ में मिनार मंडल ने दावा किया कि यह नकदी और सोना फरार पत्थर कारोबारी तुलु मंडल उर्फ मोहम्मद नजीबुद्दीन का है।
फरार कारोबारी से जुड़े तार
मिनार मंडल पहले राज्य परिवहन विभाग में बस ड्राइवर था और बाद में स्टोन कारोबार से जुड़ गया। वह फरार कारोबारी तुलु मंडल का मैनेजर और रिश्तेदार बताया जा रहा है। तुलु मंडल वही कारोबारी है, जिसने 2024 में अपनी बेटी की करीब ₹100 करोड़ की भव्य शादी कराई थी। उसका नाम पहले भी कथित पशु तस्करी और खनन से जुड़े मामलों में सामने आ चुका है।
West Bengal Police Action: राजस्व घोटाले की भी जांच
जांच एजेंसियों को आशंका है कि बरामद नकदी का बड़ा हिस्सा स्टोन क्वारियों से वसूले गए सरकारी राजस्व से जुड़ा हो सकता है। आरोप है कि जिला कलेक्शन रेट (DCR) की वसूली में करोड़ों रुपये की अनियमितताएं हुईं और सरकारी खजाने में जमा होने वाली राशि का दुरुपयोग किया गया।
TMC में आरोप-प्रत्यारोप तेज
मामले के सामने आने के बाद तृणमूल कांग्रेस के भीतर भी राजनीतिक घमासान शुरू हो गया है। पार्टी के अलग-अलग गुट आरोपी के विभिन्न नेताओं से संबंध होने के आरोप लगा रहे हैं। कई नेताओं ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
West Bengal Police Action: सरकार ने कार्रवाई की सराहना की
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने पुलिस की कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि भ्रष्टाचार और माफिया तंत्र के खिलाफ सरकार की कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि जनता की संपत्ति लूटने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और पूरे नेटवर्क की जांच की जाएगी।
ये भी पढ़े… संसद में फिर मचा बवाल! विपक्ष के हंगामे के चलते लोकसभा की कार्यवाही 2 बजे तक स्थगित








