Home » उत्तर प्रदेश » CM योगी का सपा पर बड़ा हमला, बोले- ‘चाचा-भतीजे की जोड़ी वसूली के लिए निकलती थी’

CM योगी का सपा पर बड़ा हमला, बोले- ‘चाचा-भतीजे की जोड़ी वसूली के लिए निकलती थी’

 Yogi Adityanath:

Yogi Adityanath: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को अंबेडकरनगर में समाजवादी पार्टी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने 706 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 194 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम में सपा के शासनकाल पर सवाल उठाए। सीएम योगी ने आरोप लगाया कि पिछली सरकार में विकास की जगह परिवारवाद, अराजकता और वसूली का बोलबाला था।

Yogi Adityanath: ‘वसूली के लिए निकलती थी चाचा-भतीजे की जोड़ी’-

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि उसकी सरकार के दौरान ‘चाचा-भतीजे की जोड़ी’ वसूली के लिए निकलती थी। उन्होंने आरोप लगाया कि उस दौर में दबंग तत्वों का प्रभाव थानों और तहसीलों तक दिखाई देता था। योगी ने कहा कि लोगों के बीच ऐसी धारणा बन गई थी कि सपा का झंडा लगी गाड़ी में बैठा व्यक्ति अवैध वसूली कर सकता है। उन्होंने दावा किया कि मौजूदा सरकार ने प्रदेश में कानून व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगातार काम किया है।

Yogi Adityanath: 59 हजार करोड़ के अनुपूरक बजट का जिक्र-

सीएम योगी ने कहा कि राज्य सरकार 59 हजार करोड़ रुपये का अनुपूरक बजट लेकर विधानसभा में आई थी। इसमें युवाओं, किसानों, महिलाओं और गरीबों के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाओं का प्रावधान किया गया था। उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय के महापुरुषों के सम्मान से जुड़े कार्यों के लिए भी बजट में विशेष प्रावधान किया गया था। महर्षि वाल्मीकि, संत रविदास, डॉ. भीमराव आंबेडकर और छत्रपति साहू जी के स्मारकों, मूर्तियों, छतरियों और बाउंड्री वॉल के निर्माण के लिए भी धनराशि रखी गई थी।

‘सपा ने विधानसभा की कार्यवाही बाधित की’-

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि सरकार विकास के मुद्दों पर चर्चा करना चाहती थी, लेकिन समाजवादी पार्टी ने विधानसभा की कार्यवाही बाधित कर दी। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में सरकार विपक्ष के साथ विकास के मुद्दों पर चर्चा करने में विश्वास रखती है।योगी आदित्यनाथ ने आरोप लगाया कि सपा की विकास में कोई रुचि नहीं है और गरीबों के उत्थान से भी उसे कोई सरोकार नहीं है।

‘नौकरियों में योग्यता के बजाय परिवारवाद हावी था’-

सीएम योगी ने सपा शासनकाल में युवाओं को लेकर भी हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय नौकरियां योग्यता के आधार पर नहीं, बल्कि प्रभाव और परिवारवाद के आधार पर बांटी जाती थीं।उन्होंने कहा कि योग्य युवा खुद को ठगा हुआ महसूस करते थे, क्योंकि उनके अधिकारों पर भाई-भतीजावाद हावी था। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि मौजूदा सरकार में भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया गया है।

कानून व्यवस्था को लेकर भी सपा पर निशाना-

योगी आदित्यनाथ ने सपा सरकार के कार्यकाल को कानून व्यवस्था के लिहाज से कमजोर बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय प्रदेश में अराजकता और गुंडागर्दी का माहौल था और कई हिस्सों में लगातार दंगे होते थे।मुख्यमंत्री ने कहा कि उस दौर में आम लोगों के बीच असुरक्षा का माहौल बना हुआ था। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान सरकार ने कानून व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए प्रदेश में अपराध और अराजकता पर प्रभावी कार्रवाई की है।

लोकतंत्र की तीन आधारशिलाओं का किया जिक्र-

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में विधायिका, कार्यपालिका और न्यायपालिका को लोकतंत्र की तीन महत्वपूर्ण आधारशिलाएं बताया। उन्होंने कहा कि तीनों संस्थाओं की अपनी-अपनी सीमाएं हैं और बेहतर समन्वय के साथ काम करने पर ही विकास को गति मिल सकती है।उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं के बीच समन्वय और अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन प्रदेश के विकास के लिए जरूरी है

यह भी पढ़े- छिंदवाड़ा में CM मोहन यादव का बड़ा एक्शन, CMHO-तहसीलदार और पटवारी सस्पेंड