Yogi: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बलरामपुर दौरे के दौरान विपक्ष और माफिया तंत्र पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जनता जब अच्छे जनप्रतिनिधियों को चुनती है, तभी विकास की प्रक्रिया आगे बढ़ती है। उन्होंने कहा कि यदि माफिया प्रवृत्ति के लोगों को चुनकर सदनों में भेजा जाएगा तो वे गरीबों का शोषण करेंगे। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि उनकी सरकार ने माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है और उनकी कब्जाई जमीनों पर गरीबों के लिए आवास बनाए जा रहे हैं।
392 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण
मुख्यमंत्री ने बलरामपुर के मध्यनगर बिलोहा में 392 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 126 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें 89 परियोजनाओं का लोकार्पण तथा 37 परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को सम्मानित किया गया। उन्होंने छात्राओं को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पुरस्कार भी प्रदान किए। मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार डबल गति से विकास कार्य कर रही है और किसान, व्यापारी, महिला तथा युवाओं के लिए नई सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि बलरामपुर जैसे आकांक्षी जिले आज विकास की मुख्यधारा में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।
Yogi: दंगामुक्त और सुरक्षित बना उत्तर प्रदेश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में दंगे आम बात थे, लेकिन आज उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिले दंगामुक्त हैं। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में कानून व्यवस्था मजबूत हुई है और निवेश का माहौल बना है। उन्होंने कहा कि अब उत्तर प्रदेश की पहचान माफिया नहीं बल्कि विकास, निवेश और रोजगार से होती है। उन्होंने कहा कि सरकार की स्पष्ट नीति है कि बेटियों और व्यापारियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
पर्यावरण संरक्षण और शिक्षा पर भी दिया जोर
विश्व पर्यावरण दिवस का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने जल संरक्षण और वृक्षारोपण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि जल और पर्यावरण की रक्षा करना सभी की जिम्मेदारी है। साथ ही उन्होंने बताया कि बलरामपुर में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली और पेयजल जैसी सुविधाओं में व्यापक सुधार हुआ है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मेडिकल कॉलेज, विश्वविद्यालय, थारू संग्रहालय और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं ने जिले को नई पहचान दी है। उन्होंने बलरामपुर को विकास का उभरता हुआ मॉडल बताया।








