Home » उत्तर प्रदेश » योगी के AI वीडियो पर भड़के भाजपा नेता, अखिलेश यादव को दी कार्रवाई की चेतावनी

योगी के AI वीडियो पर भड़के भाजपा नेता, अखिलेश यादव को दी कार्रवाई की चेतावनी

YOGI VIDEO: योगी के AI वीडियो पर भड़की BJP, अखिलेश को चेतावनी

YOGI VIDEO: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लेकर समाजवादी पार्टी की ओर से जारी कथित AI वीडियो पर सियासत तेज हो गई है। भाजपा नेता श्यामधनी राही ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए वीडियो को मुख्यमंत्री की छवि खराब करने की कोशिश बताया है। उन्होंने कहा कि इस मामले में हिंदू समाज की ओर से मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। वहीं, दूसरी ओर मदरसों पर कार्रवाई और पाकिस्तान में हिंदुओं पर अत्याचार के मुद्दे को लेकर भी अलग-अलग नेताओं के बयान सामने आए हैं।

AI वीडियो को लेकर अखिलेश पर बरसे भाजपा नेता

श्यामधनी राही ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ देश ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर धर्म और संस्कृति के सम्मान के प्रतीक हैं। उनके खिलाफ AI तकनीक का इस्तेमाल कर वीडियो बनाना और उन्हें बदनाम करने की कोशिश करना उचित नहीं है। उन्होंने अखिलेश यादव पर व्यक्तिगत टिप्पणी करते हुए कहा कि जो अपने पिता का सम्मान नहीं कर सकता, वह किसी और का सम्मान कैसे करेगा। राही ने दावा किया कि 2027 में हिंदू समाज एक बार फिर योगी आदित्यनाथ को मुख्यमंत्री बनाने का काम करेगा।

YOGI VIDEO: पाकिस्तान में हिंदुओं पर अत्याचार का मुद्दा भी उठा

पाकिस्तान में हिंदू मंदिरों को तोड़े जाने और हिंदुओं पर कथित अत्याचार को लेकर मौलाना यासूब अब्बास ने चिंता जताई। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान में हिंदुओं और शिया समुदाय के खिलाफ हिंसा की घटनाओं को लेकर विरोध प्रदर्शन भी हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि वहां एक विचारधारा ऐसी घटनाओं को बढ़ावा दे रही है और पाकिस्तान सरकार पर उसे समर्थन देने के आरोप लगते रहे हैं।

मदरसों पर कार्रवाई को लेकर आमने-सामने आए बयान

उत्तराखंड में मदरसों के खिलाफ कार्रवाई के मुद्दे पर यासूब अब्बास ने सवाल उठाते हुए कहा कि यदि मदरसों पर कार्रवाई की जा रही है तो शिशु मंदिरों पर कार्रवाई क्यों नहीं की जाती। उन्होंने कहा कि मदरसों को बंद करने से देश को नुकसान हो सकता है और किसी भी समुदाय की शिक्षा व्यवस्था को प्रभावित करने वाले फैसले सोच-समझकर लिए जाने चाहिए। वहीं, अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के मीडिया संयोजक करौली शंकर महादेव ने तय मानकों को पूरा नहीं करने वाले मदरसों पर सरकार की कार्रवाई का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि जो संस्थान सरकारी नियमों और निर्धारित मानकों का पालन नहीं करते, उनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।

 

ये भी पढ़ें…पाकिस्तान में हिंदू मंदिर गिराने पर भारत नाराज, दोषियों पर कार्रवाई की मांग