Home » स्पोर्ट्स » सिकंदर रजा की कप्तानी में जिम्बाब्वे का स्क्वॉड घोषित, युवा भारतीय टीम को मिलेगी कड़ी चुनौती

सिकंदर रजा की कप्तानी में जिम्बाब्वे का स्क्वॉड घोषित, युवा भारतीय टीम को मिलेगी कड़ी चुनौती

Zimbabwe T20 Squad vs India: भारत और जिम्बाब्वे के बीच 3 मैचों की टी20 सीरीज का रोमांच 23 जुलाई से शुरू होने जा रहा है। सीरीज से पहले जिम्बाब्वे क्रिकेट बोर्ड ने अपनी 15 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है। अनुभवी ऑलराउंडर सिकंदर रजा को टीम की कमान सौंपी गई है। जिम्बाब्वे ने अनुभवी खिलाड़ियों और युवा प्रतिभाओं का संतुलित मिश्रण तैयार किया है, जिससे यह साफ है कि मेजबान टीम इस सीरीज में भारत को कड़ी टक्कर देने के इरादे से मैदान में उतरेगी।

सिकंदर रजा के नेतृत्व में मजबूत दिख रही जिम्बाब्वे की टीम

जिम्बाब्वे की टीम में कप्तान सिकंदर रजा के अलावा रयान बर्ल, ब्लेसिंग मुजारबानी, ब्रैड इवांस और रिचर्ड नगरवा जैसे अनुभवी खिलाड़ियों को जगह मिली है। वहीं ऑलराउंडर वेस्ले मधेवी की टीम में वापसी हुई है, जिससे जिम्बाब्वे को संतुलन मिलेगा। इसके साथ ही विकेटकीपर बल्लेबाज तफादजवा सिगा को पहली बार राष्ट्रीय टी20 टीम में शामिल किया गया है। चयनकर्ताओं ने युवा खिलाड़ियों पर भी भरोसा जताया है ताकि टीम हर विभाग में मजबूत नजर आए।

Zimbabwe T20 Squad vs India: युवा भारतीय टीम पर रहेगा दबाव

दूसरी ओर भारतीय टीम की कप्तानी श्रेयस अय्यर के हाथों में है, जबकि तिलक वर्मा उपकप्तान की भूमिका निभाएंगे। टीम इंडिया में कई युवा खिलाड़ियों को मौका दिया गया है, जिनमें वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, मयंक यादव और प्रिंस यादव जैसे नाम शामिल हैं। हालांकि हालिया टी20 सीरीज में भारत का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है और लगातार मिली हार के कारण इस बार भारतीय टीम पर अच्छा प्रदर्शन करने का दबाव रहेगा।

Zimbabwe T20 Squad vs India: आंकड़ों में भारत का पलड़ा भारी

भारत और जिम्बाब्वे के बीच अब तक कुल 14 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले गए हैं। इनमें भारत ने 11 मैचों में जीत दर्ज की है, जबकि जिम्बाब्वे केवल 3 मुकाबले जीत सका है। आंकड़े भले ही भारत के पक्ष में हों, लेकिन घरेलू परिस्थितियों और हालिया प्रदर्शन को देखते हुए जिम्बाब्वे को हल्के में लेना भारतीय टीम के लिए बड़ी गलती साबित हो सकती है।जिम्बाब्वे की टीम में सिकंदर रजा (कप्तान), ब्रायन बेनेट, रयान बर्ल, तनाका चिवंगा, बेन करेन, ब्रैड इवांस, वेस्ले मधेवी, तडिवनाशे मरुमनि, वेलिंगटन मसाकाद्जा, ब्लेसिंग मुजारबानी, डिओन मायर्स, रिचर्ड नगरवा, न्यूमैन न्यामुरी, मिलंटन शुम्बा और तफादजवा सिगा को शामिल किया गया है।भारतीय टीम में श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा (उपकप्तान), वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, शिवम दुबे, रिंकू सिंह, ईशान किशन, प्रभसिमरन सिंह, यश ठाकुर, सूर्यांश शेडगे, हर्ष दुबे, रवि बिश्नोई, अशोक शर्मा, मयंक यादव और प्रिंस यादव को जगह मिली है।भारत और जिम्बाब्वे के बीच टी20 सीरीज का पहला मुकाबला 23 जुलाई को खेला जाएगा। इसके बाद दूसरा मैच 25 जुलाई और तीसरा व अंतिम मुकाबला 26 जुलाई को आयोजित होगा। तीनों मैच हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले जाएंगे। क्रिकेट प्रेमियों की नजरें इस बात पर रहेंगी कि क्या युवा भारतीय टीम जीत के साथ वापसी करेगी या फिर सिकंदर रजा की अगुवाई में जिम्बाब्वे घरेलू मैदान का फायदा उठाकर बड़ा उलटफेर करने में सफल होगा।

ये भी पढ़े…….5 रुपये से शुरू किराया, फिर भी खाली दौड़ रही देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन, जानिए क्या है वजह