Iran missiles: अमेरिकी खुफिया एजेंसियों के अनुमान के मुताबिक, ईरान के पास अब भी 1,500 से 2,500 मिसाइलें मौजूद हैं। अमेरिकी अखबार द वॉल स्ट्रीट जर्नल की एक रिपोर्ट में यह दावा किया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान के पास मौजूद मिसाइलों का यह भंडार उसे दोबारा पूर्ण युद्ध शुरू होने की स्थिति में अमेरिका और उसके सहयोगियों के ठिकानों पर हमला करने की क्षमता देता है।
Iran missiles: ईरान की मिसाइलों की सटीक संख्या का अनुमान लगाना मुश्किल
द वॉल स्ट्रीट जर्नल ने अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से बताया कि ईरान के पास मौजूद मिसाइलों की सटीक संख्या का पता लगाना आसान नहीं है। इसकी प्रमुख वजह मिसाइलों की निगरानी और उनकी मौजूदा स्थिति का पता लगाने में आने वाली चुनौतियां हैं। अधिकारियों के मुताबिक, यह भी स्पष्ट नहीं है कि ईरान के पास मौजूद कितनी मिसाइलें तत्काल हमले के लिए तैयार हैं और कितनी मिसाइलें भंडार में रखी हुई हैं। इस अनुमान को लेकर अमेरिकी अधिकारियों का भरोसा भी कम है। हालांकि, उनका मानना है कि ईरान के पास अब भी मिसाइलों का बड़ा भंडार मौजूद है।
Iran missiles: ईरानी संसद के अध्यक्ष ने अमेरिका को दी चेतावनी
इस बीच ईरानी संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बग़र ग़ालिबाफ़ ने कहा है कि उनका देश न तो युद्ध और न ही शांति की अनिश्चित स्थिति में बना रहेगा। उन्होंने कहा, “अगर अमेरिका हमारी सात उचित शर्तों को स्वीकार करता है, तो समझौते का रास्ता खुला रहेगा। अगर अमेरिका ने एक और गलती की, तो युद्ध के मैदान का भूगोल ईरान के सशस्त्र बल तय करेंगे।” ग़ालिबाफ़ के इस बयान से साफ है कि ईरान अमेरिका के साथ समझौते का रास्ता खुला रखने के साथ-साथ किसी भी संभावित सैन्य टकराव के लिए भी तैयार रहने का संकेत दे रहा है।
यह भी पढ़े- ₹14 की ट्यूब 943 रुपये में क्यों खरीदी गई? भोपाल AIIMS में महंगी खरीद का पूरा मामला समझिए