India-China Arunachal Border: अरुणाचल प्रदेश में भारत और चीन के सैनिकों के आमने-सामने होने को लेकर सियासी घमासान शुरू हो गया है। भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) के महानिदेशक शत्रुजीत कपूर के बयान के बाद कांग्रेस समेत विपक्षी दलों ने केंद्र सरकार पर सवाल उठाए हैं। विपक्ष ने इस मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार से जवाब मांगा है। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि सरकार चीन के सामने झुक गई है, जबकि शिवसेना (UBT) की नेता प्रियंका चतुर्वेदी ने भी इसे गंभीर मामला बताते हुए केंद्र के वरिष्ठ मंत्रियों से जवाब देने की मांग की है।
India-China Arunachal Border: ITBP डीजी ने क्या कहा
भारत-तिब्बत सीमा पुलिस के महानिदेशक शत्रुजीत कपूर ने गुरुवार को कहा कि पिछले कुछ दिनों में अरुणाचल प्रदेश में कई जगहों पर भारत और चीन के पक्ष आमने-सामने आ गए थे। उन्होंने यह भी कहा कि स्थिति अब भी बनी हुई है। इस साल जुलाई में उत्तर-पूर्वी सीमा पर तनाव शुरू होने के बाद इसे लेकर आधिकारिक स्तर पर पहली बार ऐसी पुष्टि सामने आई है। रिपोर्ट के मुताबिक, जुलाई के अंत से अरुणाचल प्रदेश के ऊपरी सुबनसिरी जिले के असाफिला और माजा इलाकों में तनाव बना हुआ है।
India-China Arunachal Border: कांग्रेस ने मोदी सरकार पर साधा निशाना
ITBP डीजी के बयान के बाद कांग्रेस ने केंद्र सरकार को घेरा है। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी सरकार इस गंभीर मुद्दे पर चुप्पी साधे हुए हैं। कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि मोदी सरकार चीन के सामने झुक गई है। विपक्ष ने सवाल उठाया कि जब सीमा पर तनाव की स्थिति बनी हुई है, तो सरकार इस मामले पर स्पष्ट जानकारी क्यों नहीं दे रही है।
प्रियंका चतुर्वेदी ने गृह, रक्षा और विदेश मंत्री से मांगा जवाब
शिवसेना (UBT) की नेता प्रियंका चतुर्वेदी ने भी भारत-चीन सीमा पर बनी स्थिति को गंभीर बताया। उन्होंने कहा कि देश के गृह मंत्री, रक्षा मंत्री और विदेश मंत्री को इस मामले पर जवाब देना चाहिए। विपक्षी नेताओं ने सीमा पर तनाव को लेकर केंद्र सरकार की प्रतिक्रिया और उसकी रणनीति पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि इस मामले में सरकार को स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।
अभिजीत दीपके ने भी सरकार पर कसा तंज
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने भी ITBP डीजी शत्रुजीत कपूर के बयान को साझा करते हुए केंद्र सरकार पर तंज कसा है। सीमा पर भारत और चीन के सैनिकों के आमने-सामने होने की खबर के बाद यह मुद्दा राजनीतिक बहस का विषय बन गया है। विपक्षी दलों ने केंद्र से इस मामले पर स्पष्टीकरण मांगा है, जबकि सीमा पर जारी स्थिति को लेकर आधिकारिक बयान चर्चा में है।
यह भी पढ़े- ‘पता नहीं डोनाल्ड ट्रंप को कब अक्ल आएगी’, अमेरिकी राष्ट्रपति पर क्यों भड़के फारूक अब्दुल्ला?








