Rekha Gupta: दिल्ली में छठ महापर्व की तैयारियां तेज हो गई हैं। इस साल राजधानी में छठ पूजा के लिए 1,400 से ज्यादा घाट तैयार किए जाने की संभावना है। पिछले साल दिल्ली में कुल 1,326 घाट बनाए गए थे। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को छठ पूजा की तैयारियों को लेकर अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की और सभी जरूरी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि 6 नवंबर तक घाटों पर सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली जाएं, ताकि इसके बाद केवल पानी भरने, टेंट लगाने और अंतिम सफाई जैसे काम ही बाकी रहें। इस साल छठ पूजा 13 से 16 नवंबर तक मनाई जाएगी। मुख्यमंत्री ने छठ पूजा के अवसर पर अवकाश रहने की भी जानकारी दी।
Rekha Gupta: ठंड से बचाव के लिए घाटों पर लगाए जाएंगे टेंट
नवंबर में बढ़ती ठंड को देखते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बड़े और मध्यम आकार के घाटों पर कवर वाले टेंट लगाने के निर्देश दिए हैं। मुख्य पूजा स्थल, मंच के पीछे और अन्य जरूरी स्थानों पर भी टेंट की व्यवस्था की जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं को ठंड से बचाया जा सके।इसके अलावा, घाटों पर पर्याप्त शौचालय, कपड़े बदलने के लिए चेंजिंग रूम और पीने के पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए साफ-सफाई पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि तैयारियां केवल कागजों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। सभी अधिकारी नियमित रूप से घाटों का निरीक्षण करें और मौके पर मिलने वाली कमियों को तुरंत दूर करें।
Rekha Gupta: भीड़भाड़ वाले घाटों पर CCTV से होगी निगरानी
छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए दिल्ली के बड़े और भीड़भाड़ वाले घाटों पर CCTV कैमरे लगाए जाएंगे। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए घाटों के आसपास फायर टेंडर भी तैनात किए जाएंगे। इसके साथ ही ट्रैफिक पुलिस को पार्किंग की उचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुचारू बनाए रखने के लिए ट्रैफिक डायवर्जन और जरूरत पड़ने पर सड़कों को बंद करने की जानकारी पहले से साझा की जाएगी। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं के मामले में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
छठ पूजा की तैयारियों को लेकर बैठक में कौन-कौन रहा मौजूद?
छठ पूजा की तैयारियों की समीक्षा के लिए आयोजित बैठक में कैबिनेट मंत्री कपिल मिश्रा, विधायक अभय वर्मा, चंदन कुमार चौधरी और संदीप सहरावत शामिल हुए। इसके अलावा दिल्ली पुलिस, ट्रैफिक पुलिस, नगर निगम दिल्ली (MCD), दिल्ली जल बोर्ड, लोक निर्माण विभाग (PWD) और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी भी बैठक में मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने सभी विभागों को आपसी तालमेल के साथ काम करने और निर्धारित समयसीमा के भीतर तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
यह भी पढ़े- आजम खान पर ED का बड़ा एक्शन, जौहर यूनिवर्सिटी की 426.46 करोड़ की संपत्ति कुर्क








