Cyclone Arnab: बंगाल की खाड़ी से उठा चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों को पार कर चुका है। हालांकि, तूफान अब धीरे-धीरे कमजोर हो रहा है, लेकिन इसका असर देश के कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक देखने को मिल सकता है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने मध्य प्रदेश, दिल्ली, बिहार, झारखंड, ओडिशा, तेलंगाना और छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों में बारिश की चेतावनी जारी की है। कुछ इलाकों में तेज हवाओं, गरज-चमक और भारी बारिश की आशंका है।
Cyclone Arnab: तट से टकराते समय 135 किमी प्रति घंटे तक थी हवाओं की रफ्तार
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, तट से टकराने के समय चक्रवाती तूफान अर्नब बेहद गंभीर श्रेणी में था। इस दौरान इसकी लगातार हवाओं की रफ्तार 125 से 135 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई, जबकि कुछ जगहों पर हवा के झोंके 150 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचे। बुधवार सुबह तूफान का केंद्र तटीय आंध्र प्रदेश और यनम क्षेत्र के ऊपर स्थित था। यह नरसापुर, यनम और काकीनाडा के आसपास के इलाकों के करीब सक्रिय रहा। इसके बाद तूफान उत्तर-उत्तर पश्चिम दिशा में आगे बढ़ा और धीरे-धीरे कमजोर होने लगा। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, अगले 24 से 48 घंटों में यह और कमजोर होकर पहले डीप डिप्रेशन और फिर सामान्य दबाव क्षेत्र में बदल सकता है।
Cyclone Arnab: कई राज्यों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट
चक्रवात अर्नब के प्रभाव से देश के कई हिस्सों में मौसम बदल गया है। मौसम विभाग ने तेलंगाना, विदर्भ, छत्तीसगढ़, झारखंड, ओडिशा और बिहार के कई जिलों में बारिश की संभावना जताई है। इन इलाकों में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज बारिश और हवाएं चल सकती हैं। चक्रवात कमजोर होने के बावजूद इससे जुड़े बादल और नमी कई राज्यों में बारिश का कारण बन सकते हैं।
मध्य प्रदेश में भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका
चक्रवात अर्नब का असर मध्य प्रदेश में भी देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी मध्य प्रदेश में अगले तीन दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।
– 28 अक्टूबर: पूर्वी मध्य प्रदेश के कुछ इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी।
– 29 अक्टूबर: पूर्वी मध्य प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में बहुत भारी बारिश की आशंका।
– 30 अक्टूबर: कई इलाकों में तेज बारिश का दौर जारी रह सकता है।
वहीं, पश्चिमी मध्य प्रदेश में 29 से 31 अक्टूबर के बीच गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश होने का अनुमान है। प्रशासन को सतर्क रहने और लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।
दिल्ली समेत उत्तर भारत में भी बदलेगा मौसम
चक्रवात अर्नब का असर राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली समेत उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में भी देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, 29 अक्टूबर को दिल्ली में आसमान में बादल छाए रहने और मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं, 30 अक्टूबर को गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इससे तापमान में गिरावट आने की उम्मीद है। बिहार और झारखंड के कुछ इलाकों में भी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
लगातार तूफान की निगरानी कर रहा मौसम विभाग
भारतीय मौसम विभाग चक्रवात अर्नब की गतिविधियों पर लगातार नजर रख रहा है। मछलीपट्टनम स्थित डॉप्लर वेदर रडार के जरिए तूफान की निगरानी की जा रही है। हालांकि, चक्रवात अब कमजोर पड़ रहा है, लेकिन इससे जुड़े बादल और नमी कई राज्यों में भारी बारिश का कारण बन सकते हैं। ऐसे में लोगों को मौसम विभाग की ताजा चेतावनियों और स्थानीय प्रशासन की सलाह पर ध्यान देने की जरूरत है।
यह भी पढ़े- तेल आयात, इजराइल से पाकिस्तान तक… विदेश मंत्रालय ने अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर क्या-क्या कहा?








