Azam Khan: समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता और उत्तर प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री मोहम्मद आजम खान की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ गई हैं। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मनी लॉन्ड्रिंग की जांच के तहत रामपुर स्थित मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी की जमीन और इमारतों को कुर्क कर लिया है। ईडी के अनुसार, कुर्क की गई संपत्ति की बुक वैल्यू 426.46 करोड़ रुपये है, जबकि इसकी मौजूदा बाजार कीमत करीब 1,170 करोड़ रुपये आंकी गई है। आजम खान विभिन्न कानूनी मामलों में दोषी ठहराए जाने के बाद फिलहाल रामपुर जिला जेल में बंद हैं। इसी बीच जांच एजेंसी की इस बड़ी कार्रवाई ने उनकी मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।
Azam Khan: किस मामले में हुई ED की कार्रवाई?
प्रवर्तन निदेशालय के लखनऊ जोनल कार्यालय ने प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA), 2002 के तहत यह कार्रवाई की है। मामला मौलाना मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट और आजम खान के खिलाफ दर्ज मुकदमों से जुड़ा है। आजम खान इस ट्रस्ट के संस्थापक हैं और जौहर यूनिवर्सिटी के चांसलर भी हैं। जांच एजेंसी ने रामपुर के अजीम नगर थाने में दर्ज 26 एफआईआर के आधार पर जांच शुरू की थी। आरोप है कि यूनिवर्सिटी के निर्माण के लिए किसानों की जमीनों पर जबरन कब्जा किया गया। इसके अलावा, वक्फ संपत्तियों पर कब्जा करने और शत्रु संपत्ति पर अवैध निर्माण करने के आरोप भी लगाए गए हैं।
Azam Khan: यूनिवर्सिटी निर्माण में सरकारी धन के दुरुपयोग का आरोप
ईडी की जांच के मुताबिक, यूनिवर्सिटी के निर्माण पर हुए कुल खर्च में से केवल 72.63 करोड़ रुपये के लिए वैध स्रोतों का हिसाब प्रस्तुत किया जा सका। वहीं, 426.46 करोड़ रुपये के खर्च का संतोषजनक हिसाब नहीं मिलने की बात सामने आई है। जांच एजेंसी के अनुसार, मौलाना मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट ने अपने आयकर रिटर्न में यूनिवर्सिटी निर्माण पर 178.32 करोड़ रुपये का खर्च दिखाया था। आरोप है कि यूनिवर्सिटी के निर्माण में सरकारी धन, मशीनरी और अवैध फंड का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल किया गया।
पहले भी यूनिवर्सिटी और संबंधित ठिकानों पर हुई थी छापेमारी
इस मामले में ईडी इससे पहले 19 अगस्त को जौहर यूनिवर्सिटी और उससे जुड़े ठिकानों पर छापेमारी कर चुकी है। इस दौरान जांच एजेंसी ने कई अहम डिजिटल रिकॉर्ड और दस्तावेज बरामद किए थे। अब यूनिवर्सिटी की जमीन और इमारतों को कुर्क करने की कार्रवाई की गई है। ईडी के मुताबिक, मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
यह भी पढ़े- गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक सीट पर ध्रुव त्रिपाठी का दबदबा बरकरार, चौथी बार जीते








