PM Modi on Congress: चार राज्यों की 28 विधान परिषद (MLC) सीटों के चुनाव परिणामों को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, बिहार और कर्नाटक में हुए एमएलसी चुनावों का जिक्र करते हुए कांग्रेस पर तंज कसा है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर सवाल उठाया कि बैलेट पेपर से हुए इन चुनावों में कांग्रेस को कितनी सीटें मिलीं। पीएम मोदी ने अपनी पोस्ट में लिखा, “चार बड़े राज्यों-उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, बिहार और कर्नाटक की 28 सीटों पर एमएलसी चुनाव हुए। ये चुनाव बैलेट पेपर के जरिए कराए गए थे। जरा अंदाजा लगाएं कि कांग्रेस ने इनमें से कितनी सीटें जीतीं?”
PM Modi on Congress: EVM पर विपक्ष के सवालों को लेकर पीएम मोदी का निशाना
प्रधानमंत्री मोदी के इस बयान को इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) को लेकर विपक्ष की ओर से उठाए जाने वाले सवालों से जोड़कर देखा जा रहा है। कांग्रेस समेत कई विपक्षी दल चुनावों में EVM की विश्वसनीयता पर सवाल उठाते रहे हैं और बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग करते रहे हैं। ऐसे में बैलेट पेपर से हुए एमएलसी चुनावों का जिक्र करके पीएम मोदी ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उनके इस बयान के बाद चुनावी नतीजों को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं।
PM Modi on Congress: कर्नाटक की चारों सीटों पर NDA की जीत
कर्नाटक की चार एमएलसी सीटों पर भाजपा-जेडीएस गठबंधन ने जीत दर्ज की। पश्चिम स्नातक सीट से भाजपा के एसवी संकानूर और दक्षिण-पूर्व स्नातक सीट से चिदानंद एम. गौड़ा विजयी रहे। उत्तर-पूर्व शिक्षक सीट पर भाजपा के शशिल जी नामोशी ने लगातार पांचवीं बार जीत हासिल की। वहीं, बेंगलुरु शिक्षक सीट पर जेडीएस के एपी रंगनाथ ने कांग्रेस के मौजूदा एमएलसी पुट्टन्ना को हराया।
उत्तर प्रदेश में BJP और सपा के बीच मुकाबला
उत्तर प्रदेश की 11 एमएलसी सीटों पर मुख्य मुकाबला भाजपा और समाजवादी पार्टी के बीच रहा। भाजपा ने मेरठ स्नातक सीट से दिनेश गोयल, मेरठ शिक्षक सीट से श्रीचंद शर्मा, लखनऊ शिक्षक सीट से उमेश द्विवेदी और बरेली-मुरादाबाद शिक्षक सीट से हरि सिंह ढिल्लों को जीत मिली। वहीं, समाजवादी पार्टी ने वाराणसी शिक्षक सीट से लाल बिहारी यादव और आगरा शिक्षक सीट से आकाश अग्रवाल के जरिए जीत दर्ज की। अन्य सीटों पर मतगणना के बाद स्थिति स्पष्ट होने की जानकारी दी गई।
बिहार में 30 साल बाद पटना शिक्षक सीट पर बड़ा उलटफेर
बिहार की आठ एमएलसी सीटों पर भी दिलचस्प मुकाबला देखने को मिला। पटना शिक्षक सीट पर राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के डॉ. संजीव कुमार ने भाजपा के वरिष्ठ नेता नवल किशोर यादव को हराया। इस सीट पर करीब 30 साल बाद बड़ा उलटफेर हुआ। तिरहुत शिक्षक सीट से भाजपा के नरेंद्र सिंह ने जीत दर्ज की। वहीं, दरभंगा शिक्षक सीट पर जन सुराज के डॉ. सुरेश प्रसाद राय विजयी रहे। सारण शिक्षक सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार राहुल राज ने जीत हासिल की, जबकि पटना स्नातक सीट पर जेडीयू के नीरज कुमार विजयी रहे।
महाराष्ट्र की पांच सीटों पर मुकाबला
महाराष्ट्र की पांच एमएलसी सीटों में तीन स्नातक और दो शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल थे। इन सीटों पर महायुति और महाविकास अघाड़ी (MVA) के बीच मुकाबला रहा। वरीयता मतों की गिनती के कारण अंतिम नतीजों की प्रक्रिया जारी होने की जानकारी दी गई। इन चार राज्यों के चुनाव परिणामों के बीच प्रधानमंत्री मोदी की टिप्पणी ने कांग्रेस और विपक्ष की चुनावी रणनीति को लेकर राजनीतिक बहस को और तेज कर दिया है।
यह भी पढ़े- सीएम रेखा गुप्ता का बड़ा निर्देश, दिल्ली में छठ पूजा के लिए बनेंगे 1400 से ज्यादा घाट








