Delhi Traffic: देश की राजधानी दिल्ली में दिवाली और धनतेरस की खरीदारी का असर अब सड़कों पर भी दिखाई देने लगा है। त्योहार के चलते बाजारों में बड़ी संख्या में लोग खरीदारी के लिए पहुंच रहे हैं। बुधवार को दिल्ली के कई प्रमुख बाजारों और मार्गों पर वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। चांदनी चौक, करोल बाग और सरोजिनी नगर समेत कई इलाकों में ट्रैफिक की रफ्तार धीमी पड़ गई। जाम के कारण दफ्तर से घर लौटने वाले लोगों और खरीदारी करने निकले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
चांदनी चौक से सरोजिनी नगर तक लगा जाम
दिवाली की खरीदारी के लिए दिल्ली के प्रमुख बाजारों में भीड़ बढ़ने से आसपास की सड़कों पर वाहनों का दबाव बढ़ गया है। चांदनी चौक, करोल बाग, सरोजिनी नगर, लाजपत नगर, साउथ एक्सटेंशन, राजौरी गार्डन और कमला नगर के आसपास ट्रैफिक प्रभावित रहा। उत्तरी दिल्ली में कमला नगर से दिल्ली विश्वविद्यालय के लालबत्ती तक वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। वहीं, कश्मीरी गेट, हौज खास और डिफेंस कॉलोनी के आसपास भी लोगों को जाम का सामना करना पड़ा।
Delhi Traffic: आईटीओ और धौला कुआं पर भी गाड़ियों की कतारें
ट्रैफिक की समस्या केवल बाजारों तक सीमित नहीं रही। राजधानी के कई प्रमुख मार्गों पर भी वाहनों की रफ्तार थमी रही। आईटीओ, साउथ एक्सटेंशन और धौला कुआं के आसपास गाड़ियों की लंबी कतारें लगी रहीं। लोधी रोड पर फ्लाईओवर के पास भी वाहनों का दबाव देखने को मिला। इसके अलावा एम्स से सराय काले खां के बीच बारापुला कॉरिडोर पर भी वाहन धीमी गति से आगे बढ़ते नजर आए।
दिल्ली-गुरुग्राम आने-जाने वालों को भी परेशानी
त्योहारों के दौरान दिल्ली और गुरुग्राम के बीच सफर करने वाले लोगों को भी ट्रैफिक जाम के कारण दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बाजारों में खरीदारी के लिए निजी वाहनों से पहुंचने वाले लोगों की संख्या बढ़ने से सड़कों पर दबाव बना हुआ है। कई जगह वाहन रेंगते नजर आए और लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में सामान्य से अधिक समय लगा।
Delhi Traffic: मेट्रो और बस से सफर करने की सलाह
त्योहारों के दौरान बाजारों के आसपास पार्किंग की समस्या भी बढ़ गई है। निजी वाहनों की संख्या अधिक होने के कारण पार्किंग स्थल जल्दी भर रहे हैं। ऐसे में ट्रैफिक पुलिस ने लोगों को निजी वाहनों के बजाय मेट्रो और बस जैसे सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने की सलाह दी है। साथ ही बाजार जाने से पहले अपने रास्ते का ट्रैफिक अपडेट देखने और निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े करने की अपील की गई है। इससे सड़कों पर वाहनों का दबाव कम करने और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिल सकती है।
ये भी पढ़ें…धनतेरस पर क्यों जलाते हैं यमराज के नाम का चौमुखी दीपक? जानें सही समय और दिशा








