DA Hike: त्योहारों के इस सीजन में सरकारी कर्मचारियों और पेंशनर्स को राज्य सरकारों की ओर से लगातार राहत दी जा रही है। राजस्थान, मध्य प्रदेश, तमिलनाडु और छत्तीसगढ़ के बाद अब पंजाब, गुजरात और उत्तराखंड सरकार ने भी महंगाई भत्ते (DA) में 3 प्रतिशत की बढ़ोतरी की है। इस फैसले से लाखों कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को फायदा मिलेगा। हालांकि, तीनों राज्यों में बढ़ा हुआ DA लागू होने की तारीख और एरियर भुगतान का तरीका अलग-अलग है। आइए जानते हैं किस राज्य में कर्मचारियों को कितना महंगाई भत्ता मिलेगा और कितने महीने का एरियर दिया जाएगा।
DA Hike: पंजाब में 50% से बढ़कर 53% हुआ DA
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने राज्य के सरकारी कर्मचारियों और पेंशनर्स को महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी की सौगात दी है। सरकार के इस फैसले से करीब 8 लाख कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को सीधा लाभ मिलेगा। पंजाब में महंगाई भत्ता 50 प्रतिशत से बढ़ाकर 53 प्रतिशत कर दिया गया है। DA की नई दरें 1 नवंबर 2026 से प्रभावी होंगी। यानी कर्मचारियों को बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता दिसंबर 2026 में मिलने वाली सैलरी और पेंशन के साथ मिलेगा। गौरतलब है कि पंजाब सरकार ने इससे पहले 23 सितंबर को भी DA में 8 प्रतिशत की बढ़ोतरी की थी। उस समय महंगाई भत्ता 42 प्रतिशत से बढ़ाकर 50 प्रतिशत किया गया था। अब 3 प्रतिशत की नई बढ़ोतरी के बाद पिछले दो महीनों में पंजाब के कर्मचारियों का DA कुल 11 प्रतिशत बढ़ चुका है।
DA Hike: गुजरात में 60% से बढ़कर 63% हुआ महंगाई भत्ता, मिलेगा 4 महीने का एरियर
गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल की सरकार ने भी राज्य के कर्मचारियों और पेंशनर्स को राहत दी है। सरकार ने महंगाई भत्ते में 3 प्रतिशत की बढ़ोतरी करते हुए इसे 60 प्रतिशत से बढ़ाकर 63 प्रतिशत कर दिया है। इस फैसले का लाभ गुजरात के 4.62 लाख सरकारी कर्मचारियों और 5.07 लाख पेंशनर्स को मिलेगा। यानी कुल 9.69 लाख से अधिक लोग इस बढ़ोतरी के दायरे में आएंगे। गुजरात में DA की नई दरें 1 जुलाई 2026 से प्रभावी मानी जाएंगी। ऐसे में कर्मचारियों और पेंशनर्स को जुलाई से अक्टूबर 2026 तक का चार महीने का एरियर नवंबर में मिलने वाली सैलरी और पेंशन के साथ नकद दिया जाएगा। सरकार इस एरियर भुगतान पर करीब 523 करोड़ रुपये खर्च करेगी।
उत्तराखंड में भी DA में 3% की बढ़ोतरी
पंजाब और गुजरात के बाद उत्तराखंड सरकार ने भी राज्य कर्मचारियों को महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी की सौगात दी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने DA में 3 प्रतिशत की वृद्धि के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इस फैसले के बाद उत्तराखंड के सरकारी कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 60 प्रतिशत से बढ़कर 63 प्रतिशत हो जाएगा। बढ़ी हुई दरें 1 जुलाई 2026 से लागू मानी जाएंगी। मुख्यमंत्री की मंजूरी के अनुसार, पात्र कर्मचारियों को 1 जुलाई से 31 अक्टूबर 2026 तक की अवधि के महंगाई भत्ते के अंतर की राशि का नकद भुगतान किया जाएगा। इस फैसले का लाभ राज्य सरकार के कर्मचारियों के अलावा स्थानीय निकायों, सहायता प्राप्त शैक्षणिक संस्थानों, राज्य विश्वविद्यालयों, तकनीकी शैक्षणिक संस्थानों और UGC वेतनमान के तहत वेतन पाने वाले पात्र कर्मचारियों को भी मिलेगा।
केंद्र सरकार भी बढ़ा चुकी है 3% DA
बता दें कि केंद्र सरकार भी केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स के महंगाई भत्ते में 3 प्रतिशत की बढ़ोतरी को मंजूरी दे चुकी है। 28 अक्टूबर 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में DA और DR बढ़ाने का फैसला लिया गया था। इस बढ़ोतरी के बाद 7वें केंद्रीय वेतन आयोग के तहत वेतन पाने वाले कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 60 प्रतिशत से बढ़कर 63 प्रतिशत हो गया है। नई दरें 1 जुलाई 2026 से प्रभावी मानी गई हैं। वहीं, केंद्रीय कर्मचारी अब 8वें वेतन आयोग (8th Pay Commission) की सिफारिशों और उनके लागू होने का इंतजार कर रहे हैं।
यह भी पढ़े- चुनाव आयोग में IT चीफ की घटी पावर, 3 महीने बाद नया आदेश जारी; अब सीनियर अफसर से लेनी होगी मंजूरी








