UP Politics: उत्तर प्रदेश की राजनीति में इन दिनों दो विवादित बयानों को लेकर घमासान मचा हुआ है। एक तरफ हिंदू धर्मगुरु धीरेंद्र शास्त्री के भगवान राम और कृष्ण को लेकर दिए गए बयान पर विवाद जारी है, तो दूसरी तरफ दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रोफेसर और आरएसएस से जुड़े संगीत रागी की टीवी डिबेट में की गई टिप्पणी ने सियासी माहौल गरमा दिया है। समाजवादी पार्टी दोनों मामलों को लेकर लगातार भारतीय जनता पार्टी पर हमलावर है। वहीं, बीजेपी इन विवादों के बीच असहज नजर आ रही है।
UP Politics: धीरेंद्र शास्त्री के बयान पर मचा विवाद
पहला मामला हिंदू धर्मगुरु धीरेंद्र शास्त्री से जुड़ा है, जिन्हें उनके अनुयायी बागेश्वर बाबा के नाम से जानते हैं। उन्होंने भगवान राम और भगवान कृष्ण की तुलना करते हुए एक विवादित टिप्पणी की थी। इस बयान के सामने आने के बाद राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर प्रतिक्रियाएं आने लगीं। हालांकि, विवाद बढ़ने के बाद धीरेंद्र शास्त्री ने अपने बयान के लिए माफी मांग ली है।
UP Politics: संगीत रागी की टिप्पणी से गरमाई सियासत
दूसरा मामला दिल्ली विश्वविद्यालय में राजनीति विज्ञान के प्रोफेसर और आरएसएस से जुड़े संगीत रागी का है। एक टीवी चैनल पर लाइव डिबेट के दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता मनोज यादव ‘काका’ के लिए आपत्तिजनक और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया था। इस टिप्पणी के बाद विवाद खड़ा हो गया। हालांकि, संगीत रागी ने बाद में सफाई देते हुए माफी मांगी और कहा कि उनकी टिप्पणी किसी खास समुदाय के लिए नहीं थी।
धीरेंद्र शास्त्री की कथा रद्द कराने की मांग
दोनों मामलों में माफी के बावजूद समाजवादी पार्टी का विरोध जारी है। उत्तर प्रदेश के कुंडा में 17 नवंबर से धीरेंद्र शास्त्री का कथा कार्यक्रम प्रस्तावित है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव इन कार्यक्रमों को रद्द कराने की मांग कर रहे हैं। इससे पहले बुधवार को समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने लखनऊ के हजरतगंज थाने में धीरेंद्र शास्त्री के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग को लेकर तहरीर दी थी।
संगीत रागी के खिलाफ सपा कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन
वहीं, समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता मनोज यादव ‘काका’ के समर्थन में भी पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने संगीत रागी का पुतला फूंकने की कोशिश की। इस घटना के बाद दोनों विवादों को लेकर यूपी की राजनीति में बयानबाजी और तेज हो गई है।
अखिलेश यादव से संजय सिंह तक, कई नेताओं ने दी प्रतिक्रिया
इन दोनों विवादित बयानों पर विपक्षी दलों के कई नेता अपनी प्रतिक्रिया दे चुके हैं। इनमें समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव, आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह, आरजेडी नेता तेजस्वी यादव और पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव शामिल हैं। दोनों मामलों को लेकर विपक्षी नेताओं की प्रतिक्रियाओं ने उत्तर प्रदेश की सियासत में इस विवाद को और तूल दे दिया है।
यह भी पढ़े- दिवाली पर लक्ष्मी-गणेश की मूर्ति खरीदते समय रखें इन बातों का ध्यान, जानें कैसी मूर्ति लाना माना जाता है शुभ








