Home » धर्म » बागेश्वर बाबा धीरेंद्र शास्त्री की बढ़ीं मुश्किलें, विवादित टिप्पणी पर आपराधिक मानहानि की शिकायत दर्ज

बागेश्वर बाबा धीरेंद्र शास्त्री की बढ़ीं मुश्किलें, विवादित टिप्पणी पर आपराधिक मानहानि की शिकायत दर्ज

Dhirendra Shastri Controversy:

Dhirendra Shastri Controversy: बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। भगवान श्रीकृष्ण को लेकर की गई कथित विवादित टिप्पणी के मामले में उनके खिलाफ आपराधिक मानहानि की शिकायत दर्ज कराई गई है। आगरा की सिविल कोर्ट में अधिवक्ता अजय प्रताप सिंह ने यह शिकायत दाखिल की है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि धीरेंद्र शास्त्री की टिप्पणी से धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं और भगवान श्रीकृष्ण की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है। उन्होंने इस मामले में बाबा के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की है।

Dhirendra Shastri Controversy: 14 दिसंबर को होगी मामले की अगली सुनवाई

शिकायतकर्ता अजय प्रताप सिंह के मुताबिक, वह ननिहाल की ओर से भगवान श्रीकृष्ण के वंशज हैं। उनका कहना है कि धीरेंद्र शास्त्री की टिप्पणी से उनके पूरे परिवार की भावनाओं को ठेस पहुंची है। इस शिकायत पर सिविल जज कंचन कुमार की अदालत में सुनवाई हुई। शिकायतकर्ता के अनुसार, अदालत ने मामले को स्वीकार कर लिया है। अब इस मामले की अगली सुनवाई 14 दिसंबर 2026 को निर्धारित की गई है।

Dhirendra Shastri Controversy: अखिलेश यादव ने की धीरेंद्र शास्त्री के कार्यक्रमों से दूर रहने की अपील

धीरेंद्र शास्त्री की टिप्पणी को लेकर यादव समुदाय में भी नाराजगी देखने को मिल रही है। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने लोगों से धीरेंद्र शास्त्री के कार्यक्रमों से दूर रहने की अपील की है। वहीं, उत्तर प्रदेश बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने भी इस विवाद पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि जिनका अपना आचरण सवालों में हो, उन्हें दूसरों को उपदेश नहीं देना चाहिए।

मध्य प्रदेश के शिवपुरी में कथा के दौरान दिया था बयान

दरअसल, यह पूरा विवाद मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के करेरा में आयोजित रामकथा कार्यक्रम के दौरान शुरू हुआ। कथा सुनाते हुए धीरेंद्र शास्त्री ने भगवान श्रीराम और भगवान श्रीकृष्ण की शारीरिक मुद्राओं यानी उनके खड़े होने के तरीकों की तुलना की थी। इस दौरान उन्होंने कहा था कि जो लोग श्रीकृष्ण को मानते हैं, उन्हें शायद यह बात बुरी लगे, लेकिन कृष्ण बहुत टेढ़े हैं। जब वे खड़े होते हैं तो तीन जगहों से मुड़े हुए होते हैं।

शिकायतकर्ता ने भगवान कृष्ण के वंशज होने का दिया तर्क

शिकायतकर्ता अजय प्रताप सिंह ने अपनी शिकायत में तर्क दिया है कि भगवान श्रीकृष्ण द्वापर युग में मानव अवतार के रूप में जन्मे थे और उनके वंशज आज भी भारत में रहते हैं। उन्होंने जादून, जडेजा और भाटी जैसे समुदायों का उल्लेख करते हुए कहा कि ये समुदाय उसी युग से जुड़े हैं। शिकायतकर्ता का आरोप है कि धीरेंद्र शास्त्री की टिप्पणी से भगवान श्रीकृष्ण की प्रतिष्ठा और उनके अनुयायियों की भावनाओं को ठेस पहुंची है। फिलहाल मामले में अगली सुनवाई 14 दिसंबर को होनी है।

यह भी पढ़े- इंडियन यूथ कांग्रेस पदाधिकारियों पर गिरी गाज के क्या मायने समझे जाएं?