Home » नई दिल्ली » युद्ध झेल रहे गाजा और यूक्रेन की हवा भी दिल्ली से साफ, राजधानी में AQI 371 के पार

युद्ध झेल रहे गाजा और यूक्रेन की हवा भी दिल्ली से साफ, राजधानी में AQI 371 के पार

Delhi Air Pollution:

Delhi Air Pollution: दिवाली के बाद दिल्ली की हवा लगातार जहरीली होती जा रही है। पटाखों के धुएं और पहले से मौजूद प्रदूषण के कारण लोगों को सांस लेने में परेशानी हो रही है। 9 नवंबर को दिल्ली का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) करीब 371 दर्ज किया गया। वहीं, राजधानी के कई इलाकों में AQI 450 के करीब पहुंच गया। यह स्थिति लोगों की सेहत के लिए बेहद खतरनाक मानी जाती है। हैरानी की बात यह है कि युद्ध की मार झेल रहे गाजा और यूक्रेन जैसे इलाकों में भी दिल्ली के मुकाबले हवा ज्यादा साफ दर्ज की गई है। ईरान और रूस की राजधानी में भी प्रदूषण का स्तर दिल्ली से काफी कम रहा। हालात को देखते हुए दिल्ली सरकार ने GRAP-3 के तहत पाबंदियां लागू की हैं, लेकिन इसके बावजूद प्रदूषण से राहत नहीं मिल रही है।

Delhi Air Pollution: युद्ध झेल रहे इलाकों में कितना रहा AQI?

दिल्ली में 9 नवंबर को औसत AQI करीब 371 दर्ज किया गया। इसके मुकाबले यूक्रेन की राजधानी कीव में यह आंकड़ा करीब 55 रहा। IQAir की रिपोर्ट के मुताबिक, यूक्रेन का सबसे प्रदूषित शहर इवानो-फ्रन्कीव्स्क रहा, जहां औसत AQI करीब 134 दर्ज किया गया। यह स्तर भी सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकता है, लेकिन दिल्ली की तुलना में काफी कम है। इसी तरह रूस का औसत AQI करीब 52 दर्ज किया गया। रूस की राजधानी मॉस्को में हवा सबसे साफ रही, जहां AQI करीब 25 था। वहीं, AQI.in के आंकड़ों के मुताबिक, ईरान की राजधानी तेहरान में औसत AQI करीब 36 दर्ज किया गया। AQIcn की रिपोर्ट के अनुसार, गाजा में भी हवा की गुणवत्ता सामान्य रही। यहां का लाइव AQI डेटा उपलब्ध नहीं हो सका, लेकिन सैटेलाइट और मौसम संबंधी मॉडल के आधार पर AQI 37 से 40 के बीच बताया गया। यह अच्छी वायु गुणवत्ता की श्रेणी में आता है। ध्यान देने वाली बात यह है कि दिल्ली के अलावा यूक्रेन, रूस, ईरान और गाजा के लिए दिए गए AQI के आंकड़े अमेरिकी AQI स्केल पर आधारित हैं।

Delhi Air Pollution: युद्ध वाले इलाकों के मुकाबले दिल्ली में ज्यादा प्रदूषण क्यों?

दिल्ली में प्रदूषण बढ़ने की वजह सिर्फ दिवाली पर जलाए गए पटाखे नहीं हैं। पेट्रोल और डीजल से चलने वाले वाहनों का धुआं, पंजाब और हरियाणा में पराली जलाना और फैक्ट्रियों से निकलने वाला धुआं भी वायु प्रदूषण के प्रमुख कारण हैं। ये सभी कारक मिलकर राजधानी की हवा को जहरीला बनाते हैं। दूसरी ओर, युद्ध प्रभावित इलाकों में बम और मिसाइल हमलों से धूल और धुआं जरूर फैलता है, लेकिन वहां औद्योगिक गतिविधियां और सड़कों पर वाहनों की आवाजाही भी कम हो गई है। इसका असर स्थानीय प्रदूषण के स्तर पर पड़ा है। यूक्रेन के वैज्ञानिकों ने साल 2024 में इस विषय पर एक रिसर्च की थी। इसमें बताया गया कि युद्ध के हमलों से AQI में बढ़ोतरी हुई, लेकिन औद्योगिक गतिविधियों और वाहनों की आवाजाही कम होने से स्थानीय प्रदूषण में भी गिरावट आई। यही वजह है कि युद्ध प्रभावित कुछ इलाकों में प्रदूषण का स्तर दिल्ली से कम दर्ज किया गया।

दिल्ली के किन इलाकों में सबसे ज्यादा प्रदूषण?

दिल्ली AQI वेबसाइट के आंकड़ों के मुताबिक, राजधानी में सबसे खराब हवा DTU इलाके में दर्ज की गई, जहां AQI 439 तक पहुंच गया। इसके बाद बुराड़ी क्रॉसिंग में 433, मुंडका में 425, विवेक विहार में 421 और सोनिया विहार में 419 AQI दर्ज किया गया। इसके अलावा नॉर्थ कैंपस, रोहिणी, जहांगीरपुरी, आईटीओ, पंजाबी बाग, पटपड़गंज और नरेला समेत कई इलाकों में AQI 400 के पार बना हुआ है। वहीं, वजीरपुर, ओखला फेज-2, नजफगढ़, लोधी रोड और अशोक विहार में भी हवा की स्थिति खराब रही। इन इलाकों में AQI करीब 350 दर्ज किया गया। राजधानी में सबसे कम AQI कैंटोनमेंट इलाके में रहा, लेकिन यहां भी यह 293 दर्ज किया गया। यानी दिल्ली के इस इलाके में भी हवा साफ नहीं है और प्रदूषण का स्तर काफी ज्यादा बना हुआ है।

यह भी पढ़े- मध्य प्रदेश सरकार पर कर्ज का बोझ क्यों बढ़ रहा? ₹100 की कमाई पर ₹124 खर्च, समझिए पूरा बजट गणित