Sonia Gandhi: 2004 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की अगुआई वाले यूपीए गठबंधन ने वामपंथी दलों, समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी के समर्थन से बहुमत हासिल किया था। गठबंधन को कुल 335 सांसदों का समर्थन मिला था। चुनाव के बाद कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी का प्रधानमंत्री बनना लगभग तय माना जा रहा था, लेकिन आखिरी समय में उन्होंने इस पद को स्वीकार करने से इनकार कर दिया। इसके बाद डॉ. मनमोहन सिंह देश के प्रधानमंत्री बने।सोनिया गांधी के इस फैसले को लेकर अब तक कई तरह की कहानियां और दावे सामने आते रहे हैं। लेकिन अब उन्होंने अपनी किताब ‘Belonging: A Journey of Love’ में पहली बार इस पूरे घटनाक्रम का विस्तार से जिक्र किया है। उन्होंने बताया है कि प्रधानमंत्री बनने की तैयारी के बीच उन्होंने अपना फैसला क्यों बदला, उस समय उनके परिवार और सहयोगियों की क्या प्रतिक्रिया थी और उनके मन में क्या चल रहा था। वहीं, पूर्व विदेश मंत्री के. नटवर सिंह ने अपनी किताब में इस फैसले को लेकर एक अलग दावा किया है।
18 मई 2004: राष्ट्रपति भवन से लौटते समय नहीं हुई पीएम पद पर बात
सोनिया गांधी अपनी किताब में लिखती हैं कि 18 मई 2004 को वह डॉ. मनमोहन सिंह के साथ राष्ट्रपति भवन पहुंची थीं। वहां उन्होंने राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम को यूपीए के सांसदों और सहयोगी दलों की सूची सौंपी। राष्ट्रपति ने उनसे कहा कि सूची पर सभी सहयोगी दलों के नेताओं के हस्ताक्षर होने चाहिए। इस पर सोनिया ने जवाब दिया कि वह अगले दिन शाम तक हस्ताक्षर वाली सूची उन्हें सौंप देंगी।इसके बाद सोनिया और मनमोहन सिंह राष्ट्रपति भवन से उनके आवास 10 जनपथ के लिए रवाना हो गए। रास्ते में दोनों के बीच प्रधानमंत्री पद को लेकर कोई बातचीत नहीं हुई। सोनिया के मुताबिक, इससे पहले भी दोनों के बीच इस विषय पर चर्चा नहीं हुई थी। डॉ. मनमोहन सिंह समेत बाकी नेताओं को यही उम्मीद थी कि सोनिया गांधी ही प्रधानमंत्री बनेंगी।
Sonia Gandhi: सोनिया ने कहा- कार्यकर्ताओं को कैसे समझाऊंगी कि मैं सरकार नहीं चलाऊंगी
मनमोहन सिंह को उनके घर छोड़ने के बाद सोनिया गांधी अपने आवास पहुंचीं। वहां गलियारे में अंधेरा था और प्रियंका गांधी उनके कमरे के बाहर इंतजार कर रही थीं। प्रियंका ने उनसे पूछा कि क्या हुआ है? सोनिया ने कांपती आवाज में बताया कि वह राष्ट्रपति को सांसदों और सहयोगी दलों की सूची देने गई थीं। इसके बाद वह अपने कमरे में जाकर बैठ गईं।सोनिया लिखती हैं कि उस समय वह अंदर से बिल्कुल सुन्न हो गई थीं। उनके मन में कई सवाल चल रहे थे। उन्हें समझ नहीं आ रहा था कि वह अपने सहयोगी दलों को इस फैसले के बारे में कैसे बताएंगी। वह सोच रही थीं कि उन कार्यकर्ताओं को कैसे समझाएंगी, जिन्होंने कांग्रेस को चुनाव में जीत दिलाने के लिए दिन-रात मेहनत की थी। उन्होंने यह भी लिखा कि वह लोगों को कैसे बतातीं कि चुनाव प्रचार के दौरान वह यह जानते हुए भी नेतृत्व कर रही थीं कि अंत में प्रधानमंत्री बनने से इनकार कर देंगी।
सोनिया ने सबसे पहले कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और अपने राजनीतिक सचिव अहमद पटेल को अपने फैसले की जानकारी दी। साथ ही उनसे यह पता लगाने को कहा कि सहयोगी दलों के नेता इस पर कैसी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। जब पार्टी कार्यकर्ताओं को इस फैसले की जानकारी मिली, तो वे सोनिया के घर के बाहर इकट्ठा हो गए। उन्होंने नारेबाजी करते हुए सोनिया से बात करने की मांग की।वहीं, गठबंधन के नेताओं ने बैठक बुलाने की मांग कर दी। सोनिया के मुताबिक, सहयोगी दलों के नेता यह मानने को तैयार ही नहीं थे कि वह प्रधानमंत्री बनने से इनकार कर सकती हैं। कुछ नेताओं ने उनसे कहा कि उन्होंने चुनाव में गठबंधन का नेतृत्व किया है और जनता ने उन पर भरोसा जताया है। ऐसे में वह लोगों को निराश कैसे कर सकती हैं? नेताओं ने यह भी कहा कि अगर सोनिया ने नेतृत्व नहीं किया तो उनके कार्यकर्ता नाराज हो जाएंगे और किसी दूसरे नेता को स्वीकार नहीं करेंगे।
Sonia Gandhi: घबराहट में सोनिया के मुंह से निकला ‘ठीक है’, नेताओं ने दे दी बधाई
इसके बाद सोनिया गांधी ने गठबंधन के नेताओं के साथ बैठक करने का फैसला किया। उनके आवास के दूसरे हिस्से में बने राजीव गांधी के कॉन्फ्रेंस रूम में बैठक शुरू हुई। करीब एक घंटे तक नेता सोनिया पर प्रधानमंत्री बनने के लिए दबाव बनाते रहे। वह चुपचाप उनकी बातें सुनती रहीं।सोनिया अपनी किताब में लिखती हैं कि जब नेताओं की बातें खत्म हुईं तो सभी जवाब के लिए उनकी तरफ देखने लगे। उन्होंने हिम्मत जुटाकर अपना फैसला बताना शुरू किया, लेकिन उनकी बात सुनते ही वहां मौजूद नेता खड़े हो गए और उनकी तरफ बढ़ने लगे। नेताओं ने उन्हें घेर लिया और लगभग आक्रामक अंदाज में कहा कि वे उनका फैसला स्वीकार नहीं करेंगे। उन्होंने सोनिया से कहा कि वह प्रधानमंत्री बनने से इनकार नहीं कर सकतीं।सोनिया लिखती हैं कि उस समय वह घबरा गई थीं। सभी तरफ से दबाव बनाया जा रहा था। इसी घबराहट में उनके मुंह से बहुत धीमी आवाज में ‘ठीक है’ निकल गया। लेकिन नेता उनकी पूरी बात सुनने का इंतजार किए बिना ही उन्हें बधाई देने लगे। सोनिया वहीं खड़ी रह गईं और सभी नेता संतुष्ट होकर वहां से चले गए।
Sonia Gandhi: राहुल ने गुस्से में पूछा- आपने हां कह दिया, हमारा क्या होगा?
इस पूरी बैठक को प्रियंका गांधी बाहर खिड़की से देख रही थीं। उन्होंने महसूस किया कि सोनिया पर जबरदस्ती प्रधानमंत्री बनने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। प्रियंका की आंखों में आंसू आ गए। वह तुरंत राहुल गांधी के कमरे में पहुंचीं और उन्हें पूरी बात बताई। यह सुनकर राहुल ने गुस्से में पूछा कि नेताओं ने ऐसा कैसे कर दिया और सोनिया कहां हैं?सोनिया लिखती हैं कि उनके दोनों बच्चे पिता राजीव गांधी की मौत के बाद से ही खुद को अपनी मां का रक्षक मानते थे। अब उन्हें अपने बच्चों का सामना करना था। राहुल ने गुस्से में सोनिया से पूछा, ‘आपने हां कह दिया?’ इस पर सोनिया ने जवाब दिया कि नेता उनकी बात सुन ही नहीं रहे थे और राहुल जानते हैं कि वह प्रधानमंत्री नहीं बनना चाहतीं।
राहुल ने कहा कि जब उन पर दबाव बनाया जा रहा है तो उनके परिवार के बारे में कौन सोचेगा? इतना कहकर वह नाराज होकर वहां से चले गए। इसके बाद प्रियंका ने सोनिया से कहा कि वह पहले से ही अपने फैसले को लेकर स्पष्ट थीं। उन्हें किसी के दबाव में आने की जरूरत नहीं है और वही करना चाहिए जो उन्होंने पहले तय किया था।सोनिया लिखती हैं कि उस समय उनका रोने का मन कर रहा था। उन्हें लग रहा था कि आखिर उन्होंने यह क्या कर दिया। इसके बाद उन्होंने अहमद पटेल को दोबारा फोन किया और कहा कि उन्हें तुरंत इस मामले में फैसला लेना है। वह चाहती थीं कि अहमद पटेल नेताओं को सार्वजनिक रूप से यह कहने से रोकें कि सोनिया ने प्रधानमंत्री बनने के लिए सहमति दे दी है।
Sonia Gandhi: पिता की बात आई याद- कभी मत भूलना कि तुम कहां से आई हो
इस दौरान प्रियंका ने रॉबर्ट वाड्रा को भी बुला लिया। सोनिया की करीबी दोस्त मंजू और सुमन दुबे भी उनके घर पहुंच गईं। इसके बाद कई घंटों तक बातचीत हुई। मंजू और सुमन ने सोनिया से कहा कि उन्हें वही करना चाहिए जो उनकी अंतरात्मा कहती है। रॉबर्ट वाड्रा ने भी सोनिया से कहा कि उन्होंने जीत हासिल करने के लिए बहुत संघर्ष किया है। इसलिए उन्हें किसी के दबाव में आने की जरूरत नहीं है। वह जो भी फैसला लेंगी, पूरा परिवार उनके साथ रहेगा।सोनिया लिखती हैं कि इस दौरान उन्हें अपने पिता की कही बात याद आ रही थी। उनके पिता हमेशा कहते थे कि कभी मत भूलना कि तुम कहां से आई हो। सोनिया के मुताबिक, उस समय कांग्रेस को उनके विदेशी मूल और देश की राजनीति संभालने की उनकी क्षमता को लेकर लगातार आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा था। हालांकि, उन्हें भरोसा था कि वह इस जिम्मेदारी को निभाने में सक्षम हैं।
उन्हें लगता था कि राजनीति में आना उनका कर्तव्य है। उन्होंने अपनी सास इंदिरा गांधी को कई चुनौतियों का सामना करते देखा था। वहीं, उनके पति राजीव गांधी ने भी कम उम्र में साहस के साथ प्रधानमंत्री की जिम्मेदारी संभाली थी। सोनिया के मुताबिक, उस समय देश को एक मजबूत सरकार की जरूरत थी, जो भारत को विभाजनकारी राजनीति से दूर रख सके। देश को विकास और प्रगति के रास्ते पर आगे बढ़ाने की आवश्यकता थी।उन्होंने लिखा कि राजनीति में आने के पीछे उनका एक बड़ा कारण यह भी था कि उन्हें लगता था कि अगर बीजेपी सत्ता में आई, जिसे आरएसएस और उससे जुड़े कई कट्टरपंथी संगठन चलाते हैं, तो इससे अलग-अलग समुदायों के बीच तनाव बढ़ सकता है और संविधान कमजोर हो सकता है।
सोनिया को यह भी अंदाजा था कि बीजेपी और उसके सहयोगी दल उनके विदेशी मूल के मुद्दे को उठाएंगे। इससे राजनीतिक विवाद इतना बढ़ सकता था कि देश के लिए किए जाने वाले अच्छे काम भी प्रभावित हो सकते थे। उन्होंने लिखा कि जब वह जानती थीं कि प्रधानमंत्री बनने से उस देश को नुकसान पहुंच सकता है, जिससे वह प्यार करती हैं, तो वह इस पद को स्वीकार कैसे कर सकती थीं। वह ऐसा बिल्कुल नहीं करना चाहती थीं।
Sonia Gandhi: राहुल से कहा- मैं अपने फैसले पर कायम रहूंगी
देर रात प्रियंका और रॉबर्ट वाड्रा अपने घर चले गए। वहीं, मंजू और सुमन गेस्ट रूम में सोने चली गईं। राहुल भी अपने कमरे में थे। सोनिया अपने बेडरूम में गईं और राजीव गांधी के बिस्तर की तरफ चुपचाप लेट गईं। उस रात उनके मन में दो तरह के विचार चल रहे थे।सोनिया लिखती हैं कि उनके मन में एक आवाज कह रही थी कि यह कितना अजीब है कि इटली में जन्मी और पली-बढ़ी एक महिला को दुनिया के दूसरे कोने में बसे एक अरब से ज्यादा लोगों के देश का नेतृत्व करने के लिए चुना जा रहा है। वहीं, दूसरी आवाज उन्हें याद दिला रही थी कि भारत अब उनका अपना देश है। उन्होंने अपनी जिंदगी का बड़ा हिस्सा इस देश को समर्पित कर दिया है। जब उन्होंने अपने सबसे प्रिय व्यक्ति राजीव गांधी को खोया था, तब भारत के लोगों ने उन्हें संभाला और मुश्किल समय में उनका साथ दिया था। ऐसे में वह उन लोगों के प्रति अपनी जिम्मेदारी से पीछे कैसे हट सकती हैं?
सोनिया को उस रात राजीव गांधी की बहुत याद आ रही थी। वह धीरे-धीरे नींद में जा रही थीं, तभी उनके मन से फैसले को लेकर आखिरी संदेह भी दूर हो गया। उन्हें महसूस हुआ कि उन्हें अपने मन की बात सुननी चाहिए और उसी फैसले पर कायम रहना चाहिए, जिसे वह पहले ही ले चुकी थीं।कुछ देर बाद सोनिया की नींद खुली और वह सीधे राहुल के कमरे में पहुंचीं। उन्होंने राहुल से कहा कि उन्होंने अपना फैसला कर लिया है और अब वह उसी पर कायम रहेंगी। राहुल ने उन्हें गले लगाते हुए कहा कि उनका फैसला बिल्कुल सही है। सोनिया लिखती हैं कि चुनाव परिणाम आने के बाद पहली बार उन्हें मन की शांति महसूस हुई। अब कोई भी उन्हें उनके फैसले से पीछे नहीं हटा सकता था।अगली सुबह प्रियंका और रॉबर्ट वाड्रा देर से लौटे। वहीं, मंजू और सुमन भी गेस्ट रूम से बाहर आ गईं। सभी सोनिया और राहुल को एक साथ बैठे देखकर खुश हुए।

मनमोहन सिंह को क्यों चुना गया प्रधानमंत्री?
19 मई 2004 को राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम ने सरकार बनाने के लिए सोनिया गांधी और डॉ. मनमोहन सिंह को आमंत्रित किया था। इसी बीच उस शाम संसद के सेंट्रल हॉल में कांग्रेस संसदीय दल की बैठक बुलाई गई। इसमें सोनिया गांधी को भाषण देना था। उनकी करीबी दोस्त मंजू की बेटी मंदाकिनी ने भाषण तैयार करने में उनकी मदद की।अब सबसे बड़ा सवाल था कि यूपीए सरकार का नेतृत्व कौन करेगा। सोनिया के मुताबिक, कांग्रेस में कई अनुभवी और योग्य नेता थे, लेकिन उन्होंने डॉ. मनमोहन सिंह को प्रधानमंत्री बनाने का फैसला किया। उनकी नजर में मनमोहन सिंह लंबे समय से एक बेदाग छवि वाले नेता थे। उन्हें देश के प्रशासन और शासन व्यवस्था की अच्छी समझ थी। इसके बाद 22 मई 2004 को डॉ. मनमोहन सिंह ने भारत के प्रधानमंत्री पद की शपथ ली।
Sonia Gandhi: राहुल को था मां की जान का डर, नटवर सिंह ने किया 24 घंटे की मोहलत का दावा
सोनिया गांधी ने अपनी किताब में प्रधानमंत्री पद ठुकराने के पीछे जो वजह बताई है, उससे अलग पूर्व विदेश मंत्री के. नटवर सिंह ने अपनी किताब ‘One Life Is Not Enough’ में एक और दावा किया है। मनमोहन सिंह सरकार में विदेश मंत्री रहे नटवर सिंह के मुताबिक, गांधी परिवार में सोनिया के प्रधानमंत्री बनने को लेकर मतभेद थे। राहुल गांधी अपनी मां के प्रधानमंत्री बनने के पूरी तरह खिलाफ थे।नटवर सिंह ने लिखा कि राहुल को डर था कि जिस तरह उनकी दादी इंदिरा गांधी और पिता राजीव गांधी की हत्या हुई थी, उसी तरह उनकी मां की जान को भी खतरा हो सकता है। उन्होंने अपनी किताब में बताया कि एक समय राहुल ने सोनिया से साफ कह दिया था कि वह उन्हें प्रधानमंत्री बनने से रोकने के लिए कोई भी कदम उठा सकते हैं।
नटवर सिंह के मुताबिक, राहुल की बात कोई सामान्य धमकी नहीं थी, क्योंकि वह अपने फैसले को लेकर बहुत दृढ़ थे। उन्होंने सोनिया को अपना फैसला बदलने के लिए 24 घंटे का समय दिया था। उस समय वहां डॉ. मनमोहन सिंह, सुमन दुबे, प्रियंका गांधी और नटवर सिंह भी मौजूद थे।नटवर सिंह के अनुसार, सोनिया की आंखों में आंसू थे। एक मां के लिए अपने बेटे की इस चिंता को नजरअंदाज करना आसान नहीं था। उनके मुताबिक, यही सोनिया के प्रधानमंत्री नहीं बनने की असली वजह थी।
इसके बाद कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की बैठक बुलाई गई। नटवर सिंह के अनुसार, इसमें डॉ. मनमोहन सिंह, पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी, अर्जुन सिंह, शिवराज पाटिल, गुलाम नबी आजाद और एमएल फोतेदार शामिल थे। नटवर सिंह और मनमोहन सिंह को छोड़कर बैठक में मौजूद बाकी नेताओं को यह जानकारी नहीं थी कि उन्हें किस वजह से बुलाया गया है।बैठक में सोनिया गांधी ने शांत आवाज में डॉ. मनमोहन सिंह के नाम का प्रस्ताव रखा। इस पर मनमोहन सिंह ने तुरंत कहा कि उनके पास जनता का जनादेश नहीं है, यानी जनता ने उन्हें सीधे प्रधानमंत्री बनाने के लिए वोट नहीं दिया है। तब नटवर सिंह ने उनसे कहा कि जिस व्यक्ति को जनता का समर्थन मिला है, वही उन्हें यह जिम्मेदारी सौंप रहा है। ऐसे में अब उनके पास यूपीए सरकार का नेतृत्व संभालने के अलावा कोई दूसरा रास्ता नहीं है।
1999 में भी विदेशी मूल के मुद्दे पर सोनिया को करना पड़ा था विरोध का सामना
सोनिया गांधी के प्रधानमंत्री न बनने की चर्चा के साथ उनके विदेशी मूल का मुद्दा भी लंबे समय से जुड़ा रहा है। कांग्रेस के कुछ सहयोगी नेता भी उनके प्रधानमंत्री बनने के खिलाफ थे। इससे जुड़ा एक बड़ा घटनाक्रम 1999 में सामने आया था।दरअसल, अप्रैल 1999 में जयललिता की पार्टी एआईएडीएमके ने तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार से अपना समर्थन वापस ले लिया था। इसके बाद लोकसभा में विश्वास मत के दौरान सरकार महज 1 वोट से गिर गई।
21 अप्रैल 1999 को सोनिया गांधी ने राष्ट्रपति भवन के बाहर मीडिया से बातचीत करते हुए दावा किया था कि उनके पास 272 सांसदों का समर्थन है और वह जल्द ही सरकार बनाने का दावा पेश करेंगी। हालांकि, उस समय कांग्रेस के पास सिर्फ 114 सांसद थे। बहुमत के लिए उसे समाजवादी पार्टी के 32 सांसदों के समर्थन की जरूरत थी, लेकिन पार्टी प्रमुख मुलायम सिंह यादव ने समर्थन देने से साफ इनकार कर दिया।मुलायम सिंह का कहना था कि विदेशी मूल की किसी महिला को देश का प्रधानमंत्री नहीं बनना चाहिए। उन्होंने इसके बजाय वामपंथी नेता ज्योति बसु या किसी अन्य नेता को प्रधानमंत्री बनाने का सुझाव दिया था। हालांकि, कांग्रेस इस प्रस्ताव के लिए तैयार नहीं हुई।
Sonia Gandhi: शरद पवार समेत तीन नेताओं ने उठाया था विदेशी मूल का मुद्दा
मई 1999 में कांग्रेस के तीन वरिष्ठ नेताओं शरद पवार, पीए संगमा और तारिक अनवर ने सोनिया गांधी के विदेशी मूल को लेकर पार्टी में विरोध शुरू कर दिया। तीनों नेताओं ने सवाल उठाया कि विदेशी मूल की होने के कारण सोनिया गांधी को देश के सर्वोच्च राजनीतिक पद की जिम्मेदारी नहीं संभालनी चाहिए। इस बगावत के बाद तीनों नेताओं को कांग्रेस से बाहर कर दिया गया।सोनिया गांधी ने भी अपनी किताब में इस घटना का जिक्र किया है। उन्होंने लिखा कि मई 1999 में कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) की बैठक के दौरान उन्हें तीन सहयोगियों की ओर से एक संयुक्त पत्र मिला था। इनमें महाराष्ट्र के वरिष्ठ नेता शरद पवार प्रमुख थे। पत्र में कहा गया था कि विदेशी मूल की होने के कारण सोनिया गांधी भारत के सर्वोच्च पद की जिम्मेदारी नहीं संभाल सकतीं। बैठक के दौरान भी तीनों नेताओं ने यही बात दोहराई।
सोनिया लिखती हैं कि यह सुनकर उनकी आंखों में आंसू आ गए और वह बैठक छोड़कर बाहर चली गईं। उन्होंने कहा कि वह राजनीति में किसी पद को हासिल करने के लिए नहीं आई थीं। उन्हें सबसे ज्यादा दुख इस बात से हुआ कि भारत के प्रति उनकी निष्ठा पर सवाल उठाए जा रहे थे। खास बात यह थी कि जिन लोगों ने बाद में उनके विदेशी मूल पर सवाल उठाए, उनमें से कुछ ने ही उन्हें राजनीति में आने के लिए प्रेरित किया था।इस घटना के बाद सोनिया गांधी ने कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। हालांकि, बाद में पार्टी के नेताओं ने उन्हें अपना इस्तीफा वापस लेने के लिए मना लिया।
नोट: इस लेख में दिए गए घटनाक्रम और बयान सोनिया गांधी की किताब ‘Belonging: A Journey of Love’, के. नटवर सिंह की किताब ‘One Life Is Not Enough’ और मीडिया रिपोर्ट्स में प्रकाशित उद्धरणों पर आधारित हैं।








