Home » नई दिल्ली » दिल्ली का प्रदूषण कोविड जितना खतरनाक! WHO की पूर्व साइंटिस्ट ने दी चेतावनी, बच्चों पर भी गंभीर असर

दिल्ली का प्रदूषण कोविड जितना खतरनाक! WHO की पूर्व साइंटिस्ट ने दी चेतावनी, बच्चों पर भी गंभीर असर

Delhi Air Pollution:

Delhi Air Pollution: दिल्ली और आसपास के इलाकों में बढ़ता वायु प्रदूषण लोगों की सेहत के लिए गंभीर खतरा बनता जा रहा है। इसका असर केवल फेफड़ों तक सीमित नहीं है, बल्कि शरीर के लगभग हर अंग पर पड़ रहा है। इससे वक्त से पहले मौत, डायबिटीज, अस्थमा और हृदय संबंधी बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) की पूर्व चीफ साइंटिस्ट डॉ. सौम्या स्वामीनाथन ने वायु प्रदूषण को कोविड-19 जैसी बड़ी पब्लिक हेल्थ इमरजेंसी बताया है। उन्होंने लोगों को इससे बचने के लिए कोविड के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की तरह ही सतर्क रहने की सलाह दी है।

Delhi Air Pollution: कोविड की तरह ही गंभीर है वायु प्रदूषण का खतरा

NDTV के साथ खास बातचीत में डॉ. सौम्या स्वामीनाथन ने कहा कि कोरोना वायरस अचानक सामने आया था, इसलिए लोगों को उसके खतरे का एहसास जल्दी हो गया था। इसके विपरीत, वायु प्रदूषण का असर धीरे-धीरे शरीर पर पड़ता है। लोग इसे देख नहीं पाते और समय के साथ इसकी गंध के भी आदी हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि वायु प्रदूषण भी लोगों की जान ले रहा है, लेकिन इसके नुकसान को अक्सर नजरअंदाज कर दिया जाता है। इससे होने वाली कई बीमारियों का पता लगाना भी मुश्किल होता है। डॉ. स्वामीनाथन के मुताबिक, प्रदूषण से होने वाले नुकसान को रोकने के लिए कोविड की तरह तत्काल, समन्वित और वैज्ञानिक कदम उठाने की जरूरत है।

Delhi Air Pollution: गर्भ में पल रहे बच्चों पर भी पड़ता है प्रदूषण का असर

डॉ. स्वामीनाथन ने बताया कि वायु प्रदूषण का असर बच्चों पर उनके जन्म से पहले ही शुरू हो सकता है। गर्भवती महिलाओं के प्रदूषित हवा के संपर्क में रहने से गर्भ में पल रहे बच्चे के विकास पर बुरा असर पड़ सकता है।  उन्होंने बताया कि PM2.5 के बेहद बारीक कण फेफड़ों के जरिए खून में पहुंच सकते हैं। यहां तक कि ये प्लेसेंटा (गर्भनाल) तक भी पहुंच सकते हैं। इससे मां के रक्त संचार पर असर पड़ता है और बच्चे के स्वास्थ्य को नुकसान हो सकता है। जिन इलाकों में गर्भवती महिलाएं ज्यादा प्रदूषण के संपर्क में रहती हैं, वहां समय से पहले बच्चों के जन्म और कम वजन वाले बच्चों के पैदा होने का खतरा बढ़ सकता है।

बच्चों के दिमाग और फेफड़ों पर भी पड़ता है असर

डॉ. स्वामीनाथन के मुताबिक, जिंदगी के शुरुआती तीन साल बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए बेहद महत्वपूर्ण होते हैं। इस दौरान उनका दिमाग और शरीर के दूसरे अंग तेजी से विकसित होते हैं। बच्चे वयस्कों की तुलना में तेजी से सांस लेते हैं, इसलिए प्रदूषित हवा का उन पर ज्यादा असर पड़ सकता है। लंबे समय तक प्रदूषण के संपर्क में रहने से बच्चों के फेफड़ों का विकास प्रभावित हो सकता है। इससे उनके फेफड़े पूरी तरह विकसित नहीं हो पाते। उन्होंने चिंता जताई कि प्रदूषण से होने वाले ऐसे नुकसान को अक्सर दूसरी स्वास्थ्य समस्याओं के साथ जोड़ दिया जाता है, जिससे इसकी वास्तविक गंभीरता सामने नहीं आ पाती।

AQI की जगह AHQI अपनाने का सुझाव

WHO की पूर्व चीफ साइंटिस्ट ने भारत में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) की मौजूदा व्यवस्था में बदलाव का सुझाव दिया है। उनका कहना है कि भारत में AQI की सीमाएं WHO के निर्धारित मानकों की तुलना में काफी अधिक हैं। WHO के दिशानिर्देशों के मुताबिक, PM2.5 का कोई भी स्तर पूरी तरह सुरक्षित नहीं माना जा सकता। उन्होंने सामान्य AQI की जगह एयर क्वालिटी हेल्थ इंडेक्स (AHQI) अपनाने की बात कही है। इसके तहत प्रदूषण के स्तर के साथ-साथ अलग-अलग प्रदूषकों का इंसानी स्वास्थ्य पर पड़ने वाला असर भी देखा जाएगा। मौजूदा AQI में आठ प्रमुख प्रदूषकों को शामिल किया जाता है। इनमें PM10, PM2.5, ओजोन, सल्फर डाइऑक्साइड, नाइट्रोजन डाइऑक्साइड, कार्बन मोनोऑक्साइड, लेड और अमोनिया शामिल हैं। इन सभी प्रदूषकों के सब-इंडेक्स में सबसे अधिक स्तर के आधार पर किसी क्षेत्र का कुल AQI तय किया जाता है। डॉ. स्वामीनाथन का मानना है कि AHQI से शहरों और राज्यों को प्रदूषण के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रभाव को बेहतर तरीके से समझने और उसके अनुसार नीतियां बनाने में मदद मिल सकती है।

बच्चों की सुरक्षा के लिए स्कूल बंद करना समाधान नहीं

बढ़ते प्रदूषण के बीच स्कूल बंद करने, मास्क लगाने और एयर प्यूरीफायर के इस्तेमाल को लेकर चर्चा हो रही है। हालांकि, डॉ. स्वामीनाथन स्कूल बंद करने के पक्ष में नहीं हैं। उनका कहना है कि स्कूल बंद होने से गरीब और कमजोर आर्थिक स्थिति वाले परिवारों के बच्चों को ज्यादा नुकसान हो सकता है। ऐसे बच्चे घरों में भी प्रदूषित हवा में सांस लेते हैं, क्योंकि उनके पास एयर प्यूरीफायर जैसी सुविधाएं नहीं होतीं। इसके अलावा वे पढ़ाई, सामाजिक गतिविधियों और मिड-डे मील से भी वंचित रह जाते हैं। उन्होंने स्कूलों में बेहतर वायु गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए क्लासरूम में एयर प्यूरीफायर लगाने, छात्रों को स्कूल बस की सुविधा देने और बड़े बच्चों को बाहर निकलते समय मास्क पहनने की सलाह दी है।

साफ हवा का अधिकार भी है बुनियादी अधिकार

डॉ. सौम्या स्वामीनाथन ने अपनी बात रखते हुए कहा कि साफ हवा को सार्वजनिक स्वास्थ्य के बुनियादी अधिकार के रूप में देखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जीवन का अधिकार एक संवैधानिक अधिकार है और जिस हवा में हम सांस लेते हैं, वही हमें जीवित रखती है। उनके मुताबिक, वायु प्रदूषण से निपटने के लिए केवल अस्थायी उपाय पर्याप्त नहीं हैं। इसके लिए वैज्ञानिक नीतियां बनाने और स्वास्थ्य को केंद्र में रखकर ठोस कदम उठाने की जरूरत है।

यह भी पढ़े- 2027 वर्ल्ड कप के बाद क्या होगा विराट कोहली का प्लान? बचपन के कोच ने किया बड़ा खुलासा