Home » उत्तर प्रदेश » UP में 9.5 लाख नौकरियों के बाद 1 लाख और नियुक्तियों की तैयारी, CM योगी ने बताया प्लान

UP में 9.5 लाख नौकरियों के बाद 1 लाख और नियुक्तियों की तैयारी, CM योगी ने बताया प्लान

UP Government Jobs:

UP Government Jobs: उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य में एक लाख और युवाओं को सरकारी नौकरी देने की तैयारी की जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि 26 जनवरी तक नियुक्ति पत्र वितरण का सिलसिला जारी रहेगा। इसके तहत लगभग हर पांचवें दिन नियुक्ति पत्र बांटने का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने बुधवार को राजस्व विभाग में चयनित 1,146 कनिष्ठ सहायकों को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए।

UP Government Jobs: 9.5 लाख युवाओं को मिल चुकी है सरकारी नौकरी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि उत्तर प्रदेश में बीते साढ़े नौ वर्षों के दौरान करीब 9.5 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी जा चुकी है। अब सरकार का लक्ष्य 26 जनवरी तक एक लाख और युवाओं को नियुक्ति पत्र देने का है। उन्होंने कहा कि कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा, पुलिस, पंचायती राज समेत कई विभागों में भर्तियों की प्रक्रिया लगातार आगे बढ़ रही है। सरकार का प्रयास है कि युवाओं को उनकी योग्यता और प्रतिभा के आधार पर रोजगार के अवसर मिलें।

UP Government Jobs: पुलिस और होमगार्ड विभाग में भी होंगी भर्तियां

सीएम योगी ने बताया कि उत्तर प्रदेश पुलिस में 2.30 लाख से अधिक नियुक्तियां पूरी हो चुकी हैं। इसके अलावा 32 हजार पुलिसकर्मियों की भर्ती प्रक्रिया अंतिम चरण में है। वहीं, 42 हजार से अधिक होमगार्ड जवानों की भर्ती भी जल्द पूरी होने वाली है। मुख्यमंत्री के मुताबिक, विभिन्न विभागों में भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी का अवसर मिल सके।

युवाओं से पूछा- कहीं सिफारिश या पैसे की मांग तो नहीं हुई?

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नवनियुक्त युवाओं से सीधा संवाद किया। उन्होंने पूछा कि क्या भर्ती प्रक्रिया के दौरान किसी ने उनसे पैसे मांगे या चयन के लिए किसी तरह की सिफारिश की जरूरत पड़ी। उन्होंने सत्यापन प्रक्रिया के दौरान आने वाली परेशानियों के बारे में भी जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले भर्ती प्रक्रियाओं को लेकर अक्सर सवाल उठते थे और कई मामलों में विवाद के कारण न्यायालयों का सहारा लेना पड़ता था। उन्होंने दावा किया कि अब भर्ती आयोग और चयन बोर्ड पारदर्शी तरीके से काम कर रहे हैं।

साफ नीयत और पारदर्शी व्यवस्था पर दिया जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि जब सरकार की नीयत साफ होती है और भर्ती प्रक्रिया ईमानदारी से पूरी की जाती है, तो युवाओं को उनकी प्रतिभा के अनुसार अवसर मिलता है। उन्होंने नवनियुक्त कर्मचारियों से कहा कि वे अपनी जिम्मेदारी को ईमानदारी और सत्यनिष्ठा के साथ निभाएं। उन्होंने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पिछली सरकारों के दौरान भर्ती प्रक्रियाओं में भ्रष्टाचार, परिवारवाद और भाई-भतीजावाद का प्रभाव देखने को मिलता था।

किसानों के खातों में ट्रांसफर किए 215 करोड़ रुपये

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के तहत 4,300 किसान परिवारों के खातों में 215 करोड़ रुपये की सहायता राशि ऑनलाइन ट्रांसफर की। उन्होंने बताया कि इस योजना का दायरा बढ़ाया गया है। अब भूमिधर किसानों के साथ बटाईदार और उनके परिवारों को भी इसका लाभ मिल रहा है। अब तक 1.40 लाख से अधिक किसान परिवारों को इस योजना का लाभ दिया जा चुका है और 5,833 करोड़ रुपये से ज्यादा की सहायता राशि वितरित की गई है।

राजस्व विभाग में रोवर तकनीक से हो रहा काम

मुख्यमंत्री ने राजस्व विभाग के कामकाज का जिक्र करते हुए बताया कि लंबित राजस्व मामलों के निस्तारण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। लाखों राजस्व विवादों का समाधान किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि जमीन की पैमाइश के लिए पारंपरिक तरीकों की जगह आधुनिक रोवर तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है। इससे भूमि मापन का काम तेजी से पूरा करने में मदद मिल रही है।

यह भी पढ़े- दिल्ली का प्रदूषण कोविड जितना खतरनाक! WHO की पूर्व साइंटिस्ट ने दी चेतावनी, बच्चों पर भी गंभीर असर