Home » राजनीति » UP Election 2027: कांग्रेस ने मांगी 181 सीटें, अखिलेश यादव ने किया बड़ा खुलासा

UP Election 2027: कांग्रेस ने मांगी 181 सीटें, अखिलेश यादव ने किया बड़ा खुलासा

UP Election 2027:

UP Election 2027: उत्तर प्रदेश में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। चुनाव से पहले विपक्षी गठबंधन में सीटों के बंटवारे को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। इस बीच समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कांग्रेस की सीटों की मांग को लेकर बड़ा खुलासा किया है। अखिलेश यादव के मुताबिक, कांग्रेस ने यूपी की कुल 403 विधानसभा सीटों में से 181 सीटों पर चुनाव लड़ने की इच्छा जताई है।

UP Election 2027: कांग्रेस ने कितनी सीटों की मांग की? अखिलेश यादव ने बताया आंकड़ा

दरअसल, शनिवार को आयोजित ‘एचटी लीडरशिप समिट 2026’ में बातचीत के दौरान अखिलेश यादव से कांग्रेस की सीटों की मांग को लेकर सवाल पूछा गया। उनसे पूछा गया कि क्या कांग्रेस ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए 100 सीटों की मांग रखी है? इस पर अखिलेश यादव ने मुस्कुराते हुए कहा कि कांग्रेस के साथ उनके रिश्ते काफी अच्छे हैं, लेकिन पार्टी ने जितनी सीटें मांगी हैं, वह संख्या अनुमान से कहीं ज्यादा है। इसके बाद जब उनसे पूछा गया कि क्या कांग्रेस ने 200 सीटों की मांग की है, तो उन्होंने कहा कि यह आंकड़ा 200 से थोड़ा कम है। वहीं, 180 सीटों के सवाल पर अखिलेश यादव ने दिलचस्प अंदाज में जवाब दिया, “180 में एक जोड़ दीजिए।” अखिलेश के इस बयान से स्पष्ट हुआ कि कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों में से 181 सीटों की मांग रखी है।

UP Election 2027: यूपी में कांग्रेस का कैसा रहा है पिछला चुनावी प्रदर्शन?

उत्तर प्रदेश में कांग्रेस के पिछले चुनावी प्रदर्शन पर नजर डालें तो 1989 में सत्ता से बाहर होने के बाद राज्य में पार्टी का जनाधार लगातार कमजोर हुआ है। 2017 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को महज 7 सीटों पर जीत मिली थी। वहीं, 2022 के विधानसभा चुनाव में पार्टी ने अकेले चुनाव लड़ने का फैसला किया था, लेकिन उसे केवल 2 सीटों पर ही सफलता मिली। दूसरी तरफ, समाजवादी पार्टी ने 2022 के चुनाव में 111 सीटों पर जीत दर्ज की थी। हालांकि, 2024 के लोकसभा चुनाव के नतीजों ने कांग्रेस की उम्मीदें बढ़ाई हैं। इस चुनाव में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने मिलकर चुनाव लड़ा था। नतीजों में सपा को 37 और कांग्रेस को 6 लोकसभा सीटों पर जीत मिली थी, जबकि बीजेपी 33 सीटों पर सिमट गई थी। कांग्रेस नेताओं का मानना है कि इस प्रदर्शन के बाद आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी की दावेदारी मजबूत हुई है।

26 नवंबर को जन-मन घोषणापत्र जारी करेगी सपा

दूसरी तरफ, समाजवादी पार्टी ने भी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने ऐलान किया है कि वह आगामी 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर अपना ‘जन-मन घोषणापत्र’ जारी करेगी। ऐसे में चुनाव से पहले कांग्रेस की 181 सीटों की मांग और सपा की चुनावी तैयारियों के बीच विपक्षी गठबंधन में सीट बंटवारे को लेकर आगे की बातचीत पर सबकी नजरें रहेंगी।

यह भी पढ़े- Uttar Pradesh Assembly Elections 2027: अखिलेश यादव की बढ़ी चुनौतियां, सॉफ्ट हिंदुत्व और ‘PDA’ का दांव कितना असर करेगा?