Home » राजनीति » दिसंबर में पास होगा परिसीमन बिल? पहले हफ्ते में हो सकता है संसद का शीतकालीन सत्र, सरकार ने बनाया प्लान

दिसंबर में पास होगा परिसीमन बिल? पहले हफ्ते में हो सकता है संसद का शीतकालीन सत्र, सरकार ने बनाया प्लान

Delimitation Bill:

Delimitation Bill: संसद का शीतकालीन सत्र दिसंबर के पहले हफ्ते में शुरू हो सकता है। इस सत्र में केंद्र सरकार परिसीमन से जुड़े महिला आरक्षण बिल को आगे बढ़ाने की तैयारी में है। माना जा रहा है कि सरकार इस बार बिल को संसद से पास कराने की पूरी कोशिश करेगी। हालांकि, इसके लिए जरूरी दो-तिहाई बहुमत जुटाना सरकार के सामने बड़ी चुनौती है।

Delimitation Bill: दिसंबर के पहले हफ्ते में शुरू हो सकता है संसद का सत्र

मामले से जुड़े सूत्रों ने समाचार एजेंसी PTI को बताया है कि संसद का शीतकालीन सत्र दिसंबर के पहले हफ्ते में बुलाया जा सकता है। इस दौरान परिसीमन से जुड़े महिला आरक्षण बिल पर चर्चा और इसे पारित कराने की कोशिश हो सकती है। यह सत्र ऐसे समय में होने जा रहा है, जब वोटर लिस्ट के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर राजनीतिक माहौल पहले से ही गरमाया हुआ है।

Delimitation Bill: लोकसभा की सीटें 543 से बढ़ाकर 850 करने का प्रस्ताव

प्रस्तावित परिसीमन के तहत लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों की संख्या बढ़ाकर 850 करने की योजना है। इसके जरिए संसद और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने का रास्ता साफ हो सकता है। सरकार का लक्ष्य इसे 2029 के आम चुनाव से पहले लागू करना है।

बिल पास कराने के लिए दो-तिहाई बहुमत जरूरी

परिसीमन बिल को संसद से पारित कराने के लिए लोकसभा में दो-तिहाई बहुमत की जरूरत होगी। इसके लिए 361 सांसदों के समर्थन की आवश्यकता है। फिलहाल लोकसभा में 540 सांसद हैं और तीन सीटें खाली हैं। एनडीए के पास करीब 320 सांसदों का समर्थन बताया जा रहा है। ऐसे में सरकार को बहुमत के जरूरी आंकड़े तक पहुंचने के लिए अन्य दलों का साथ लेना होगा।

क्या इस बार सरकार के पक्ष में बनेंगे पर्याप्त नंबर?

परिसीमन बिल इससे पहले बजट सत्र में भी पेश किया गया था, लेकिन जरूरी समर्थन नहीं मिलने के कारण यह पारित नहीं हो सका। इसके बाद से सरकार को उम्मीद है कि उसके समर्थन में सांसदों की संख्या बढ़ी है। तृणमूल कांग्रेस के 20 बागी और शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) के 6 बागी सांसदों के एनडीए के साथ आने से सरकार को अतिरिक्त समर्थन मिलने का दावा किया जा रहा है। हालांकि, इसके बावजूद सरकार के सामने 361 वोटों का आंकड़ा हासिल करना चुनौती बना हुआ है। सरकार को भरोसा है कि इस बार वह जरूरी समर्थन जुटाने में सफल हो सकती है।

15 से 18 वोटों के अंतर से पास होने का दावा

PTI की रिपोर्ट के मुताबिक, सरकार से जुड़े एक वरिष्ठ अधिकारी ने दावा किया है कि परिसीमन बिल 15 से 18 वोटों के अंतर से पास हो जाएगा। ऐसे में दिसंबर में होने वाला संसद का शीतकालीन सत्र सरकार के लिए बेहद अहम साबित हो सकता है। अब सबकी नजर इस बात पर रहेगी कि सरकार विपक्षी दलों का समर्थन जुटाकर बिल को पारित करा पाती है या नहीं।

यह भी पढ़े- 4000 करोड़ की ‘रामायण’ पर विवाद, वरुण ग्रोवर ने पुराने कलाकारों पर कसा तंज, बोले- खुद को भगवान का अवतार समझते हैं