Sharad Kapoor Comeback: बॉलीवुड एक्टर शरद कपूर पिछले कुछ दिनों से अपनी खराब सेहत और काम की तलाश को लेकर चर्चा में हैं। हाल ही में उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर कर काम मांगा था, जिसके बाद फिल्म इंडस्ट्री के कई कलाकार उनकी मदद के लिए आगे आए। अब शरद कपूर ने NDTV को दिए एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में फिल्मों से लंबे समय तक दूर रहने की वजह बताई है। उन्होंने बताया कि वह खुद काम करने के लिए मानसिक रूप से तैयार नहीं थे और इसी दौरान न्यूयॉर्क चले गए थे। हालांकि, अब वह पूरी सकारात्मकता के साथ फिल्मों में वापसी करना चाहते हैं।
Sharad Kapoor Comeback: काम करने का नहीं था मन, न्यूयॉर्क में बिताए 3-4 साल
शरद कपूर ने बताया कि फिल्मों से दूरी बनाने की सबसे बड़ी वजह उनका खुद का मन नहीं होना था। वह उस समय किसी फिल्म में काम करने के लिए तैयार नहीं थे। इसी दौरान वह भारत छोड़कर न्यूयॉर्क चले गए, जहां उन्होंने करीब तीन से चार साल बिताए। एक्टर ने कहा कि अब वह सकारात्मक सोच के साथ वापस आए हैं। वह दोबारा फिल्मों में काम करना चाहते हैं और उन्हें लगता है कि दर्शक भी उन्हें फिर से स्क्रीन पर देखना चाहते हैं।
Sharad Kapoor Comeback: मेकर्स ने खुद की वापसी के लिए किया प्रोत्साहित
शरद कपूर ने बताया कि उन्होंने खुद प्रोड्यूसर्स से संपर्क करने की कोशिश नहीं की थी। जब वह इंडस्ट्री के लोगों से मिले तो उन्होंने उन्हें वापस आने के लिए कहा। मेकर्स का कहना था कि जब वह भारत में ही नहीं हैं तो उनके साथ काम कैसे किया जा सकता है। एक्टर के मुताबिक, लोगों के प्रोत्साहित करने के बाद उन्होंने वापस आकर दोस्तों से मुलाकात की। उन्होंने यह भी कहा कि जैसे ही उनकी किसी फिल्म की घोषणा होगी, वह खुलकर अपनी वापसी के बारे में बात करेंगे।
सलमान खान की टीम ने भी किया फोन, सोनू सूद ने दिया साथ
इंटरव्यू में शरद कपूर ने बताया कि सोनू सूद के अलावा कुनिका जी और हेमा जी ने भी उनका साथ दिया है। इसके अलावा सलमान खान की टीम की तरफ से भी उन्हें फोन आया था। कई लोगों ने मदद के लिए संपर्क किया, हालांकि कुछ लोगों ने अपने नाम सार्वजनिक नहीं करने की बात कही। शरद ने सोनू सूद के बारे में बताया कि उन्होंने उनसे कहा था कि उन्हें जब भी किसी चीज की जरूरत हो, वह उनसे संपर्क कर सकते हैं। सोनू ने उन्हें अपना बड़ा भाई बताते हुए हर परिस्थिति में साथ देने का भरोसा दिया।
शरद कपूर बोले- मेरे नाम पर किसी को पैसे मत दीजिए
अपनी आर्थिक स्थिति को लेकर शरद कपूर ने साफ किया कि उन्हें पैसों की जरूरत नहीं है। उन्होंने लोगों से अपील की कि उनके नाम पर किसी को भी पैसे न दें, क्योंकि कुछ लोग उनकी स्थिति का फायदा उठाकर धोखाधड़ी करने की कोशिश कर रहे हैं। एक्टर ने कहा कि उन्हें किसी आर्थिक मदद की जरूरत नहीं है। वह केवल काम करना चाहते हैं और अपनी मेहनत से दोबारा जिंदगी को पटरी पर लाना चाहते हैं।
मुश्किल दौर में मानसिक रूप से नहीं थे ठीक, कई बार नहीं किया खाना
शरद कपूर ने अपने मुश्किल समय के बारे में बात करते हुए बताया कि पिछले कुछ साल उनके लिए काफी कठिन रहे। उन्होंने स्वीकार किया कि कई बार खाना आने के बावजूद उनका खाने का मन नहीं करता था। ऐसा मानसिक रूप से ठीक नहीं होने की वजह से होता था। उन्होंने कहा कि कभी-कभी भूख लगने के बावजूद इंसान खाना नहीं खा पाता। हालांकि, अब वह बेहतर महसूस कर रहे हैं और अपनी जिंदगी में नई शुरुआत करना चाहते हैं।
हेमा जी के शेल्टर होम में हैं शरद के कुत्ते
इंटरव्यू में शरद कपूर ने अपने पालतू कुत्तों को लेकर भी बात की। उन्होंने बताया कि फिलहाल उनके कुत्ते हेमा जी की ‘बेजुबान’ संस्था के शेल्टर होम में हैं। ठीक होने के बाद वह उन्हें वापस अपने साथ ले आएंगे। एक्टर ने बताया कि वह फोन पर अपने कुत्तों से बात करते हैं। उनकी आवाज सुनकर कुत्ते भी प्रतिक्रिया देने लगते हैं। उन्होंने जानवरों के प्यार को सच्चा बताते हुए कहा कि उनका उनसे खास लगाव है।
फिल्म ‘जोश’ के सेट से जुड़ी यादें कीं साझा
शरद कपूर ने फिल्म ‘जोश’ के सेट से जुड़ी अपनी कुछ यादें भी साझा कीं। उन्होंने बताया कि फिल्म के गाने ‘साइला रे’ की शूटिंग के बाद अभिषेक बच्चन ने उनकी तारीफ की थी। अभिषेक ने उनसे कहा था कि उन्होंने शाहरुख खान के साथ कमाल कर दिया। वहीं, प्रीति जिंटा भी उन्हें ‘साइला रे’ कहकर बुलाती थीं। इसके अलावा उन्होंने निर्देशक महेश भट्ट के साथ हुई एक मजेदार बातचीत का भी जिक्र किया।
बुरे वक्त के लिए बचत करना जरूरी, शरद ने दी सलाह
शरद कपूर ने अपने मुश्किल दौर से मिली सीख साझा करते हुए कहा कि हर इंसान को अपने काम को गंभीरता से लेना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि जिंदगी में कब अच्छा या बुरा वक्त आ जाए, इसका किसी को पता नहीं होता। एक्टर के मुताबिक, हर व्यक्ति को अपने परिवार और जरूरत के समय मदद करने के लिए बचत जरूर रखनी चाहिए। उन्होंने बताया कि अब उनका पूरा ध्यान अपनी सेहत सुधारने और दोबारा फिल्मों में काम करने पर है।
यह भी पढ़े- आजम खान डासना जेल से रिहा, ED की गिरफ्तारी पर हाईकोर्ट ने उठाए सवाल








