H5N1 Bird Flu Vaccine: भारत ने बर्ड फ्लू यानी H5N1 एवियन इंफ्लुएंजा के खिलाफ अपनी पहली घरेलू वैक्सीन तैयार कर ली है। पोल्ट्री और पक्षियों को इस संक्रमण से बचाने की दिशा में इसे बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान 20 नवंबर को भोपाल में इस वैक्सीन को लॉन्च करेंगे। इसे भोपाल स्थित ICAR-नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ हाई सिक्योरिटी एनिमल डिजीज (NIHSAD) ने विकसित किया है।
H5N1 Bird Flu Vaccine: बर्ड फ्लू के बढ़ते मामलों के बीच वैक्सीन तैयार
देश के अलग-अलग हिस्सों में बर्ड फ्लू के प्रकोप से बड़ी संख्या में पक्षियों की मौत हुई है। इसके कारण पोल्ट्री उद्योग को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है और संक्रमण रोकने के लिए पक्षियों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगाने के साथ कई बार संक्रमित पक्षियों को मारना भी पड़ता है। ऐसे में इस वैक्सीन से बर्ड फ्लू के प्रकोप को रोकने, पोल्ट्री उद्योग को होने वाले नुकसान को कम करने और सप्लाई चेन को सुरक्षित रखने में मदद मिलने की उम्मीद है।
H5N1 Bird Flu Vaccine: भोपाल के ICAR-NIHSAD ने बनाई H5N1 वैक्सीन
भारत की इस घरेलू H5N1 वैक्सीन को भोपाल स्थित ICAR-NIHSAD ने तैयार किया है। यह वैक्सीन एवियन इंफ्लुएंजा के H5N1 क्लैड 2.3.4.1a स्ट्रेन को टारगेट करती है। इससे देश में फैलने वाले बर्ड फ्लू के स्ट्रेन के खिलाफ रोकथाम और नियंत्रण की क्षमता मजबूत होगी। वैक्सीन को खासतौर पर मुर्गियों और अन्य पोल्ट्री पक्षियों को संक्रमण से बचाने के लिए विकसित किया गया है।
बर्ड फ्लू से भारत को हो सकता है बड़ा आर्थिक नुकसान
सरकार के प्रेस नोट के मुताबिक, अगर बर्ड फ्लू की समय पर रोकथाम नहीं की गई तो भारत की GDP ग्रोथ पर 1.5% तक असर पड़ सकता है। वहीं, देश की करीब 20% पोल्ट्री प्रभावित होकर नष्ट हो सकती है। साल 2006 में बर्ड फ्लू के प्रकोप के कारण भारत को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से करीब 2,000 से 3,000 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ था। संक्रमण के चलते पोल्ट्री कारोबार, स्थानीय सप्लाई चेन और पक्षियों के परिवहन पर भी असर पड़ता है।
इंसानों में भी फैल सकता है बर्ड फ्लू
बर्ड फ्लू मुख्य रूप से पक्षियों को प्रभावित करता है, लेकिन संक्रमित पक्षियों के संपर्क में आने से इंसानों में भी संक्रमण फैलने का खतरा रहता है। ऐसे में इस वैक्सीन को पोल्ट्री और पक्षियों की सुरक्षा के साथ-साथ संक्रमण के जोखिम को कम करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
यह भी पढ़े- कुलगाम में लश्कर आतंकी लतीफ भट ढेर, अमित शाह ने जवानों को सलाम किया








