Home » उत्तर प्रदेश » यूपी में रेलवे चलाएगा 9 नई MEMU ट्रेनें, लखनऊ से कानपुर-अयोध्या का सफर होगा आसान

यूपी में रेलवे चलाएगा 9 नई MEMU ट्रेनें, लखनऊ से कानपुर-अयोध्या का सफर होगा आसान

MEMU Trains in UP:

MEMU Trains in UP: उत्तर प्रदेश में रोजाना रेल से सफर करने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। रेलवे ने लखनऊ और आसपास के प्रमुख शहरों के बीच रेल कनेक्टिविटी बेहतर बनाने की तैयारी की है। इसके तहत लखनऊ से कानपुर, अयोध्या और बाराबंकी के बीच 9 मेमू (MEMU) ट्रेनों के संचालन का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इसके लिए लखनऊ रेल मंडल की ओर से रेलवे बोर्ड को अतिरिक्त रेक उपलब्ध कराने की मांग भेजी गई है। लखनऊ, कानपुर, उन्नाव, बाराबंकी और अयोध्या के बीच बड़ी संख्या में छात्र, व्यापारी और नौकरीपेशा लोग रोजाना सफर करते हैं। कम किराए और समय की बचत के कारण मेमू ट्रेनें दैनिक यात्रियों के लिए काफी सुविधाजनक मानी जाती हैं। हरौनी, पिपरसंड, सोनिक, अजगैन और उन्नाव के रास्ते कानपुर आने-जाने वाले यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने यह योजना तैयार की है।

MEMU Trains in UP: पहले चलती थीं 11 जोड़ी मेमू ट्रेनें

कोरोना महामारी से पहले लखनऊ और बाराबंकी के बीच करीब 11 जोड़ी मेमू ट्रेनें संचालित होती थीं, लेकिन महामारी के बाद इनकी संख्या घटकर केवल दो जोड़ी रह गई थी। इसी तरह लखनऊ और अयोध्या के बीच भी नियमित और बेहतर रेल सेवाओं की मांग लंबे समय से की जा रही है। दैनिक यात्रियों की परेशानियों और बढ़ती भीड़ को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने अब मेमू ट्रेनों की संख्या बढ़ाने की योजना बनाई है।

MEMU Trains in UP: किस रूट पर कितनी मेमू ट्रेनें चलाने का प्रस्ताव?

रेलवे की योजना के मुताबिक, अलग-अलग रूट पर मेमू ट्रेनों का विस्तार किया जाएगा। इसके तहत:

– लखनऊ-कानपुर रूट: 6 जोड़ी नई मेमू ट्रेनें चलाने के लिए रेक की मांग की गई है।
– लखनऊ-बाराबंकी रूट: 2 जोड़ी मेमू ट्रेनें दोबारा शुरू करने का प्रस्ताव है।
– लखनऊ-अयोध्या रूट: 1 जोड़ी नई मेमू ट्रेन चलाने की तैयारी है।

इस योजना से इन रूटों पर रोजाना सफर करने वाले यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है।

नए रेक मिलते ही जारी होगी आधिकारिक अधिसूचना

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, रेल कोच फैक्ट्री से उत्तर रेलवे को नए रेक का आवंटन मिलते ही लखनऊ मंडल के लिए ट्रेनों के संचालन की आधिकारिक अधिसूचना जारी की जाएगी। इस विस्तार से यात्रियों को भीड़भाड़ से राहत मिलने के साथ लखनऊ और आसपास के प्रमुख औद्योगिक एवं धार्मिक शहरों के बीच आवागमन आसान हो सकता है। हालांकि, इन ट्रेनों के संचालन की तारीख और समय-सारणी को लेकर अभी आधिकारिक घोषणा होना बाकी है।

यह भी पढ़े- मोहन सरकार में प्रशासनिक सख्ती, गांव पहुंचे कलेक्टर तो खुली लापरवाही की पोल