Home » मनोरंजन » ‘हनुमान 2’ में नहीं दिखेंगे तेजा सज्जा, वैष्णव तेज बने फिल्म के नए हीरो

‘हनुमान 2’ में नहीं दिखेंगे तेजा सज्जा, वैष्णव तेज बने फिल्म के नए हीरो

Hanu-Man 2:

Hanu-Man 2: ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘हनु-मान’ के सीक्वल ‘हनुमान 2 – द राइज ऑफ वानरास’ की आधिकारिक घोषणा कर दी गई है। इस बार फिल्म में अभिनेता तेजा सज्जा की जगह वैष्णव तेज मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। मेकर्स ने शनिवार को फिल्म का पहला पोस्टर जारी करते हुए इसकी जानकारी दी। फिल्म की घोषणा के बाद से ही दर्शकों के बीच इसे लेकर उत्सुकता बढ़ गई है।

Hanu-Man 2: मेकर्स ने पोस्टर शेयर कर किया ऐलान

फिल्म के प्रोडक्शन हाउस प्राइमशो एंटरटेनमेंट ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर ‘हनुमान 2 – द राइज ऑफ वानरास’ का पोस्टर शेयर किया। पोस्टर में बादलों के बीच से उभरता एक भव्य दृश्य दिखाई दे रहा है। इसके चारों ओर एक विशाल दिव्य पूंछ और अलौकिक उपस्थिति नजर आती है। पोस्टर के विजुअल्स फिल्म की रहस्यमयी और पौराणिक दुनिया की झलक पेश करते हैं। पोस्टर के साथ मेकर्स ने लिखा कि जो सफर एक सपने के साथ शुरू हुआ था, वह अब और भी बड़े स्तर पर आगे बढ़ रहा है। उन्हें ‘हनु-मान’ की विरासत को अगले महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट के साथ आगे ले जाने पर गर्व है। साथ ही उन्होंने बताया कि फिल्म में वैष्णव तेज मुख्य भूमिका निभाएंगे और जल्द ही इससे जुड़ा नया अपडेट साझा किया जाएगा।

Hanu-Man 2: वी. आनंद संभालेंगे निर्देशन की जिम्मेदारी

‘हनुमान 2 – द राइज ऑफ वानरास’ को एक भव्य फैंटेसी एंटरटेनर के रूप में तैयार किया जा रहा है। फिल्म की कहानी पौराणिक कथाओं, कल्पना और असाधारण सिनेमाई दुनिया पर आधारित होगी। इसका लेखन और निर्देशन वी. आनंद ने किया है। फिल्म का निर्माण के. निरंजन रेड्डी और चैतन्य रेड्डी प्राइमशो एंटरटेनमेंट के बैनर तले कर रहे हैं। इससे पहले इसी प्रोडक्शन हाउस ने ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘हनु-मान’ का निर्माण किया था, जिसे दर्शकों का शानदार रिस्पॉन्स मिला था।

पांच भाषाओं में रिलीज होगी फिल्म

मेकर्स इस फिल्म को बड़े स्तर पर दर्शकों तक पहुंचाने की तैयारी कर रहे हैं। ‘हनुमान 2 – द राइज ऑफ वानरास’ तेलुगु, हिंदी, तमिल, मलयालम और कन्नड़ समेत पांच भाषाओं में रिलीज होगी। प्रोडक्शन हाउस फिलहाल मेगा सुप्रीम हीरो साई दुर्गा तेज के साथ ‘एसवाईजी’ और किच्चा सुदीप के साथ ‘बीआरबी’ जैसे प्रोजेक्ट्स पर भी काम कर रहा है। ऐसे में ‘हनुमान 2’ से भी दर्शकों को एक बड़े सिनेमाई अनुभव की उम्मीद है।

यह भी पढ़े- 19.7 KM लंबा नीतीश सेतु क्यों है खास? बिहार के दो हिस्सों की कनेक्टिविटी कैसे बदलेगा यह पुल?