Akhilesh Yadav: उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को भाजपा के ‘राधे-राधे कमल खिला दे’ नारे पर तंज कसते हुए कहा कि राधे-राधे का मतलब विदाई होता है। उन्होंने दावा किया कि इस बार उत्तर प्रदेश की जनता भाजपा की शानदार विदाई करने जा रही है। वहीं, अखिलेश के बयान पर भाजपा नेता और मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि राधा रानी की कृपा से कमल कभी मुरझाता नहीं, बल्कि लगातार खिलता रहता है।
Akhilesh Yadav: अखिलेश यादव ने भाजपा के नारे पर कसा तंज
लखनऊ में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में अखिलेश यादव ने भाजपा के नए नारे ‘राधे-राधे कमल खिला दे’ पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा ने अब नया नारा ढूंढ लिया है। राधे-राधे का मतलब विदाई होता है और इस बार उत्तर प्रदेश की जनता भाजपा की शानदार विदाई करने जा रही है। सपा अध्यक्ष ने आगे कहा कि भाजपा का कमल मुरझा रहा है। इस बार पार्टी सीतापुर में शून्य होने जा रही है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा के लोग भी जानते हैं कि जनता उन्हें चुनाव में हराने वाली है। चुनाव की तारीख घोषित होते ही भाजपा की हार तय हो जाएगी।
Akhilesh Yadav: अधिकारियों को लेकर चुनाव आयोग से शिकायत करेंगे अखिलेश
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अखिलेश यादव ने नौकरशाही पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ अधिकारी भाजपा के पदाधिकारी बनकर काम कर रहे हैं। ऐसे अधिकारियों की शिकायत चुनाव आयोग से की जाएगी। अखिलेश ने कहा कि मुख्य निर्वाचन आयोग भाजपा के दबाव में काम कर रहा है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में चुनाव आयोग को पत्र लिखा जाएगा, जिस पर विधायक, विधान परिषद सदस्य और सांसद भी हस्ताक्षर करेंगे। उन्होंने नवगांव उपचुनाव का जिक्र करते हुए एक अधिकारी पर फर्जी वोट डलवाने का आरोप भी लगाया। अखिलेश ने कहा कि पीडीए समाज के वोटों के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है।
अग्निवीर योजना और लैपटॉप को लेकर भी दिया बयान
अखिलेश यादव ने अग्निवीर योजना को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि जब भी समाजवादी पार्टी को मौका मिलेगा, अग्निवीर जैसी व्यवस्था को हमेशा के लिए खत्म कर दिया जाएगा। इसके अलावा उन्होंने कहा कि लाठी का जवाब लैपटॉप से देंगे। लाठी हारेगी और लैपटॉप जीतेगा। गोरखपुर में हुए हादसे का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि दो दिन के शोक के बाद इस मामले पर प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे।
भाजपा मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने किया पलटवार
अखिलेश यादव के बयान पर उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव को अब सुनने वाले लोग भी नहीं मिल रहे हैं, इसलिए वह वेबसाइट के जरिए जनता को जोड़ने की कोशिश कर रहे हैं। राधे-राधे वाले बयान पर कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि राधा रानी की कृपा से कमल कभी मुरझाता नहीं, बल्कि लगातार खिलता रहता है। सूरज के उगने के साथ कमल खिलता है और भाजपा का कमल आगे भी विस्तार करेगा।
चुनाव हारने पर अधिकारियों पर लगाते हैं आरोप: भाजपा
नौकरशाही को लेकर अखिलेश यादव के आरोपों पर भी कपिल देव अग्रवाल ने जवाब दिया। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव की पार्टी चुनाव जीतती है तो अधिकारी उन्हें एजेंट नहीं लगते, लेकिन चुनाव हारने पर अधिकारियों को भाजपा का एजेंट बताने लगते हैं। मंत्री ने इसे अखिलेश यादव का गैर-जिम्मेदाराना बयान बताया। उन्होंने कहा कि अधिकारी अपने दायित्वों के अनुसार सरकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाने का काम कर रहे हैं।
यह भी पढ़े- ‘हनुमान 2’ में नहीं दिखेंगे तेजा सज्जा, वैष्णव तेज बने फिल्म के नए हीरो








