Home » राजनीति » यूपी चुनाव: कांग्रेस-सपा में सीट शेयरिंग पर कल होगी बैठक, कितनी सीटों पर लड़ेगी कांग्रेस?

यूपी चुनाव: कांग्रेस-सपा में सीट शेयरिंग पर कल होगी बैठक, कितनी सीटों पर लड़ेगी कांग्रेस?

Congress-SP Seat Sharing:

Congress-SP Seat Sharing: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी (सपा) के बीच सीट शेयरिंग पर चर्चा तेज हो गई है। दोनों दलों के नेता सोमवार को सीट बंटवारे और चुनावी रणनीति को लेकर अहम बैठक करेंगे। कांग्रेस सांसद और उत्तर प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद ने रविवार को इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच सीट शेयरिंग पर सहमति बनना बेहद जरूरी है। दोनों दल बेहतर तालमेल के साथ चुनाव मैदान में उतरना चाहते हैं, ताकि उत्तर प्रदेश में ‘इंडिया’ गठबंधन की सरकार बनाई जा सके।

Congress-SP Seat Sharing: क्या बोले कांग्रेस सांसद इमरान मसूद?

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी के साथ सीट बंटवारे को लेकर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा कि सोमवार को दोनों दलों की संयुक्त बैठक होगी। इसमें सीट शेयरिंग और चुनावी रणनीति पर चर्चा की जाएगी। इमरान मसूद ने कहा, “कल हमारी एक बैठक है, जिसमें इस पर चर्चा होगी। ये दोनों पार्टियों की संयुक्त बैठक है। हम चाहते हैं कि ‘इंडिया’ गठबंधन जीते। हम चाहते हैं कि उत्तर प्रदेश में गठबंधन की सरकार बने। इसके लिए हमें बेहतर तालमेल के साथ चुनावी मैदान में उतरना होगा।”

Congress-SP Seat Sharing: अखिलेश यादव ने सहयोगी दलों के नेताओं से की मुलाकात

वहीं, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव भी 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर गठबंधन की संभावनाएं तलाश रहे हैं। उन्होंने पिछले दो दिनों में आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) लिबरेशन के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य के साथ अलग-अलग बैठकें कीं। इन मुलाकातों को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले विपक्षी दलों के बीच तालमेल और सीट बंटवारे की रणनीति के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

कांग्रेस ने कितनी सीटों की मांग की?

सीट बंटवारे को लेकर अखिलेश यादव ने हाल ही में कहा था कि कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों में से 181 सीटों की मांग की है। हालांकि, समाजवादी पार्टी के सूत्रों ने इस दावे को खारिज कर दिया था। ऐसे में सोमवार को होने वाली बैठक में सीटों की संख्या और दोनों दलों के बीच तालमेल को लेकर स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।

2024 लोकसभा चुनाव में कैसा रहा था सपा-कांग्रेस का प्रदर्शन?

समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने 2024 का लोकसभा चुनाव उत्तर प्रदेश में गठबंधन के तहत लड़ा था। सीट बंटवारे के तहत कांग्रेस को 17 सीटें मिली थीं, जबकि समाजवादी पार्टी और उसके छोटे सहयोगी दलों के हिस्से में 63 सीटें आई थीं। चुनाव परिणामों में समाजवादी पार्टी ने 37 सीटों पर जीत दर्ज की थी, जबकि कांग्रेस को 6 सीटें मिली थीं। वहीं, भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने 33 सीटों पर जीत हासिल की थी। अब 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले दोनों दल एक बार फिर गठबंधन को मजबूत करने और सीटों के बंटवारे पर सहमति बनाने की कोशिश में जुटे हैं।

यह भी पढ़े- अरुणाचल सीमा पर क्यों बढ़ा तनाव? भारत-चीन के कमांडरों की बड़ी बैठक