AI Breast Cancer Detection: ब्रिटेन में ब्रेस्ट कैंसर की शुरुआती पहचान के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद ली जा रही है। इसके लिए लगभग 7 लाख महिलाओं को एक बड़े ट्रायल में शामिल किया जाएगा। इसे दुनिया का अपनी तरह का सबसे बड़ा ट्रायल बताया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य यह पता लगाना है कि क्या AI की मदद से ब्रेस्ट कैंसर का शुरुआती स्टेज में पता लगाया जा सकता है।
AI Breast Cancer Detection: क्या है AI ब्रेस्ट कैंसर ट्रायल?
इस ट्रायल का नाम EDITH है। इसमें महिलाओं के मैमोग्राम की जांच आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से की जाएगी। मैमोग्राम ब्रेस्ट कैंसर की जांच के लिए किया जाने वाला एक प्रकार का एक्स-रे है। ट्रायल के जरिए यह पता लगाया जाएगा कि AI कैंसर की शुरुआती पहचान करने में कितना प्रभावी है। इसके अलावा, यह भी देखा जाएगा कि AI के इस्तेमाल से मेडिकल स्टाफ पर काम का बोझ कम किया जा सकता है या नहीं। साथ ही यह सुनिश्चित करने की कोशिश होगी कि महिलाओं में कैंसर की अनावश्यक पहचान और जांच से बचा जा सके।
AI Breast Cancer Detection: ब्रिटेन के 30 केंद्रों पर होगा ट्रायल
EDITH ट्रायल में महिलाओं को शामिल करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी हॉस्पिटल्स इस ट्रायल का पहला केंद्र है। ब्रिटेन में कुल 30 केंद्रों पर इस ट्रायल को संचालित किया जाएगा। इसमें लगभग 7 लाख महिलाओं को शामिल करने की योजना है। ट्रायल के नतीजों से यह समझने में मदद मिलेगी कि ब्रेस्ट कैंसर की स्क्रीनिंग में AI का इस्तेमाल कितना फायदेमंद हो सकता है।
अभी कैसे होती है ब्रेस्ट कैंसर की जांच?
ब्रिटेन में 50 से 71 साल की महिलाओं को हर तीन साल में नियमित ब्रेस्ट कैंसर स्क्रीनिंग के लिए बुलाया जाता है। हर साल 20 लाख से अधिक महिलाएं इस जांच में शामिल होती हैं। फिलहाल नेशनल हेल्थ सर्विस (NHS) में दो विशेषज्ञ हर महिला के मैमोग्राम की जांच करते हैं। लेकिन EDITH ट्रायल में AI एक मानवीय रीडर यानी विशेषज्ञ की जगह लेगा। इसके बाद यह आकलन किया जाएगा कि AI की मदद से जांच की सटीकता और शुरुआती पहचान की क्षमता में कितना सुधार होता है।
यह भी पढ़े- धीरेंद्र शास्त्री और योगी की 1 घंटे मुलाकात, वजह श्रद्धांजलि या कुछ और?








