UP Gonda News: उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में ‘मिशन शक्ति’ अभियान के तहत सड़क सुरक्षा और कानून व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। इसी क्रम में आईजी देवीपाटन रेंज अमित पाठक ने जिले में खुद सड़कों पर उतरकर ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया। इस अभियान के तहत गोंडा शहर के लाल बहादुर शास्त्री कॉलेज चौराहे पर चलाए गए औचक निरीक्षण में एक समाजवादी पार्टी के नेता की हूटर लगी गाड़ी को जब्त कर लिया गया। गाड़ी पर सपा का झंडा और सामने हूटर लगा हुआ था, जिसे देखकर पुलिस ने उसे तुरंत रोका।

सपा नेता अंसार अहमद निकले मालिक
UP Gonda News: पुलिस जांच में सामने आया कि यह गाड़ी सपा नेता अंसार अहमद की थी, जिन्होंने हूटर का इस्तेमाल जाम या भीड़ वाली जगहों से VIP अंदाज में निकलने के लिए किया था। गाड़ी पर काली फिल्म भी चढ़ी हुई थी, जो नियमों के पूरी तरह खिलाफ है। आईजी अमित पाठक ने मौके पर मौजूद नगर कोतवाल को तुरंत गाड़ी सीज करने और चालान करने के निर्देश दिए। कोतवाली पुलिस ने न केवल गाड़ी को जब्त किया बल्कि उस पर लगे अवैध हूटर और काली शीशे को भी मौके पर ही हटवा दिया।

आईजी का संदेश- कानून सबके लिए बराबर
UP Gonda News: कार्रवाई के बाद पत्रकारों से बात करते हुए IG अमित पाठक ने कहा किकोई भी हो नेता, अधिकारी या आम नागरिक अगर ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करेगा, तो उस पर निश्चित रूप से कार्रवाई की जाएगी। हूटर और काली फिल्म लगाकर घूमना केवल रौब दिखाने का तरीका है। यह ‘गुंडा मानसिकता’ है, जो समाज में डर और अव्यवस्था फैलाती है। ऐसे लोग महिलाओं की सुरक्षा के लिए भी खतरा हैं। उन्होंने यह भी कहा कि गोंडा समेत पूरे रेंज में यातायात नियमों के उल्लंघन पर सख्त चेकिंग अभियान जारी रहेगा, और कोई भी VIP ट्रीटमेंट अब नहीं चलेगा।






