Delhi-Noida Traffic Alert: दिल्ली और नोएडा में अगले कुछ दिनों तक वाहन चालकों को ट्रैफिक जाम की समस्या का सामना करना पड़ सकता है। दिल्ली के यशोभूमि और ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट में आयोजित होने वाले बड़े कार्यक्रमों को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है। इन आयोजनों में हजारों लोगों के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में आसपास की सड़कों पर यातायात का दबाव बढ़ सकता है। पुलिस ने वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने और ट्रैफिक नियमों का पालन करने की सलाह दी है।
Delhi-Noida Traffic Alert: यशोभूमि के आसपास बुधवार तक लग सकता है जाम
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, ‘सीपीएचआई इंडिया 2026’ प्रदर्शनी के मद्देनजर बुधवार तक दक्षिण-पश्चिम दिल्ली में यशोभूमि के आसपास की सड़कों पर जाम लगने की आशंका है। द्वारका सेक्टर-25 स्थित इंडिया इंटरनेशनल कन्वेंशन एंड एक्सपो सेंटर में यह प्रदर्शनी सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक आयोजित की जाएगी। इसमें प्रतिदिन करीब 8,000 से 10,000 आगंतुकों के शामिल होने की संभावना है। ट्रैफिक पुलिस ने IGI एयरपोर्ट और महिपालपुर से नजफगढ़ तथा द्वारका एक्सप्रेसवे की ओर जाने वाले वाहन चालकों को भरथल फ्लाईओवर का इस्तेमाल करने की सलाह दी है। साथ ही भरथल चौक गोलचक्कर से बचने को कहा गया है। इसी तरह नजफगढ़ और द्वारका से IGI एयरपोर्ट तथा द्वारका एक्सप्रेसवे की ओर जाने वाले यात्रियों को भी यही रास्ता अपनाने की सलाह दी गई है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे यशोभूमि और आसपास की सड़कों पर जाम से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें। इसके अलावा आयोजन के दौरान प्रदर्शनी स्थल की ओर अनावश्यक यात्रा करने से बचें।
Delhi-Noida Traffic Alert: नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट में 24 से 26 नवंबर तक आयोजन
ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट में 24 से 26 नवंबर तक पी-एमईसी इंडिया 2026 कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस तीन दिवसीय आयोजन में करीब 15 हजार लोगों के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए गौतमबुद्धनगर पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। पुलिस ने यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए वाहनों की आवाजाही, पार्किंग और वैकल्पिक रास्तों की योजना तैयार की है। कार्यक्रम के दौरान एक्सपो मार्ट के आसपास यातायात का दबाव बढ़ने पर जरूरत के मुताबिक डायवर्जन भी लागू किया जा सकता है।
कहां होगी पार्किंग, किन रास्तों से पहुंच सकेंगे लोग?
ट्रैफिक एडवाइजरी के अनुसार, नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे और यमुना एक्सप्रेसवे से एक्सपो मार्ट आने वाले वाहन गलगोटिया कट से उतरकर एक्सपो मार्ट गोलचक्कर होते हुए नासा गोलचक्कर पर बनाई गई पार्किंग में पहुंचेंगे। यहां करीब 10 हजार हल्के वाहनों और 200 बसों की पार्किंग की व्यवस्था की गई है। वाहन पार्क करने के बाद आगंतुक पैदल रास्ते से एक्सपो मार्ट के गेट नंबर 1, 2, 3 और 4 से कार्यक्रम स्थल में प्रवेश कर सकेंगे। वहीं, सूरजपुर और परी चौक की ओर से आने वाले वाहन एलजी गोलचक्कर से शारदा गोलचक्कर होते हुए नासा गोलचक्कर पार्किंग तक पहुंच सकेंगे। इसके अलावा नॉलेज पार्क और परी चौक मेट्रो स्टेशन से आने वाले लोगों को मेट्रो का इस्तेमाल करने और वहां से पैदल एक्सपो मार्ट पहुंचने की सलाह दी गई है।
दिल्ली, गाजियाबाद और नोएडा जाने के लिए वैकल्पिक रास्ते
पुलिस ने कार्यक्रम के दौरान दिल्ली, गाजियाबाद, नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट की ओर जाने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए हैं। दिल्ली और गाजियाबाद जाने वाले वाहन: नासा गोलचक्कर पार्किंग से निकलकर एलजी गोलचक्कर, साकीपुर गोलचक्कर, तिलपता गोलचक्कर और एकमूर्ति गोलचक्कर होते हुए इटेहड़ा से साहबेरी और किसान चौक की ओर जा सकेंगे। इसके अलावा एलजी गोलचक्कर से सूरजपुर कच्ची सड़क, बिसरख, हनुमान मंदिर और किसान चौक तिगरी होते हुए NH-24/09 का रास्ता भी इस्तेमाल किया जा सकता है। ग्रेटर नोएडा वेस्ट और नोएडा जाने वाले वाहन: नासा गोलचक्कर से एलजी गोलचक्कर, सूरजपुर, कुलेसरा, हल्दौनी और फेस-2 होते हुए भंगेल एलिवेटेड रोड के रास्ते अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे। नोएडा और दिल्ली जाने का दूसरा रास्ता: वाहन नासा गोलचक्कर से एलजी गोलचक्कर और अल्फा कमर्शियल गोलचक्कर होते हुए अवध ग्रीन गोलचक्कर, डेल्टा-1 गोलचक्कर, पी-3 गोलचक्कर और आईएफएस विला गोलचक्कर से नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे तक पहुंच सकेंगे। इसके बाद जीरो प्वाइंट से अपने गंतव्य की ओर जा सकेंगे।
कार्यक्रम खत्म होने के बाद बसों के लिए भी अलग व्यवस्था
कार्यक्रम समाप्त होने के बाद आगंतुकों को लेकर जाने वाली बसों के लिए भी अलग व्यवस्था की गई है। बसें नासा पार्किंग के निकास द्वार से निकलकर एक्सपो मार्ट के गेट नंबर 3 के सामने मुख्य मार्ग पर बनाए गए बस बॉक्स और शेल्टर तक पहुंचेंगी। यहां से यात्रियों को बसों में बैठाकर एक्सपो मार्ट गोलचक्कर के रास्ते उनके गंतव्य की ओर रवाना किया जाएगा। ऐसे में दिल्ली और नोएडा से गुजरने वाले वाहन चालकों को सलाह दी गई है कि वे यात्रा पर निकलने से पहले ट्रैफिक एडवाइजरी जरूर देख लें और जाम से बचने के लिए निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें।
यह भी पढ़े- पाकिस्तान के सेना प्रमुख आसिम मुनीर ने मलेशिया के PM अनवर इब्राहिम से की मुलाकात, रक्षा सहयोग पर हुई चर्चा








