Asim Munir Malaysia Visit: पाकिस्तान के सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर ने मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम से मुलाकात की है। यह मुलाकात मलेशिया की राजधानी पुत्राजया में हुई। पाकिस्तान के सैन्य जनसंपर्क विभाग (ISPR) के मुताबिक, इस दौरान दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय संबंधों, रक्षा और सुरक्षा सहयोग के साथ क्षेत्रीय और वैश्विक सुरक्षा स्थिति पर चर्चा हुई। दोनों पक्षों ने आपसी सहयोग बढ़ाने और क्षेत्र में शांति एवं स्थिरता बनाए रखने के लिए लगातार संपर्क में रहने पर भी जोर दिया।
Asim Munir Malaysia Visit: पुत्राजया में हुई दोनों नेताओं की मुलाकात
पाकिस्तानी सेना के जनसंपर्क विभाग (ISPR) के अनुसार, फील्ड मार्शल आसिम मुनीर मलेशिया के दौरे पर हैं। इस दौरान उन्होंने राजधानी पुत्राजया में प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम से मुलाकात की। BBC उर्दू की रिपोर्ट के मुताबिक, बैठक में पाकिस्तान और मलेशिया के बीच लंबे समय से चले आ रहे संबंधों को और मजबूत बनाने पर बातचीत हुई। इसके अलावा दोनों देशों के आपसी हितों से जुड़े मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
Asim Munir Malaysia Visit: रक्षा और सुरक्षा सहयोग बढ़ाने पर जोर
बैठक के दौरान दोनों नेताओं ने रक्षा और सुरक्षा के क्षेत्र में आपसी सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की। ISPR के बयान के मुताबिक, दोनों पक्षों ने क्षेत्रीय और वैश्विक स्तर पर बदलती सुरक्षा परिस्थितियों पर भी अपने विचार साझा किए। दोनों नेताओं ने इस बात पर जोर दिया कि क्षेत्र में शांति, स्थिरता और सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए लगातार बातचीत और संपर्क बनाए रखना जरूरी है।
अनवर इब्राहिम ने की पाकिस्तान के साथ रिश्तों की तारीफ
मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने आसिम मुनीर का गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्होंने पाकिस्तान और मलेशिया के बीच लंबे समय से चले आ रहे दोस्ताना संबंधों, आपसी विश्वास और सहयोग की सराहना की। इसके साथ ही अनवर इब्राहिम ने रक्षा और सुरक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में दोनों देशों के रिश्तों को और मजबूत करने की मलेशिया की प्रतिबद्धता दोहराई।
आसिम मुनीर ने मलेशिया की भूमिका को सराहा
ISPR के मुताबिक, आसिम मुनीर ने दक्षिण-पूर्व एशिया में शांति और स्थिरता को बढ़ावा देने में मलेशिया की भूमिका की तारीफ की।उन्होंने दोनों देशों की सेनाओं के बीच रक्षा सहयोग और संस्थागत संपर्क बढ़ाने की पाकिस्तान की प्रतिबद्धता भी जताई।
उच्चस्तरीय दौरों और सैन्य सहयोग को बढ़ाने पर सहमति
बैठक के दौरान दोनों पक्षों ने उच्चस्तरीय दौरों को नियमित बनाए रखने और सैन्य सहयोग को आगे बढ़ाने पर सहमति जताई। इसके अलावा क्षेत्रीय और वैश्विक सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर लगातार बातचीत जारी रखने पर भी जोर दिया गया। इस मुलाकात को पाकिस्तान और मलेशिया के बीच रक्षा, सुरक्षा और कूटनीतिक संबंधों को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।
यह भी पढ़े- 15 ओवर बाकी रहते भारत ने क्यों स्वीकार किया न्यूजीलैंड से ड्रॉ? 5 विकेट लेने में नाकाम रहे भारतीय गेंदबाज








