ख़बर का असर

Home » Editorial » सिंहावलोकन 2025: वो साल जब दुनिया थम गई, और इतिहास ने ली करवट

सिंहावलोकन 2025: वो साल जब दुनिया थम गई, और इतिहास ने ली करवट

साल 2025 दुनिया के लिए घटनाओं, टकरावों और बड़े बदलावों का गवाह बनकर विदा हो रहा है। यह साल कहीं आतंक और युद्ध की त्रासदी लेकर आया, तो कहीं सत्ता परिवर्तन, कूटनीति और इतिहास रचने वाले फैसलों का साक्षी बना। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत का ऑपरेशन सिंदूर, ईरान-इजरायल युद्ध में अमेरिका की सीधी भूमिका, और अहमदाबाद का भयावह विमान हादसा इन घटनाओं ने पूरी दुनिया को झकझोर दिया।
Global Headlines 2025:

Global Headlines 2025: साल 2025 अब खत्म होने वाला है। 2025 का ये आखिरी महीना चल रहा है और इस साल कई अच्छी और बुरी घटनाएं हमें देखने को मिलीं। कुछ घटनाएं हमारी आंखों को नम कर गईं, तो कुछ घटनाएं दिलों को खुशियों से भर गईं। ऐसे में जानते हैं दुनिया की कुछ ऐसी घटनाएं, जिन्होंने खूब सुर्खियां बटोरीं।

पहलगाम हमले के बाद भारत का पलटवार

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में अप्रैल 2025 में आतंकियों ने घुसकर पर्यटकों से उनका धर्म पूछकर उनकी हत्या कर दी। इस घटना में करीब 26 लोग मारे गए। इसके बाद कार्रवाई करते हुए भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ ऑपरेशन सिंदूर अभियान चलाया और मई 2025 में पाकिस्तान में स्थित आतंक के 9 ठिकानों को तबाह कर दिया।

Global Headlines 2025: ट्रंप के करीबी चार्ली किर्क की गोली मारकर हत्या

ट्रंप के करीबी रहे चार्ली किर्क की एक कार्यक्रम के दौरान गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना ने सबको अंदर तक हिलाकर रख दिया। चार्ली अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बेहद करीबी थे, इसके साथ ही युवाओं में उनकी काफी लोकप्रियता थी।

Global Headlines 2025: अमेरिका का सबसे लंबा शटडाउन

अमेरिका में शटडाउन भी इस साल चर्चा का विषय रहा। लगभग 43 दिनों तक अमेरिका में शटडाउन जारी था और इस दौरान सरकारी कामकाज ठप्प हो गए थे। इसका असर हवाई सेवा पर भी देखने को मिला। यह अमेरिका का अब तक का सबसे लंबा शटडाउन था। इससे पहले भी राष्ट्रपति ट्रंप के समय में ही सबसे लंबा शटडाउन चला था।

Global Headlines 2025: ईरान-इजरायल जंग ने लिया खतरनाक मोड़

इस साल इजरायल और ईरान के बीच भीषण युद्ध देखने को मिला, जिसमें अमेरिका ने भी इजरायल का साथ दिया। जून 2025 में, इजरायल ने ऑपरेशन ‘राइजिंग लायन’ शुरू किया और अमेरिका की मदद से ईरान के न्यूक्लियर और मिसाइल के ठिकानों पर तबाही मचा दी। जवाब में, ईरान ने इजरायली मिलिट्री जगहों पर बड़ी मिसाइलों से हमला किया। इजरायल और अमेरिका के हमले में ना केवल ईरान का न्यूक्लियर ठिकाना तबाह हुआ, बल्कि उसके न्यूक्लियर वैज्ञानिक भी मारे गए। इस घटना के बाद, आम लोगों की मौत, साइबर अटैक, और एयर ट्रैफिक और तेल मार्केट में रुकावट ने वैश्विक खबरों में अपनी जगह बना ली।

इतिहास के पहले अमेरिकी पोप चुने गए

इतिहास में पहले अमेरिकी पोप, पोप लियो एक्सआईवी, रॉबर्ट फ्रांसिस प्रेवोस्ट, इस साल 8 मई को चुने गए। उन्हें पोप फ्रांसिस की मृत्यु के बाद चुना गया था। 21 अप्रैल 2025 को पोप फ्रांसिस की मौत के बाद, कार्डिनल्स ने उनके उत्तराधिकारी को चुनने के लिए 7-8 मई को कॉन्क्लेव में मीटिंग की। चौथे बैलेट पर, उन्होंने बिशपों के लिए डिकास्टरी के हेड, अमेरिका में जन्मे कार्डिनल रॉबर्ट फ्रांसिस प्रीवोस्ट को चुना, जिन्होंने पोप लियो एक्सआईवी नाम लिया।

Global Headlines 2025: अहमदाबाद विमान हादसे में 270 मौतें

इस साल गुजरात के अहमदाबाद में हुए दर्दनाक विमान हादसे ने सबके दिल को झकझोर कर रख दिया था। यह बेहद भयावह दुर्घटना थी, जिसमें एक शख्स को छोड़कर विमान में सवार सभी लोगों की मौत हो गई थी। इसके अलावा विमान जिस बिल्डिंग से टकराई, उसमें अस्पताल के हॉस्टल में खाना खा रहे कई डॉक्टरों की जिंदगी पर पूर्णविराम लग गया। इस घटना का मंजर बेहद डरावना था, जिसमें लगभग 270 लोगों की मौत हो गई। इनमें से 241 लोग विमान में सवार थे।

Global Headlines 2025: नेपाल में जेन Z का उभार

नेपाल का जेन जेड प्रोटेस्ट इस साल सुर्खियों में रहा। सोशल मीडिया पर बैन को लेकर शुरू हुआ यह विरोध प्रदर्शन देखते ही देखते हिंसा में बदल गया। जेन जेड के विरोध प्रदर्शन इस कदर भड़के कि नेपाल में केपी ओली की सरकार का तख्तापलट हो गया। युवाओं का यह गुस्सा बेरोजगारी और भ्रष्टाचार से जुड़ा था।

मस्क-ट्रंप की दोस्ती में दरार

इस साल एलन मस्क और डोनाल्ड ट्रंप भी एक खास वजह से काफी सुर्खियों में रहे। दरअसल, 2024 में अमेरिकी चुनाव के दौरान मस्क और ट्रंप की जुगलबंदी देखने को मिली। हालांकि, 2025 आते-आते इन दोनों की दोस्ती को नजर लग गई और मस्क और ट्रंप पूरी दुनिया के सामने एक-दूसरे से जुबानी जंग करते हुए नजर आए।

ट्रंप का टैरिफ बम, वैश्विक बाजार हिला

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने दूसरे कार्यकाल की शुरुआत के साथ ही टैरिफ बम फोड़ दिया। ट्रंप सरकार ने अमेरिका द्वारा आयातित सामान पर भारी शुल्क लगाने का ऐलान किया, जिसका वैश्विक बाजार पर गहरा असर पड़ा। इन टैरिफ के कारण वैश्विक व्यापार में तनाव बढ़ा, खासकर चीन और यूरोपीय देशों के साथ। समर्थक इसे अमेरिकी उद्योगों की सुरक्षा बताते हैं, जबकि आलोचकों के अनुसार इससे महंगाई और व्यापारिक टकराव बढ़े। भारत और चीन समेत तमाम देशों पर ट्रंप ने टैरिफ लागू किया।

थाईलैंड और कंबोडिया के बीच इस साल भी बढ़ा तनाव

थाईलैंड और कंबोडिया के बीच भी इस साल काफी तनाव देखने को मिला है। दोनों देशों के बीच भारी हमले के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति की मध्यस्थता में सुलह कराई गई, लेकिन कुछ ही महीनों के बाद एक बार फिर सीजफायर समझौता टूट गया।

शी–पुतिन–मोदी की बैठक पर दुनिया की नजर

एससीओ के मंच पर चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मुलाकात की चर्चा पूरी दुनिया में हो रही थी। खास तौर से अमेरिका की नजर इन महाशक्तियों के महामिलन पर थी।

पुतिन के भारत दौरे से वैश्विक हलचल

सबसे खास बात इस साल के आखिरी महीने यानी दिसंबर में भारत-रूस शिखर सम्मेलन ने पूरी दुनिया का ध्यान खींचा। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन दो दिवसीय दौरे पर भारत पहुंचे थे, जहां उनका भव्य स्वागत हुआ। इस दौरान, भारतीय पीएम मोदी और पुतिन के बीच कई मुद्दों पर बातचीत हुई। इस सम्मेलन पर यूरोप, अमेरिका और चीन समेत कई एशियाई देशों की नजर थीं, क्योंकि रूस-यूक्रेन युद्ध के बाद पहली बार पुतिन भारत पहुंचे थे, जो सुर्खियों में रहा।

5 1 vote
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments

Share this post:

खबरें और भी हैं...

Live Video

लाइव क्रिकट स्कोर

khabar india YouTube posterKhabar India YouTube

राशिफल