Bihar News: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में शनिवार को अपराधियों ने बेखौफ होकर दिनदहाड़े लूट की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। कांटी थाना क्षेत्र के कपरपुरा न्यू बाईपास ओवरब्रिज के पास हथियारबंद बदमाशों ने एक माइक्रोफाइनेंस कंपनी के कर्मचारी से 17 लाख रुपये लूट लिए।
कैसे दिया गया वारदात को अंजाम
जानकारी के अनुसार, स्पाइस मनी माइक्रोफाइनेंस कंपनी में कार्यरत विक्रम कुमार जमालाबाद से नकदी लेकर मुबारकपुर और कांटी स्थित कंपनी कार्यालय में जमा करने जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से अपाचे बाइक पर सवार दो अज्ञात बदमाशों ने उन्हें ओवरटेक कर रोक लिया।
Bihar News: पीड़ित कर्मचारी ने दी पुलिस को सूचना
लूट की घटना के तुरंत बाद विक्रम कुमार ने कांटी थाना पुलिस को इसकी जानकारी दी। पीड़ित के अनुसार, बदमाशों की संख्या दो थी और दोनों ने पूरी वारदात को बेहद योजनाबद्ध तरीके से अंजाम दिया। दिनदहाड़े हुई इस घटना ने पुलिस सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस जांच में जुटी, सीसीटीवी खंगाले जा रहे
घटना की सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ पश्चिमी (एक) सुचित्रा कुमारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। उन्होंने बताया कि कर्मचारी से 17 लाख रुपये की लूट की पुष्टि हुई है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है।
ये भी पढ़ें…पश्चिम बर्धमान में अवैध बालू ट्रक की टक्कर से बीजेपी कर्मी की मौत, इलाके में तनाव







