Nalanda News: नई सरकार के गठन के बाद प्रदेश में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में लगातार ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जनता दरबार व्यवस्था से प्रेरणा लेते हुए अब बिहार में भी आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए थानास्तर पर जनता दरबार का आयोजन शुरू किया गया है। गृहमंत्री सम्राट चौधरी के दिशा-निर्देश पर सुरक्षा व्यवस्था की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है। इसी क्रम में पटना मुख्यालय के आदेश पर सभी जिलों में सप्ताह में दो बार थानास्तर पर जनता दरबार आयोजित किया जाएगा। इस पहल की शुरुआत बिहार शरीफ सदर क्षेत्र के लहेरी थाना से की गई।
जनता दरबार का आयोजन
दरअसल, आज सोमवार को लहेरी थाना परिसर में पुलिस अधीक्षक भारत सोनी की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन हुआ। जनता दरबार के दौरान पुलिस अधीक्षक ने आम नागरिकों से सीधे संवाद किया, उनकी समस्याएं सुनीं और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर फीडबैक लिया।
Nalanda News: पुलिस और जनता का सीधा जुड़ाव
पुलिस अधीक्षक भारत सोनी ने बताया कि जनता दरबार व्यवस्था का उद्देश्य जनता की समस्याओं का त्वरित और पारदर्शी समाधान सुनिश्चित करना है। यदि किसी शिकायत का संबंध अन्य विभागों से होता है, तो संबंधित विभाग के अधिकारियों को मौके पर बुलाकर समस्या का समाधान कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता का सीधा जुड़ाव होता है और जनता दरबार जैसी पहल से दोनों के बीच विश्वास और मजबूत होगा। पुलिस लगातार जनता के बीच रहकर हर संभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है। जनता दरबार के इस कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक नुरुल हक, लहेरी थानाध्यक्ष रंजीत कुमार रजक सहित कई पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे।
Report By: ऋषिकेश
ये भी पढ़े… भवानीपुर में मानवता शर्मसार, बुजुर्ग पर अमानवीय हमला, हाथ-पैर तोड़, पेशाब कराने का आरोप







