New Delhi News: दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के टर्मिनल – 1 से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। एयर इंडिया एक्सप्रेस की एक उड़ान से यात्रा करने वाले यात्री ने एयरलाइन के पायलट पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि न सिर्फ उसके साथ बदसलूकी की गई, बल्कि उस पर शारीरिक हमला भी किया गया। यात्री का कहना है कि यह पूरी घटना उसके परिवार और उसकी 7 साल की बेटी के सामने हुई, जिसके बाद पूरा परिवार दहशत में आ गया।यात्री ने दावा किया कि पहले सुरक्षा जांच और बोर्डिंग से जुड़ी प्रक्रिया के दौरान कहा-सुनी हुई, जिसके बाद मामला बढ़ गया। उसका कहना है कि अचानक गुस्से में आए पायलट ने उस पर हाथ उठा दिया और उसे धक्का देकर मारा, जिससे वह घायल हो गया। यात्री का आरोप है कि झगड़े के बाद उसकी शर्ट पर खून के निशान थे और उसका पूरा परिवार डर के माहौल में आ गया। सोशल मीडिया पर सामने आई तस्वीरों और वीडियो के बाद यह मामला तेजी से चर्चा में आ गया।पीड़ित ने कहा कि इस घटना के बाद उसकी छुट्टियां पूरी तरह खराब हो गईं। सबसे बड़ी बात यह कि उसकी 7 साल की बेटी ने अपने पिता को इस हालत में देखा और तब से वह सदमे में है। परिवार का कहना है कि जिस एयरलाइन पर उन्होंने भरोसा कर सफर चुना, वहीं उनके साथ इस तरह का व्यवहार होना बेहद दुखद और अपमानजनक है।
New Delhi News: एयर इंडिया एक्सप्रेस का बयान – तुरंत कार्रवाई, पायलट ड्यूटी से हटाया गया
मामला सुर्खियों में आने के बाद एयर इंडिया एक्सप्रेस ने आधिकारिक बयान जारी किया है। एयरलाइन ने पुष्टि की है कि घटना की जानकारी मिलते ही आरोपी पायलट को तत्काल प्रभाव से सभी आधिकारिक जिम्मेदारियों और ड्यूटी से हटा दिया गया है। साथ ही पूरे मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।
एयरलाइन ने कहा कि वह किसी भी कर्मचारी द्वारा यात्रियों के साथ गलत व्यवहार को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करती और अगर जांच में दोष साबित होता है तो अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया कि यात्रियों की सुरक्षा, सम्मान और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है और जिम्मेदारी के साथ काम करना हर कर्मचारी का कर्तव्य है।
New Delhi News:जांच के बाद होगी सख्त कार्रवाई
एयरलाइन ने यह भी कहा है कि जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर सख्त कदम उठाए जाएंगे। वहीं सोशल मीडिया पर इस घटना को लेकर बहस जारी है — लोग सवाल उठा रहे हैं कि अगर यात्रियों के साथ इस तरह का व्यवहार किया जाएगा तो आम लोग हवाई यात्रा पर कैसे भरोसा करेंगे?
फिलहाल मामला जांच के अधीन है और एयरलाइन इस घटना को गंभीरता से देख रही है।
ये भी पढ़े: कड़ाके की ठंड में जनता दर्शन में ठगी का खुलासा, सीएम योगी ने दिए कड़े निर्देश







