Saharanpur News: सहारनपुर जिले में कथित फर्जी हकीमों और बिना मान्यता के इलाज करने वाले चिकित्सकों का जाल लगातार फैलता जा रहा है, जिससे आम लोगों की सेहत पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है। इसी कड़ी में जनशिकायतों के आधार पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने नकुड़ क्षेत्र के खेड़ा अफगान गांव में स्थित एक आयुर्वेदिक चिकित्सालय पर छापेमारी कर जांच की, जिससे पूरे कस्बे में हड़कंप मच गया।
आयुर्वेदिक चिकित्सक पर गंभीर आरोप
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सहारनपुर से पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम ने आयुर्वेदिक चिकित्सालय संचालक से उनकी शैक्षणिक और चिकित्सकीय डिग्रियों के संबंध में दस्तावेज मांगे। टीम ने चिकित्सक को नोटिस जारी करते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी आवश्यक प्रमाण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई लगातार मिल रही जनशिकायतों के आधार पर की गई है और जांच पूरी होने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Saharanpur News: लोगों की जान के साथ खिलवाड़
इस मामले में एक स्थानीय महिला नेत्री ने आयुर्वेदिक चिकित्सक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि संबंधित चिकित्सक के पास कोई मान्य डिग्री नहीं है और वह फर्जी तरीके से इलाज कर लोगों की जान के साथ खिलवाड़ कर रहा है। महिला नेत्री ने आरोप लगाया कि ऐसे झोलाछाप चिकित्सकों के कारण क्षेत्र में मरीजों की जान हमेशा खतरे में रहती है और प्रशासन को सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। वहीं, आयुर्वेदिक चिकित्सालय के संचालक हकीम मास्टर राशिद ने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए महिला नेत्री और उनके साथियों पर ब्लैकमेलिंग, धमकी देने और जबरन दुकान बंद कराने का आरोप लगाया है। मास्टर राशिद का कहना है कि वे वर्षों से आयुर्वेदिक पद्धति से इलाज कर रहे हैं और उनकी दवाओं से न केवल स्थानीय लोगों बल्कि दूर-दराज से आने वाले मरीजों को भी लाभ मिल रहा है।
मास्टर राशिद ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि उनकी बढ़ती लोकप्रियता और कामकाज में हो रही तरक्की से कुछ लोग नाराज हैं, जिसके चलते गांव के कुछ व्यक्ति और स्थानीय संगठनों से जुड़े लोग उन्हें लगातार निशाना बना रहे हैं और झूठी शिकायतें करवा रहे हैं। फिलहाल स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी नोटिस के बाद अब सभी की निगाहें जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं। प्रशासन का कहना है कि यदि चिकित्सक के दस्तावेज सही पाए जाते हैं तो उन्हें राहत मिलेगी, वहीं अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Report By: दीपक तिवारी
ये भी पढ़े… सनक या नशा? मुजफ्फरनगर के युवक ने निगलीं 3 सुइयां, जिंदगी बचाने की जद्दोजहद शुरू







