Meerut News: मेरठ के आबूलेन मार्केट में रविवार शाम एक महिला दरोगा द्वारा कार में बैठे दंपती के साथ अभद्रता और मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद पुलिस विभाग ने कड़ा संज्ञान लेते हुए महिला दरोगा को लाइन हाजिर कर विभागीय जांच के आदेश दे दिए।
अब पढ़े क्या है मामला?
यह घटना रविवार शाम करीब 7 बजे सदर बाजार थाना क्षेत्र के आबूलेन इलाके की बताई जा रही है। हालांकि, इसका वीडियो सोमवार शाम सामने आया। जांच में सामने आया कि आरोपी महिला दरोगा रत्ना राठी अलीगढ़ के महुआ थाना क्षेत्र में तैनात हैं। मेरठ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) डॉ. विपिन ताडा ने मामले की प्रारंभिक जांच कर रिपोर्ट अलीगढ़ SSP को भेजी, जिसके बाद दरोगा के खिलाफ कार्रवाई की गई।
Meerut News: शॉपिंग करते पकड़ी गईं महिला दरोगा
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि महिला दरोगा सरकारी कार्य का हवाला देकर मुजफ्फरनगर गई थीं, लेकिन इसके बजाय वह अपने दोस्तों के साथ मेरठ के आबूलेन मार्केट में शॉपिंग करने पहुंच गईं। इसी दौरान उनकी कार ट्रैफिक जाम में फंस गई। जाम के दौरान महिला दरोगा की कार के आगे एक अन्य वाहन खड़ा था। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि दरोगा ने पहले कार में बैठे-बैठे गाली-गलौज की और फिर वाहन से उतरकर कार सवार दंपती के साथ अभद्र व्यवहार किया।
गाली-गलौज और मारपीट का आरोप
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला दरोगा ने सामने खड़ी कार का दरवाजा खोलकर युवक से बदसलूकी शुरू कर दी। इस दौरान उन्होंने पुलिस की वर्दी का रौब दिखाते हुए धमकी दी और आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया। जब युवक के साथ बैठी महिला ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो उसके साथ भी अभद्रता की गई। विवाद बढ़ने पर महिला दरोगा द्वारा मारपीट और बेल्ट से पीटने की धमकी देने का भी आरोप है। सड़क पर हंगामा होता देख वहां भीड़ जमा हो गई। कुछ लोगों ने महिला दरोगा को समझाने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने राहगीरों के साथ भी दुर्व्यवहार किया।
Meerut News: पहले से दर्ज हैं 14 चालान
जानकारी के मुताबिक, जिस आई-20 कार में महिला दरोगा सवार थीं, उस पर पहले से 14 चालान दर्ज हैं, जिनकी कुल राशि 43,782 रुपये बताई जा रही है। फिलहाल, पुलिस विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए महिला दरोगा को लाइन हाजिर कर दिया है। साथ ही पूरे घटनाक्रम की विभागीय जांच शुरू कर दी गई है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।






