Aurangabad News: औरंगाबाद जिले के नवीनगर प्रखंड से शिक्षा व्यवस्था को शर्मसार करने वाली एक गंभीर घटना सामने आई है। चरण उच्च विद्यालय में बच्चों के सामने ही एक सहायक शिक्षक की जूते से पिटाई किए जाने का आरोप लगा है। इस घटना के बाद विद्यालय परिसर में हड़कंप मच गया है और शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं।
पहले जानें क्या है मामला…
घटना में औरंगाबाद शहर के कर्मा रोड निवासी सहायक शिक्षक गयासुद्दीन गंभीर रूप से घायल हो गए। पीड़ित शिक्षक ने विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक धर्मराज कुमार और क्लर्क अमिताभ कुमार सिंह ‘अमर’ पर मारपीट का आरोप लगाया है। इस संबंध में उन्होंने जिला शिक्षा पदाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है।
Aurangabad News: बहस बढ़ते-बढ़ते मारपीट में बदली
पीड़ित शिक्षक का आरोप है कि वह मंगलवार को रोज़ की तरह समय पर विद्यालय पहुंचे थे। उस समय प्रभारी प्रधानाध्यापक शिक्षकों की उपस्थिति अराइवल और डिपार्चर रजिस्टर में दर्ज कर रहे थे। शिक्षक का कहना है कि उन्होंने प्रधानाध्यापक पर आरोप लगाया कि वे अपने चहेते शिक्षकों को देर से आने के बावजूद समय पर उपस्थित दर्शाते हैं। इसी बात पर आपत्ति जताने से प्रधानाध्यापक नाराज़ हो गए और अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया। आरोप के अनुसार, बहस बढ़ते-बढ़ते मारपीट में बदल गई और प्रधानाध्यापक ने जूता निकालकर शिक्षक पर हमला कर दिया। यह पूरी घटना बच्चों और अन्य शिक्षकों के सामने हुई, जिससे विद्यालय में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बाद में अन्य शिक्षकों ने हस्तक्षेप कर मामले को शांत कराया।
घटना के बाद घायल शिक्षक ने विद्यालय से स्थानांतरण की मांग की है। उनका कहना है कि भय और तनाव के इस माहौल में बच्चों को पढ़ाना संभव नहीं है। उन्होंने प्रधानाध्यापक और क्लर्क से जान का खतरा बताते हुए सुरक्षा की भी मांग की है। वहीं, प्रभारी प्रधानाध्यापक धर्मराज कुमार ने सभी आरोपों को खारिज किया है। उनका कहना है कि सहायक शिक्षक लगातार चार दिनों से विद्यालय देर से आ रहे थे और उपस्थिति रजिस्टर में गलत समय भर रहे थे। समय पालन को लेकर कहने पर शिक्षक ने ही हाथापाई शुरू कर दी। प्रधानाध्यापक के अनुसार, पूरे मामले की जानकारी वरीय अधिकारियों को दे दी गई है। फिलहाल, मामला शिक्षा विभाग और प्रशासन के संज्ञान में है। अब देखना यह होगा कि इस गंभीर आरोप पर विभाग और जिला प्रशासन क्या कार्रवाई करता है।
Report BY: धीरेन्द्र पाण्डेय
ये भी पढ़े… दर्दनाक सड़क हादसे में सेक्शन ऑफिसर की मौत के बाद मचा हड़कंप







