Home » उत्तर प्रदेश » नशे में धुत गेट मैन ने अमेठी में रेलवे फाटक पर कर दिया ये कांड़, वीडियो जमकर वायरल

नशे में धुत गेट मैन ने अमेठी में रेलवे फाटक पर कर दिया ये कांड़, वीडियो जमकर वायरल

Amethi News

Amethi News: अमेठी जिले के जगदीशपुर क्षेत्र के बड़े गांव स्थित रेलवे क्रॉसिंग पर रेलवे प्रशासन की गंभीर लापरवाही सामने आई है। जानकारी के अनुसार, क्रॉसिंग पर तैनात गेट मैन ड्यूटी के दौरान नशे की हालत में पाया गया, जिसके कारण रेलवे फाटक घंटों तक बंद रहा। इस घटना से कड़ाके की ठंड में गुजर रहे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

लोगों की लगी लंबी कतारें

स्थानीय लोगों ने बताया कि गेट मैन ने फाटक बंद करने के बाद उसे खोलना ही भूल गया। परिणामस्वरूप रेलवे क्रॉसिंग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। छोटे बच्चे, बुजुर्ग और दुपहिया वाहन सवार ठंड में घंटों तक फाटक खुलने का इंतजार करते रहे। काफी देर तक फाटक न खुलने पर कुछ स्थानीय लोगों ने मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लिया, जहाँ गेट मैन नशे की हालत में पाया गया। लोगों ने घटना का वीडियो मोबाइल में रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिससे रेलवे प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे।

रेलवे प्रशासन पर बढ़ा दबाव, कार्रवाई की मांग

स्थानीय लोगों ने स्टेशन मास्टर से शिकायत कर गेट मैन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बाद रेलवे प्रशासन ने मामले की जांच और आवश्यक कार्रवाई की उम्मीद जताई है। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि मामले की त्वरित जांच की जाएगी और जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। स्थानीय लोगों का कहना है कि ठंड के मौसम में इस तरह की लापरवाही से सामान्य जीवन प्रभावित होता है। उन्होंने रेलवे प्रशासन से यह सुनिश्चित करने की भी मांग की है कि क्रॉसिंग पर तैनात कर्मचारियों की ड्यूटी पूरी तरह से निगरानी में रहे।

Report By: अंजनी मिश्रा

ये भी पढ़े… योगी सरकार का बुलडोजर एक्शन, 50 साल पुरानी देवरिया की अवैध मजार को किया 6 घंटे में जमींदोज