Manoj tiwari: भाजपा सांसद, गायक और अभिनेता मनोज तिवारी के मुंबई स्थित आवास में चोरी का मामला सामने आया है। हैरानी की बात यह है कि चोरी किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि उनके ही पूर्व कर्मचारी ने की। चोरी की कुल रकम करीब 5.40 लाख रुपये बताई जा रही है। घटना अंधेरी वेस्ट के शास्त्री नगर स्थित सुंदरबन अपार्टमेंट की है।
जून 2025 में हुई पहली चोरी, आरोपी तब पकड़ में नहीं आया
अंबोली पुलिस के मुताबिक, जून 2025 में मनोज तिवारी के बेडरूम की अलमारी से करीब 4.40 लाख रुपये चोरी हो गए थे। उस समय चोरी करने वाले की पहचान नहीं हो सकी थी। घर में जबरन घुसपैठ के कोई निशान नहीं मिलने से पुलिस और परिवार दोनों के लिए मामला संदिग्ध बना हुआ था।
Manoj tiwari: सीसीटीवी लगाने के बाद खुला राज
मनोज तिवारी के मैनेजर प्रमोद जोगेंद्र पांडे, जो पिछले 20 वर्षों से उनके साथ काम कर रहे हैं, को शक था कि चोरी किसी करीबी व्यक्ति ने की है। इसी शक के चलते दिसंबर 2025 में घर में गुप्त रूप से सीसीटीवी कैमरे लगाए गए।
Manoj tiwari: 15 जनवरी 2026 को रंगे हाथ पकड़ा गया आरोपी
15 जनवरी 2026 की रात करीब 9 बजे सीसीटीवी अलर्ट में मनोज तिवारी के पूर्व कर्मचारी सुरेंद्र कुमार शर्मा को घर में चोरी करते हुए देखा गया। फुटेज में साफ नजर आया कि सुरेंद्र के पास घर, बेडरूम और अलमारी की डुप्लीकेट चाबियां थीं। उसी रात उसने 1 लाख रुपये चोरी किए।
आरोपी ने जुर्म कबूला, पुलिस जांच जारी
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने सुरेंद्र कुमार शर्मा को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि उसने मनोज तिवारी के घर में काम करने के दौरान चोरी की योजना बनाई थी और चाबियों की मदद से दोनों घटनाओं को अंजाम दिया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज जब्त कर ली है और मामले की आगे की जांच जारी है।
यह भी पढे़ : छत्तीसगढ़: बीजापुर मुठभेड़ में 6 माओवादी ढेर, भारी मात्रा में हथियार बरामद







